विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

दिल्ली में स्वास्थ्य सेवा को मिली नई गति, अगले साल शुरू होंगे ये दो बड़े अस्पताल, मरीजों को मिलेंगी बड़ी सुविधाएं

Published: Thu, 26 Nov 2026 12:30 AM (GMT+05:30)

दिल्ली में स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने के लिए सिरसपुर और हस्तसाल में कुल 1815 बेड के अस्पताल अगले वर्ष शुरू होंगे। 

सिरसपुर और हस्तसाल अस्पताल अगले साल होंगे शुरू ( फोटो स्रोत : जागरण )

सिरसपुर और हस्तसाल अस्पताल अगले साल होंगे शुरू ( फोटो स्रोत : जागरण )

HighLights

  1. सिरसपुर और हस्तसाल अस्पताल अगले वर्ष होंगे शुरू।

  2. कुल 1815 बेड की क्षमता से स्वास्थ्य सेवा मजबूत।

  3. 40 नए आयुष्मान आरोग्य मंदिर भी जल्द खुलेंगे।

राज्य ब्यूरो, संतोष कुमार सिंह। उत्तर पश्चिमी और पश्चिमी दिल्ली में स्वास्थ्य सेवा को मजबूत करने के लिए सिरसपुर और हस्तसाल में अस्पताल का निर्माण किया जा रहा है। इन दोनों अस्पतालों में कुल 1,815 बेड होंगे। इनका काम अंतिम चरण में है।

मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता का कहना है कि अगले वर्ष अस्पताल शुरू हो जाएंगे। साथ ही पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की जयंती के अवसर पर 40 नए आयुष्मान आरोग्य मंदिर अगले महीने पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहार वाजपेयी की जयंती पर शुरू करने का लक्ष्य है।

सीएम ने की विभिन्न परियोजनाओं की समीक्षा

मुख्यमंत्री ने बुधवार को दिल्ली सचिवालय में स्वास्थ्य विभाग की विभिन्न परियोजनाओं की समीक्षा की। अधिकारियों को अस्पतालों और अन्य स्वास्थ्य सुविधाओं से जुड़ी सभी परियोजनाएं तय समय सीमा के अंदर पूरी करने का निर्देश दिया। कहा कि सिरसपुर में 1,164 बेड का अस्पताल तैयार हो चुका है।

अस्पताल के लिए चिकित्सा उपकरणों की खरीद प्रक्रिया चल रही है, जिसे जनवरी के अंत तक पूरा करने का लक्ष्य है। हस्तसाल में 651 बेड के अस्पताल का निर्माण भी लगभग पूरा होने को है।

इसे भी अगले वर्ष शुरू कर दिया जाएगा। दिल्ली में कुल 1,139 आयुष्मान आरोग्य मंदिर विकसित करने का लक्ष्य है, जिनमें 415 केंद्र शुरू हो गए हैं।

दो पारियों में शुरू होगी सेवा

अगले माह 40 अन्य केंद्र शुरू हो जाएंगे। अधिक रोगी आने वाले आरोग्य मंदिरों में दो पारियों में सेवा शुरू करने की योजना पर काम चल रहा है।

उन्होंने कहा कि वर्ष 2028 तक मादीपुर और ज्वालापुरी में भी 691-691 बेड के अस्पताल तैयार हो जाएंगे। मादीपुर अस्पताल 466.50 करोड़ रुपये और ज्वालापुरी अस्पताल 484.04 करोड़ रुपये की लागत से तैयार हो रहे हैं।

पुराने अस्पतालों में भी मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है। रोहिणी स्थित बाबा साहेब अंबेडकर अस्पताल में 463 बेड का मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य ब्लॉक बन रहा है। ओपीडी ब्लॉक उद्घाटन के लिए तैयार है।

राव तुला राम मेमोरियल अस्पताल में 270 बेड का मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य ब्लॉक और लाल बहादुर शास्त्री अस्पताल, खिचड़ीपुर में 460 बेड का मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य ब्लाक लगभग पूरा हो चुका है।

लोकनायक अस्पताल और मौलाना आजाद मेडिकल कॉलेज परिसर के एकीकृत पुनर्विकास की योजना पर भी काम चल रहा है। परियोजना के तहत योजना और निर्माण सहित लगभग 30 माह की अवधि निर्धारित की गई है।

यमुनापार के गुरु तेग बहादुर (जीटीबी) अस्पताल, राजीव गांधी सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल, दिल्ली स्टेट कैंसर इंस्टीट्यूट और मानव व्यवहार एवं संबद्ध विज्ञान संस्थान (आइएचबीएएस) को एक संस्थागत ढांचे के अंतर्गत लाने का कार्य जारी है।

उन्होंने कहा कि इंदिरा गांधी अस्पताल, द्वारका और गुरु गोबिंद सिंह सरकारी अस्पताल में मेडिकल कॉलेज स्थापित करने की योजना है।

स्वास्थ्य विभाग कर रहा विभिन्न परियोजनाओं की निगरानी

दोनों में 150-150 एमबीबीएस सीटें प्रस्तावित हैं। बाबा साहेब अंबेडकर मेडिकल कॉलेज में सीटें 125 से बढ़ाकर 200 और मौलाना आजाद दंत विज्ञान संस्थान में 50 से बढ़ाकर 70 करने की प्रक्रिया चल रही है।

दिल्ली के स्वास्थ्य मंत्री डॉ पंकज कुमार सिंह ने कहा कि स्वास्थ्य विभाग सभी परियोजनाओं की नियमित निगरानी कर रहा है।

यह भी पढ़ें- दिल्ली वालों के लिए अच्छी खबर, राजधानी में लगेंगे 540 ईवी चार्जर, पूरी टेंशन खत्म




देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।