2 अक्टूबर को दिल्ली में 6 घंटे लागू रहेगा डायवर्जन, राजघाट-रिंग रोड की तरफ जाने वाले पढ़ें ट्रैफिक एडवाइजरी
गांधी जयंती और लाल बहादुर शास्त्री जयंती के अवसर पर दिल्ली में शुक्रवार को राजघाट और विजय घाट पर कार्यक्रमों ...और पढ़ें

ट्रैफिक जाम से बचने के लिए देख लें एडवाइजरी।
HighLights
गांधी जयंती पर राजघाट और विजय घाट पर कार्यक्रम।
शुक्रवार सुबह 5 से 11 बजे तक यातायात प्रभावित रहेगा।
यात्रियों को वैकल्पिक मार्ग और मेट्रो उपयोग की सलाह।
जागरण संवाददाता, नई दिल्ली। गांधी जयंती और पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय लाल बहादुर शास्त्री की 122वीं जयंती के अवसर पर शुक्रवार को राजघाट और विजय घाट पर कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इन कार्यक्रमों में बड़ी संख्या में गणमान्य व्यक्ति, आमंत्रित अतिथि और आम लोगों के पहुंचने की संभावना को देखते हुए दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने विशेष यातायात व्यवस्था की है।
सुरक्षा और यातायात संचालन के मद्देनजर शुक्रवार सुबह पांच बजे से 11 बजे तक जरूरत के अनुसार कई मार्गों पर यातायात को नियंत्रित या डायवर्ट किया जा सकता है।
इन मार्गों पर डायवर्ट रहेगा ट्रैफिक
ट्रैफिक पुलिस के मुताबिक, आइटीओ चौक, दिल्ली गेट, गुरु नानक चौक, शांतिवन चौक, राजघाट डीटीसी डिपो, आइपी फ्लाईओवर, सलीमगढ़ वाई-प्वाइंट, सलीमगढ़ बाईपास कट, राजा राम कोहली मार्ग पर आइएसबीटी कश्मीरी गेट की ओर जाने वाले लूप, सलीमगढ़ फ्लाईओवर के नीचे, सुभाष मार्ग टी-प्वाइंट और निषाद राज मार्ग स्थित सुनहरी मस्जिद कट पर आवश्यकता के अनुसार यातायात को रेगुलेट या डायवर्ट किया जाएगा।
इन मार्गों पर प्रभावित रहेगा यातायात
इस दौरान रिंग रोड पर राजघाट से सलीमगढ़ वाई-प्वाइंट और आइएसबीटी कश्मीरी गेट की ओर जाने वाला यातायात प्रभावित हो सकता है। इसके अलावा निषाद राज मार्ग, राजा राम कोहली मार्ग, बीएसजेड मार्ग, शांतिवन चौक से आइपी फ्लाईओवर, आसफ अली रोड, गुरु नानक चौक से रंजीत सिंह फ्लाईओवर और राजघाट डीटीसी डिपो से रिंग रोड बाईपास तक यातायात पर असर पड़ने की संभावना है।
ट्रैफिक पुलिस ने यात्रियों से अपील की है कि वे यात्रा के लिए अतिरिक्त समय लेकर निकलें और प्रभावित मार्गों से यथासंभव बचें। वाहन चालकों को वैकल्पिक मार्ग अपनाने, सड़क किनारे वाहन खड़ा नहीं करने और निर्धारित पार्किंग स्थलों का इस्तेमाल करने की सलाह दी गई है।
यात्रियों से सार्वजनिक परिवहन, विशेषकर मेट्रो का अधिक इस्तेमाल करने और ड्यूटी पर तैनात यातायात पुलिसकर्मियों के निर्देशों का पालन करने को कहा गया है।
यह भी पढ़ें- अब AI संभालेगा दिल्ली का ट्रैफिक, जाम में नहीं फंसेंगे दिल्लीवाले; 24 महीने में लागू होगा नया सिस्टम
