दिल्ली में भारत-अफ्रीका और बिग कैट शिखर सम्मेलनों की मेजबानी, CM ने दिए तैयारियों के निर्देश
दिल्ली सरकार 28 मई से 1 जून 2026 तक दो बड़े अंतरराष्ट्रीय शिखर सम्मेलनों की मेजबानी करेगी, जिनमें भारत-अफ्रीका फोरम और इंटरनेशनल बिग कैट एलायंस समिट शामिल हैं।

दिल्ली सरकार 28 मई से 1 जून 2026 तक दो बड़े अंतरराष्ट्रीय शिखर सम्मेलनों की मेजबानी करेगी
HighLights
दिल्ली में दो बड़े अंतरराष्ट्रीय शिखर सम्मेलन होंगे।
भारत-अफ्रीका फोरम और बिग कैट एलायंस समिट।
सीएम ने स्वच्छता और व्यवस्थाओं के निर्देश दिए।
राज्य ब्यूरो, नई दिल्ली। दिल्ली सरकार आगामी 28 मई से 1 जून 2026 तक राष्ट्रीय राजधानी में दो बड़े अंतरराष्ट्रीय शिखर सम्मेलनों की मेजबानी करने जा रही है। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने हाल ही में इन आयोजनों की तैयारियों की समीक्षा के लिए एक उच्च स्तरीय बैठक की अध्यक्षता की है। इनमें चौथा भारत-अफ्रीका फोरम समिट 31 मई को आयोजित किया जाएगा।
अफ्रीकी संघ आयोग के सहयोग से होने वाले इस शिखर सम्मेलन का मुख्य उद्देश्य भारत और अफ्रीकी देशों के बीच रणनीतिक साझेदारी को मजबूत करना और आर्थिक व कूटनीतिक संबंधों को नई ऊंचाई देना है। अफ्रीकी संघ के साथ मिलकर आयोजित होने वाले इस समिट में अफ्रीकी देशों के राष्ट्राध्यक्षों के शामिल होने की उम्मीद है।
इसी तरह प्रथम इंटरनेशनल बिग कैट एलायंस समिट दुनिया में अपनी तरह का पहला आयोजन है, जो 28 मई से 1 जून के बीच होगा। इसका प्राथमिक उद्देश्य बाघ, शेर, और तेंदुए जैसी बड़ी बिल्ली प्रजातियों के संरक्षण के लिए वैश्विक सहयोग बढ़ाना और उनके अस्तित्व को सुरक्षित करने हेतु सामूहिक प्रयास करना है।
मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए हैं कि विदेशी मेहमानों की सुविधा के लिए दिल्ली के पर्यटन स्थलों और प्रमुख बाजारों में विशेष स्वच्छता अभियान चलाया जाए। इसके लिए 24×7 कंट्रोल रूम और नोडल अधिकारियों की नियुक्ति की गई है ताकि रियल-टाइम मॉनिटरिंग के जरिए आयोजन को सफल बनाया जा सके। ये दाेनों आयाेजन केंद्र सरकार के स्तर के हैं, मगर शहर की व्यवस्थाओं की जिम्मेदारी दिल्ली सरकार पर रहेगी।
