विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

दिल्ली में कॉलेज छात्रा के साथ छेड़खानी, बाइक सवार लोगों ने की अश्लील हरकतें; धक्का देकर हो गए फरार

Published: Wed, 23 Sep 2026 09:48 AM (IST)

लाडो सराय से घर लौट रही 21 वर्षीय युवती को पंचशील पार्क मेट्रो स्टेशन के पास बाइक सवारों ने पीछा कर अश्लील टिप्पणियां कीं और स्कूटी में टक्कर मार दी।

दिल्ली में छात्रा का पीछा कर स्कूटी में मारी टक्कर। फोटो: सांकेतिक

दिल्ली में छात्रा का पीछा कर स्कूटी में मारी टक्कर। फोटो: सांकेतिक

HighLights

  1. युवती को बाइक सवारों ने पीछा कर अश्लील टिप्पणियां कीं

  2. स्कूटी में टक्कर मारने से युवती सड़क पर घिसटती चली गई

  3. गंभीर घायल युवती को प्लास्टिक सर्जरी की सलाह दी गई

जागरण संवाददाता, दक्षिणी दिल्ली। लाडो सराय स्थित कार्यालय से देर रात स्कूटी से घर लौट रही 21 वर्षीय युवती का पंचशील पार्क मेट्रो स्टेशन के पास बाइक सवार दो युवकों ने पीछा किया और अश्लील टिप्पणियां कीं। इसके बाद उसकी स्कूटी में टक्कर मार दी।

हादसे में युवती करीब 100 से 150 मीटर तक सड़क पर घिसटती चली गई और गंभीर रूप से घायल हो गई। चिकित्सकों ने उसे प्लास्टिक सर्जरी की सलाह दी है।

घटना 11 सितंबर की रात की है। युवती की शिकायत के आधार पर मंगलवार को हौजखास थाने में दो अज्ञात युवकों के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। पुलिस सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालकर आरोपियों की पहचान करने का प्रयास कर रही है।

पीछा कर अश्लील टिप्पणियां करने लगे

युवती के मुताबिक, वह लाडो सराय स्थित आर्ट फर्म में इंटर्नशिप करने के बाद कालकाजी स्थित घर लौट रही थी। पंचशील पार्क मेट्रो स्टेशन के पास बाइक सवार दोनों युवक उसके पीछे लग गए।

इन युवकों ने उसका पीछा जारी रखा और उसके पास आकर अश्लील टिप्पणियां कीं। युवती ने शिकायत में बताया कि उसने स्कूटी आगे बढ़ाकर दोनों से बचने का प्रयास किया, लेकिन दोनों बाइक सवार उसके साथ चलते रहे।

टक्कर के बाद सड़क पर घिसटती रही

आरोप है कि दोनों युवकों ने बाइक से उसकी स्कूटी में टक्कर मार दी। इससे युवती स्कूटी से गिर गई और सड़क पर करीब 100 से 150 मीटर तक घिसटती चली गई। सड़क पर पत्थर, गिट्टी और धूल होने के कारण उसके शरीर पर कई जगह गहरे कट आए और काफी खून बहा।

हादसे के बाद दोनों युवक बाइक लेकर मौके से फरार हो गए। सड़क पर घायल पड़ी युवती की राहगीरों ने मदद की और एंबुलेंस बुलाकर उसे अस्पताल पहुंचाया।

गंभीर चोटों के बाद प्लास्टिक सर्जरी

युवती को पहले साकेत स्थित मैक्स अस्पताल ले जाया गया। चोटों की गंभीरता को देखते हुए बाद में उसे नोएडा के मेदांता अस्पताल ले जाया गया। वहां चिकित्सकों ने उसे प्लास्टिक सर्जरी कराने की सलाह दी। 

वह ओखला के एक डिजाइन इंस्टीट्यूट में चौथे वर्ष की पढ़ाई कर रही है और लाडो सराय की आर्ट फर्म में इंटर्नशिप कर रही थी। चिकित्सकीय राय लेने के लिए वह कानपुर भी गई थी।

पुलिस को पहले हादसे की सूचना मिली

पुलिस के अनुसार, 11 और 12 सितंबर की रात करीब एक बजे हौजखास थाने में सड़क हादसे की सूचना मिली थी। जांच अधिकारी मौके पर पहुंचे, लेकिन घायल युवती वहां नहीं मिली। जानकारी मिली कि उसे मैक्स अस्पताल ले जाया गया है।

पुलिस ने आसपास के क्षेत्रों की सीसीटीवी फुटेज की जांच की, लेकिन घटना की स्पष्ट फुटेज नहीं मिल सकी। 15 सितंबर को युवती की बहन थाने पहुंची थी और उसे उपलब्ध फुटेज दिखाई गई, लेकिन वह किसी की पहचान नहीं कर सकीं।

सीसीटीवी सुरक्षित कराने की मांग

बाद में युवती की ओर से शिकायत मिलने पर पुलिस ने केस दर्ज किया। युवती ने हौजखास, हौजखास मेट्रो स्टेशन, पंचशील पार्क मेट्रो स्टेशन और आसपास की सड़कों पर लगे कैमरों की रिकॉर्डिंग सुरक्षित कराने की मांग की है।

दक्षिणी जिला पुलिस उपायुक्त अनंत मित्तल के मुताबिक मामले में केस दर्ज कर लिया गया है। पुलिस टीम जांच कर रही है और आरोपितों की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं।

यह भी पढ़ें- कालकाजी गैंगरेप: जन्मदिन की खुशी चीखों में बदली, केक काटकर मंदिर गई थी किशोरी; पुलिसवाले बनकर आए थे दरिंदे

यह भी पढ़ें- कालकाजी मंदिर गैंगरेप में दिल्ली पुलिस का एक्शन, मुठभेड़ के बाद एक दरिंदा गिरफ्तार; बाकी 2 को भी पकड़ा