विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

दिल्ली में मुंबई की तर्ज पर बनेंगे 'सुविधा सेंटर', एक ही जगह पर होगा शौचालय-नहाने की जगह और ATM

Published: Tue, 27 Oct 2026 07:38 PM (IST)

दिल्ली में मुंबई की तर्ज पर 'सुविधा सेंटर' बनाए जाएंगे, जो निम्न आय वर्ग की कॉलोनियों के पास शौचालय, नहाने, कपड़े धोने और वाटर एटीएम जैसी सुविधाएं प्रदान करेंगे।

मुबई के सुविधा केंद्रों की तर्ज पर दिल्ली में भी खुलेंगे ऐसे सेंटर्स। फोटो: इंटरनेट

मुबई के सुविधा केंद्रों की तर्ज पर दिल्ली में भी खुलेंगे ऐसे सेंटर्स। फोटो: इंटरनेट

HighLights

  1. निम्न आय वर्ग को मिलेंगी नहाने, कपड़े धोने, वाटर एटीएम सुविधाएँ।

  2. आरके पुरम के एकता कैंप से पायलट प्रोजेक्ट की शुरुआत होगी।

  3. पर्यावरण हितैषी केंद्र में जल शोधन और सौर ऊर्जा का उपयोग।

जागरण संवाददाता, नई दिल्ली। राजधानी दिल्ली में मुंबई की तर्ज पर अब दिल्ली में भी सुविधा सेंटर बनाए जाएंगे। दिल्ली नगर निगम (MCD) केंद्र सरकार के सहयोग से इस योजना को आगे बढ़ा रहा है।

इन सेंटरों को निम्न आय वर्ग की कॉलोनियों के आसपास बनाया जाएगा, ताकि जरूरतमंद लोगों को एक ही छत के नीचे शौचालय, नहाने, कपड़े धोने और एटीएम जैसी सुविधाएं मिल सकें।

एक ही छत के नीचे मिलेंगी सुविधाएं

MCD ने पायलट प्रोजेक्ट के तौर पर योजना की शुरुआत आरकेपुरम के एकता कैंप से होगी। यहां हिंदुस्तान यूनिलीवर (HUL) कॉरपोरेट सामाजिक दायित्व (CSR) के तहत आवास एवं शहरी कार्य मंत्रालय के सहयोग से आधुनिक सुविधा केंद्र बना रहा है।

करीब 160 वर्ग मीटर क्षेत्र में बन रहे इस केंद्र में 46 शौचालय सीट, चार शावर, आठ वाशिंग मशीन और वाटर एटीएम की व्यवस्था होगी। निर्माण कार्य तीन महीने में पूरा होने की संभावना है।

इस सुविधा केंद्र की खास बात होगी कि यहां पर उपयोग किए गए पानी का एसटीपी के माध्यम से शोधन कर पुनः उपयोग किया जाएगा। साथ ही वर्षा जल संचयन और सौर ऊर्जा को स्थापित करके पर्यावरण हितैषी कार्य भी यहां होंगे।

इतना ही नहीं यहां पर स्वच्छता की स्थिति बेहतर रहे, इसके लिए हर चार घंटे में एआई के माध्यम से निगरानी भी की जाएगी।

अभी तक इस तरह के शौचालय दिल्ली में दिल्ली शहरी आश्रय सुधार बोर्ड झुग्गी बस्तियों के परिसर या उसके आस-पास बनाता था। लेकिन वहां की खराब स्थिति और गंदगी की वजह से इसका उपयोग नहीं हो पाता है।

साथ ही वहां पर ऐसी सुविधाएं भी नहीं रहती हैं। इसलिए MCD कम जगह में बहुमंजिला इमारत बनाकर उसमें यह सारी सुविधाएं विकसित कर रही है।

दिल्ली में पहले से मौजूद शौचालयों का नेटवर्क

MCD के अनुसार दिल्ली में सार्वजनिक और सामुदायिक शौचालयों का नेटवर्क पहले से मौजूद है। दिल्ली में 837 सार्वजनिक शौचालय थे, जिनमें 613 MCD के अधीन थे। इसके अलावा, 360 सामुदायिक शौचालय परिसरों में से 128 का रखरखाव MCD करती थी।

दिल्ली सरकार ने सितंबर 2026 में राजधानी में 2000 आधुनिक सार्वजनिक शौचालय बनाने की योजना घोषित की थी। इसमें MCD और पर्यटन विभाग को 1000-1000 शौचालय बनाने का लक्ष्य दिया गया है। MCD के हिस्से के शौचालयों के लिए मुख्यमंत्री विकास निधि से राशि उपलब्ध कराने की योजना है।

173 नए शौचालय स्थलों की पहचान

MCD की 21 अक्टूबर 2026 की समीक्षा रिपोर्ट के अनुसार, 173 नए शौचालय स्थलों की पहचान की गई है। इनमें निर्माण के लिए मानक डिजाइन और अनुमान तैयार किए गए हैं।

वहीं, बीओटी (बिल्ड-आपरेट-ट्रांसफर) मॉडल के तहत 51 शौचालय ब्लाक चालू हैं और 10 का निर्माण जारी है। इसके अलावा, 180 शौचालयों के रखरखाव के लिए निविदाएं प्राप्त हुई हैं और 350 अन्य के लिए प्रक्रिया चल रही है।

यह भी पढ़ें- ड्राइविंग लाइसेंस नियमों में होने वाला है बड़ा बदलाव, जानिए क्या-क्या हो जाएगा मुफ्त और कहां होगी सख्ती?