विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

झुग्गी बस्तियों के लिए दिल्ली सरकार का बड़ा प्लान, 441 करोड़ से होंगे 1510 विकास कार्य; अटल कैंटीन भी खुलेगी

Published: Fri, 26 Jun 2026 07:25 PM (IST)

दिल्ली को झुग्गी-मुक्त बनाने के लिए डूसिब विभिन्न विकास कार्यों पर 441.10 करोड़ रुपये खर्च करेगा। यह राशि झुग्गी बस्तियों ...और पढ़ें

सीएम रेखा गुप्ता झुग्गी बस्तियों में सुविधाएं उपलब्ध कराएंगी। फोटो: आर्काइव

सीएम रेखा गुप्ता झुग्गी बस्तियों में सुविधाएं उपलब्ध कराएंगी। फोटो: आर्काइव

HighLights

  1. डूसिब झुग्गी बस्तियों के विकास पर 441.10 करोड़ खर्च करेगा

  2. 1510 विकास कार्य स्वीकृत, बेहतर नागरिक सुविधाएं मिलेंगी

  3. पेयजल, सीवर, सड़कें, स्ट्रीट लाइट जैसी सुविधाएं बढ़ाई जाएंगी

राज्य ब्यूरो, नई दिल्ली। दिल्ली को झुग्गी-मुक्त बनाने के लिए पुनर्वास योजना के साथ-साथ झुग्गी बस्तियों में आधारभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने का कार्य भी किया जा रहा है। इसके लिए दिल्ली शहरी आश्रय सुधार बोर्ड (डूसिब) के माध्यम से विभिन्न विकास कार्यों पर 441.10 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे।

मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि झुग्गी बस्तियों में रहने वाले लोगों को बेहतर नागरिक सुविधाएं उपलब्ध कराने तथा उनके जीवन को अधिक सुरक्षित और सुविधाजनक बनाने के लिए आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं।

1510 विकास कार्य स्वीकृत किए गए

डूसिब के माध्यम से झुग्गी बस्तियों में 1510 विकास एवं निर्माण कार्य स्वीकृत किए गए हैं। इनमें वर्ष 2025-26 में 1,253 कार्यों के लिए 379.80 करोड़ रुपये तथा वर्तमान वित्त वर्ष 2026-27 में अब तक 257 कार्यों के लिए 61.30 करोड़ रुपये स्वीकृत किए जा चुके हैं। इस प्रकार दोनों वर्षों में कुल 441.10 करोड़ रुपये का प्राधान किया गया है।

यहां चिह्नित की गईं झुग्गी बस्तियां 

नरेला, तिमारपुर, आदर्श नगर, जहांगीरपुरी, आजादपुर, बवाना, रोहिणी, सीमापुरी, त्रिलोकपुरी, शाहदरा, करावल नगर, संगम विहार, द्वारका और नजफगढ़ सहित अन्य क्षेत्रों की झुग्गी बस्तियों में विकास कार्य किया जा रहा है।

ये विकास कार्य कराए जाएंगे

इसके अंतर्गत सामुदायिक शौचालयों एवं जनसुविधा परिसरों का निर्माण और नवीनीकरण, सामुदायिक भवनों का निर्माण, पेयजल एवं सीवर व्यवस्था का सुदृढ़ीकरण, गलियों तथा आंतरिक सड़कों का विकास किया जाएगा।

इसके साथ ही नालियों की मरम्मत, स्ट्रीट लाइट एवं बिजली नेटवर्क का विस्तार, वर्षा जल निकासी की व्यवस्था, सार्वजनिक स्थलों का सुंदरीकरण तथा अन्य नागरिक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। झुग्गी बस्तियों के निकट अटल कैंटीन भी खोली जा रही हैं।

यह भी पढ़ें- IIT दिल्ली के छात्रों को फ्रांस में पढ़ने का मौका, सोरबोन यूनिवर्सिटी के साथ शुरू होगा मास्टर्स-पीएचडी प्रोग्राम

यह भी पढ़ें- दिल्ली के सरकारी स्कूलों में फेल हो रहे छात्र, 63 स्कूलों की स्पेशल मॉनिटरिंग शुरू; हर 15 दिन में चेकिंग