आज भी दिल्ली में लागू रहेगा ट्रैफिक डायवर्जन, 30 रास्तों से बनाएं दूरी; SIR के खिलाफ कांग्रेस करेगी प्रदर्शन
कांग्रेस के एसआईआर विरोधी प्रदर्शन के कारण सोमवार को नई दिल्ली और मध्य दिल्ली में यातायात प्रभावित रहेगा। दिल्ली ट्रैफिक ...और पढ़ें

दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने सोमवार को 30 प्रमुख चौराहों और मार्गों पर यातायात नियंत्रित करने और जरूरत के अनुसार डायवर्जन लागू करने की तैयारी की है।
HighLights
कांग्रेस के एसआईआर विरोधी प्रदर्शन से दिल्ली में यातायात प्रभावित।
नई दिल्ली, मध्य दिल्ली के 30 प्रमुख मार्ग बाधित रहेंगे।
यात्रियों को पहले से यात्रा की योजना बनाने की सलाह।
जागरण संवाददाता, नई दिल्ली। दिल्ली में एसआईआर के खिलाफ कांग्रेस पार्टी के प्रस्तावित विरोध प्रदर्शन के चलते सोमवार को नई दिल्ली और मध्य दिल्ली के प्रमुख मार्गों पर यातायात प्रभावित रहने की आशंका है।
दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने 30 प्रमुख चौराहों और मार्गों पर यातायात नियंत्रित करने और जरूरत के अनुसार डायवर्जन लागू करने की तैयारी की है। ये प्रतिबंध 12 अक्टूबर को सुबह छह बजे से लागू होंगे।
प्रदर्शन के कारण दिल्ली के किन रास्तों में लागू हुआ ट्रैफिक डायवर्जन?
ट्रैफिक पुलिस ने वाहन चालकों से अपील की है कि वे यात्रा की योजना पहले से बनाएं और निर्धारित समय से पहले घर से निकलें। ट्रैफिक पुलिस की एडवाइजरी के मुताबिक निम्न मार्ग पर यातायात प्रभावित हो सकता है...
- शंकर रोड गोलचक्कर से वंदे मातरम टी-प्वाइंट
- धौला कुआं फ्लाईओवर
- झंडेवालान और पंचकुइयां गोलचक्कर
- मंडी हाउस
- मिंटो रोड
- गुरु नानक चौक
- चेम्सफोर्ड रोड
जरूरत पड़ती तो इन रास्तों में होगा बदलाव
भैरों रोड, लोधी रोड फ्लाईओवर, नीला गुंबद गोलचक्कर, मदरसा टी-प्वाइंट, सम्राट होटल गोलचक्कर, सरदार पटेल मार्ग-पंचशील मार्ग क्रासिंग और भीकाजी कामा प्लेस के नीचे भी यातायात नियंत्रित किया जा सकता है।
इन रास्तों से बचने की करें कोशिश
वहीं, अशोक रोड-जंतर मंतर रोड गोलचक्कर, विंडसर पैलेस गोलचक्कर, टाल्स्टाय मार्ग-जनपथ क्रासिंग, रेल भवन गोलचक्कर, जय सिंह रोड-संसद मार्ग क्राॅसिंग, बाराखंबा रोड टी-प्वाइंट, गोल डाकखाना, पटेल चौक, आरएमएल अस्पताल गोलचक्कर और कनाट प्लेस के आसपास भी वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ सकता है।
रेलवे स्टेशन और एयरपोर्ट जाने वाले रहें सतर्क
ट्रैफिक पुलिस ने नई दिल्ली और मध्य दिल्ली से होकर रेलवे स्टेशन, अंतरराज्यीय बस अड्डों (आइएसबीटी) और एयरपोर्ट जाने वाले यात्रियों को अतिरिक्त समय लेकर निकलने की सलाह दी है। लोगों से गैर-जरूरी यात्रा से बचने की अपील भी की गई है।
पुलिस के अनुसार, जमीनी हालात के आकलन के आधार पर यातायात प्रतिबंधों में बदलाव किया जा सकता है। यात्रियों को सलाह दी गई है कि वे घर से निकलने से पहले ट्रैफिक पुलिस की आधिकारिक एडवाइजरी और रियल-टाइम अपडेट जरूर देख लें।
