विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

राजधानी बनी 'स्पोर्ट्स कैपिटल': 35 से अधिक देशों के टेबल टेनिस खिलाड़ी दिखाएंगे दम, CM रेखा गुप्ता ने की खेल महाकुंभ की घोषणा

Published: Wed, 06 May 2026 11:57 PM (GMT+05:30)Updated: Thu, 07 May 2026 06:04 AM (GMT+05:30)

दिल्ली 27 जुलाई से 2 अगस्त 2026 तक 22वीं कामनवेल्थ टेबल टेनिस चैंपियनशिप की मेजबानी करेगा, जिसमें 35 से अधिक देशों के खिलाड़ी भाग लेंगे।

दिल्ली 27 जुलाई से 2 अगस्त 2026 तक 22वीं कामनवेल्थ टेबल टेनिस चैंपियनशिप की मेजबानी करेगा। इमेज एआई

दिल्ली 27 जुलाई से 2 अगस्त 2026 तक 22वीं कामनवेल्थ टेबल टेनिस चैंपियनशिप की मेजबानी करेगा। इमेज एआई

HighLights

  1. दिल्ली 2026 कामनवेल्थ टेबल टेनिस चैंपियनशिप की मेजबानी करेगा।

  2. 35 से अधिक देशों के खिलाड़ी इसमें भाग लेंगे।

  3. त्यागराज स्टेडियम में 27 जुलाई से 2 अगस्त तक आयोजन।

जागरण संवाददाता, नई दिल्ली। राजधानी में 22वीं कामनवेल्थ टेबल टेनिस चैंपियनशिप 2026 के आयोजन का आधिकारिक घोषणा कर दी गई है, जो 27 जुलाई से 2 अगस्त तक त्यागराज स्टेडियम में आयोजित होगी। इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में 35 से अधिक देशों के खिलाड़ी हिस्सा लेंगे, जिससे दिल्ली को वैश्विक खेल मानचित्र पर नई पहचान मिलने की उम्मीद है।

मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने दिल्ली सचिवालय से इस अंतरराष्ट्रीय आयोजन की घोषणा करते हुए कहा कि राजधानी लंबे समय से बड़े खेल आयोजनों की सफल मेजबानी करती रही है और यह चैंपियनशिप उस परंपरा को और मजबूत करेगी। उन्होंने कहा कि दिल्ली सरकार खिलाड़ियों और दर्शकों के लिए विश्वस्तरीय सुविधाएं और उत्कृष्ट आयोजन सुनिश्चित करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।

दिल्ली सरकार और टेबल टेनिस फेडरेशन आफ इंडिया के संयुक्त सहयोग से आयोजित यह चैंपियनशिप राजधानी में अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों की वापसी का प्रतीक मानी जा रही है। प्रतियोगिता में इंग्लैंड, आस्ट्रेलिया, कनाडा, सिंगापुर, दक्षिण अफ्रीका सहित कई कामनवेल्थ देशों के खिलाड़ी भाग लेंगे। सात दिनों तक चलने वाले इस टूर्नामेंट में विभिन्न श्रेणियों के मुकाबले होंगे, जिनका समापन 2 अगस्त को फाइनल मुकाबलों के साथ होगा।

मंत्री आशीष सूद ने कहा कि दिल्ली को स्पोर्ट्स कैपिटल के रूप में स्थापित करने की दिशा में यह आयोजन अहम कदम साबित होगा। उन्होंने कहा कि ऐसे अंतरराष्ट्रीय आयोजनों से न केवल दिल्ली की वैश्विक पहचान मजबूत होगी, बल्कि युवाओं में खेलों के प्रति रुचि और भागीदारी भी बढ़ेगी।

इस आयोजन को दिल्ली सरकार के विजन 2036 ओलिंपिक्स के तहत एक महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है। सरकार का लक्ष्य है कि राजधानी में विश्वस्तरीय खेल ढांचा विकसित किया जाए और अधिक से अधिक अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताएं आयोजित हों। त्यागराज स्टेडियम को मुख्य प्रतियोगिता स्थल के रूप में चुना गया है, जो आधुनिक सुविधाओं से लैस है और खिलाड़ियों को बेहतरीन अनुभव प्रदान करेगा।

यह चैंपियनशिप भारतीय खिलाड़ियों के लिए भी बड़ा अवसर होगी, जहां वे घरेलू मैदान पर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर सकेंगे। साथ ही, इससे देश में टेबल टेनिस को नई गति मिलने की उम्मीद है। आने वाले दिनों में टिकटिंग, स्वयंसेवकों की भागीदारी और विस्तृत कार्यक्रम की जानकारी भी जारी की जाएगी।

यह भी पढ़ें: दिल्ली में आधार सेंटर संचालक की सूझबूझ ने खोला राज, दुष्कर्म के बाद नाबालिग की उम्र बदलवाने पहुंचा आरोपित अरेस्ट