जंतर-मंतर की जगह 3 नए प्रदर्शन स्थलों पर भी मचा घमासान, भड़के दिल्ली के व्यापारी और RWA; खड़े किए सवाल
नए प्रदर्शन स्थलों जैसे रामलीला मैदान और सीबीडी ग्राउंड को लेकर व्यापारियों और नागरिकों में असहमति है। उनका मानना है ...और पढ़ें

तीन नई साइट को लेकर भी विरोध। फोटो: आर्काइव
HighLights
व्यापारी रामलीला मैदान को प्रदर्शन स्थल बनाने के खिलाफ
जाम और बैरिकेडिंग से व्यापार पर नकारात्मक असर की आशंका
नागरिकों और आरडब्ल्यूए ने भी नए स्थलों पर जताई चिंता
जागरण संवाददाता, नई दिल्ली। धरना-प्रदर्शन के लिए जंतर-मंतर के बजाय रामलीला मैदान, सीबीडी ग्राउंड और बुराड़ी मैदान को चिह्नित करने के प्रस्ताव पर भी नागरिकों और व्यापारियों के बीच सहमति नहीं बन पा रही है।
उनका कहना है कि प्रदर्शन स्थलों का चयन ऐसी जगह किया जाना चाहिए, जहां रिहायशी आबादी, व्यापारियों और नौकरीपेशा लोगों को परेशानी न हो। इसके लिए कम आवाजाही वाले स्थानों को प्राथमिकता देने की मांग की जा रही है।
रामलीला मैदान से कारोबार प्रभावित होने की आशंका
रामलीला मैदान को प्रदर्शन स्थल बनाने पर आसपास के कारोबार पर असर पड़ने की आशंका जताई जा रही है। यहां पास में कमला मार्केट समेत कई प्रमुख बाजार हैं।
दिल्ली व्यापार महासंघ के वरिष्ठ उपाध्यक्ष राजेंद्र कपूर ने कहा कि धरना-प्रदर्शन के दौरान जाम लगने से आम जनजीवन अस्त-व्यस्त हो जाता है। रामलीला मैदान में बार-बार प्रदर्शन होने से पूरे इलाके पर असर पड़ेगा।
उन्होंने सवाल उठाया कि मैदान में ट्रकों और बसों की पार्किंग होती है। ऐसे में प्रदर्शन के दौरान वाहनों की पार्किंग और सामान की आवाजाही कैसे होगी? चैंबर ऑफ ट्रेड एंड इंडस्ट्री (सीटीआई) ने भी जंतर-मंतर को प्रदर्शन स्थलों की सूची से हटाने के फैसले का स्वागत किया है।
हालांकि, संगठन ने रामलीला मैदान को भी इस सूची से बाहर रखने की मांग की है। सीटीआई के चेयरमैन बृजेश गोयल ने कहा कि रामलीला मैदान को प्रदर्शन स्थल बनाने का दिल्ली के व्यापार पर प्रतिकूल असर पड़ेगा।
पांच किलोमीटर के दायरे में प्रमुख बाजार
उन्होंने कहा कि रामलीला मैदान के पांच किलोमीटर के दायरे में दिल्ली-6 का प्रमुख व्यापारिक क्षेत्र है। इसमें कमला मार्केट, चावड़ी बाजार, नया बाजार, सदर बाजार, चांदनी चौक, खारी बावली, लाजपत राय मार्केट, भागीरथ प्लेस, कश्मीरी गेट, पहाड़गंज, अजमेरी गेट और दरियागंज जैसे बाजार शामिल हैं।
इन बाजारों से देश-विदेश में बड़े पैमाने पर कारोबार होता है। प्रदर्शन के दौरान बैरिकेडिंग और मेट्रो स्टेशन बंद होने जैसी स्थितियां पैदा हुईं तो व्यापार प्रभावित हो सकता है।
सीबीडी ग्राउंड पर भी नागरिकों को चिंता
पूर्वी दिल्ली के सीबीडी ग्राउंड को प्रदर्शन स्थल के रूप में चिह्नित करने पर भी स्थानीय नागरिकों ने चिंता जताई है। आरडब्ल्यूए संगठन से जुड़े वीएस वोहरा ने कहा कि आसपास व्यावसायिक और शैक्षणिक संस्थानों के साथ जिला अदालत भी है।
इलाके में पहले से ही यातायात का दबाव अधिक रहता है। ऐसे में यहां प्रदर्शन होने से आम लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ सकता है।
यह भी पढ़ें- सौरव दास और आशुतोष रांका पर FIR, दिल्ली पुलिस बाेली- रिहाई के एक दिन बाद ही किया पीस बॉन्ड का उल्लंघन
