विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

दिल्ली में बुनियादी ढांचे का होगा कायाकल्प, रेखा सरकार ने मार्केट से जुटाया 25,000 करोड़ का फंड

Published: Tue, 15 Sep 2026 10:55 PM (IST)

दिल्ली सरकार ने शहर में बड़े पूंजीगत विकास कार्यों के लिए बाजार से 25 हजार करोड़ रुपये का ऋण जुटाया ...और पढ़ें

दिल्ली सरकार ने बाजार से 25 हजार करोड़ रुपये का ऋण जुटाया है।

दिल्ली सरकार ने बाजार से 25 हजार करोड़ रुपये का ऋण जुटाया है।

राज्य ब्यूरो, नई दिल्ली। दिल्ली सरकार ने शहर में बड़े पैमाने पर पूंजीगत विकास कार्यों के लिए बाजार से 25 हजार करोड़ रुपये का ऋण जुटाया है। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने मंगलवार को अभियंता दिवस के अवसर पर दिल्ली इंजीनियर्स एसोसिएशन की ओर से सिविक सेंटर स्थित केदारनाथ साहनी ऑडिटोरियम में आयोजित कार्यक्रम में यह जानकारी दी।

मुख्यमंत्री ने बताया कि फरवरी में सरकार संभालने के बाद उन्हें पता चला कि दिल्ली सरकार का केंद्र सरकार के साथ साझा खाता था, जिसके कारण वह बाजार से सार्वजनिक ऋण नहीं ले सकती थी। सरकार ने अगले छह महीनों में अपना खाता केंद्र से अलग कराया और सार्वजनिक ऋण लेने की अनुमति प्राप्त की। इसके बाद बाजार से 25 हजार करोड़ रुपये जुटाए गए।

उन्होंने बताया कि इस राशि का इस्तेमाल यमुना के पुनरुद्धार, पेयजल व्यवस्था, स्वास्थ्य ढांचे, सार्वजनिक परिवहन, सड़कों और फ्लाईओवरों जैसे बुनियादी ढांचे के कार्यों में किया जाएगा। इससे दिल्ली में विकास परियोजनाओं के लिए अतिरिक्त वित्तीय संसाधन उपलब्ध होंगे।

दरअसल, जनवरी में दिल्ली सरकार ने भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआइ) के साथ समझौता किया था। इसके तहत आरबीआइ दिल्ली सरकार के बैंकर, ऋण प्रबंधक और वित्तीय एजेंट के रूप में काम कर रहा है। इससे दिल्ली के लिए बाजार से राज्य विकास ऋण के माध्यम से धन जुटाने और बेहतर नकदी प्रबंधन का रास्ता खुला।

इंजीनियरों के योगदान को सराहा

अभियंता दिवस समारोह इस वर्ष दिल्ली मेट्रो रेल कारपोरेशन (डीएमआरसी) को समर्पित रहा। मुख्यमंत्री ने कहा कि दिल्ली मेट्रो ने आधुनिक तकनीक, गुणवत्ता और समयबद्ध कार्य के जरिए शहर के परिवहन को नई दिशा दी है। यह भारतीय इंजीनियरों की तकनीकी क्षमता और उत्कृष्टता का भी उदाहरण है।

समारोह में इंजीनियरिंग, आधारभूत ढांचे और जनसेवा में उल्लेखनीय योगदान देने वाले 25 अभियंताओं और इंजीनियरिंग क्षेत्र से जुड़े लोगों को सम्मानित किया गया। इनमें पीडब्ल्यूडी के अतिरिक्त महानिदेशक नवीन बंसल, डीएमआरसी के मुख्य महाप्रबंधक पंकज कुमार गुप्ता, डीडीए के सेवानिवृत्त मुख्य अभियंता एवं समाजसेवी एससी टयाल और सेलेक्ट सिटीवाक के परियोजना निदेशक शशि शर्मा शामिल रहे।

बेहतर शहर बनाने में इंजीनियरों की भूमिका को महत्वपूर्ण बताया

कार्यक्रम में जल बोर्ड के उपाध्यक्ष सतीश उपाध्याय, महापौर प्रवेश वाही और डीएमआरसी के प्रबंध निदेशक डॉ. विकास कुमार समेत कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। दिल्ली इंजीनियर्स एसोसिएशन के महासचिव परम यादव ने दिल्ली को आधुनिक और बेहतर शहर बनाने में इंजीनियरों की भूमिका को महत्वपूर्ण बताया।

यह भी पढ़ें- 2003 में गुजरात ने बदली विकास की दिशा, निवेश के साथ प्रशासनिक सुधारों को भी बनाया आधार