रामलीला मैदान में कांग्रेस की महारैली पर व्यापारियों ने जताया ऐतराज, LG को पत्र लिख की बुकिंग रद्द करने की मांग
व्यापारियों ने दीपावली से पहले दिल्ली के रामलीला मैदान में कांग्रेस की प्रस्तावित महारैली का विरोध किया है। उन्होंने उपराज्यपाल ...और पढ़ें

कांग्रेस सांसद और लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी।
HighLights
व्यापारियों ने कांग्रेस की रामलीला मैदान रैली का विरोध किया।
दीपावली से पहले व्यापार और यातायात प्रभावित होने की आशंका।
रैली को शहर से बाहर स्थानांतरित करने की मांग की गई।
जागरण संवाददाता, नई दिल्ली। दीपावली के पहले एक नवंबर को रामलीला मैदान में कांग्रेस पार्टी की प्रस्तावित महारैली का व्यापारियों ने विरोध किया है तथा उसकी अनुमति निरस्त करने की मांग की है।
इसे लेकर दिल्ली व्यापार महासंघ ने उपराज्यपाल तरनजीत सिंह संधू, पुलिस आयुक्त अनुराग कुमार और एमसीडी आयुक्त संजीव खिरवार को पत्र लिखकर इस रैली की बुकिंग तत्काल रद्द करने की मांग की है।
व्यापारियों को हो सकता है नुकसान
महासंघ के अध्यक्ष देवराज बावेजा और वरिष्ठ उपाध्यक्ष राजेंद्र कपूर ने कहा कि यह समय दिल्ली के थोक व खुदरा कारोबार के लिए पूरे साल का सबसे महत्वपूर्ण दौर होता है। व्यापारियों का कहना है कि चांदनी चौक, सदर बाजार, खारी बावली और चावड़ी बाजार जैसे प्रमुख व्यापारिक क्षेत्र रामलीला मैदान के बेहद करीब हैं।
उनका कहना है कि इस दौरान बड़े पैमाने पर बैरिकेडिंग और यातायात डायवर्जन हुआ, तो दिल्ली का करीब 30 प्रतिशत थोक व्यापार बुरी तरह प्रभावित होगा।
ट्रैफिक के कारण यात्रियों और मरीजों को भी परेशानी
व्यापारियों का कहना है कि रामलीला मैदान के पास एलएनजेपी, जीबी पंत, मौलाना आजाद और गुरु नानक आइ सेंटर जैसे बड़े अस्पताल तथा नई दिल्ली रेलवे स्टेशन स्थित हैं। भारी भीड़ और जाम से मरीजों, एंबुलेंसों व यात्रियों को भी भारी परेशानी का सामना करना पड़ेगा।
कार्यक्रम स्थल के स्थानांतरित करने की अपील
महासंघ ने स्पष्ट किया कि वे लोकतांत्रिक अधिकारों का सम्मान करते हैं, लेकिन जनहित, जनसुरक्षा और व्यापारियों की आजीविका की कीमत पर ऐसे आयोजन को अनुमति नहीं दी जानी चाहिए। उन्होंने कार्यक्रम को शहर से बाहर किसी वैकल्पिक स्थान पर स्थानांतरित करने की अपील की है।
