तीनों नगर निगमों में कुल 19 संपत्तियां ही हुई सील
जागरण संवाददाता, नई दिल्ली : तीनों नगर निगमों में मंगलवार को कुल 19 संपत्तियों पर ही सीलिंग
जागरण संवाददाता, नई दिल्ली :
तीनों नगर निगमों में मंगलवार को कुल 19 संपत्तियों पर ही सीलिंग की कार्रवाई हुई, जबकि सप्ताह के पहले दिन से ही बड़ी कार्रवाई का अंदेशा जताया जा रहा था। हालांकि, माना जा रहा है कि आने वाले दिनों में बड़ी कार्रवाई हो सकती है। क्योंकि पिछले सप्ताह ही मॉनिट¨रग कमेटी को केंद्र सरकार के लैंड एंड डेवलपमेट ऑफिस (एलएंडडीओ) से 45 शरणार्थी कॉलोनियों में 12 हजार संपत्तियों में हुए अवैध निर्माण की सूची मिली है। कमेटी ने स्पष्ट किया है कि इन पर भी सीलिंग की कार्रवाई होगी।
मंगलवार को उत्तरी दिल्ली नगर निगम द्वारा 10 संपत्तियों पर सीलिंग की कार्रवाई की गई। इसमें वेस्ट मुखर्जी नगर और वेस्ट परमानंद कॉलोनी में आठ संपत्तियों पर सीलिंग की कार्रवाई की गई। इसके साथ ही रोहिणी सेक्टर तीन में दो संपत्तियों पर सीलिंग की कार्रवाई की गई। इन संपत्तियों पर स्टिल्ट पार्किग के दुरुपयोग को लेकर कार्रवाई की गई। वहीं, पूर्वी दिल्ली में चार व दक्षिणी दिल्ली नगर निगम में पांच संपत्तियों पर सीलिंग की कार्रवाई की गई। डिफेंस कॉलोनी में सी व डी ब्लॉक में स्टिल्ट पार्किग के दुरुपयोग पर सीलिंग की कार्रवाई की गई।
यमुना खादर इलाके में निजी अस्पताल के निर्माण पर लगी रोक
यमुना बाजार के नजदीक यमुना खादर इलाके में एक निजी अस्पताल के निर्माण कार्य पर उत्तरी दिल्ली नगर निगम ने रोक लगा दी है। निगम द्वारा इसको लेकर एक नोटिस भी निर्माणाधीन इमारत की दीवार पर चस्पा किया गया है। यह पूरा इलाका ओ जोन में आता है। इसके चलते यहां किसी भी प्रकार के निर्माण पर रोक है। बताया जा रहा है कि निगम को गलत जानकारी देकर इस भवन का नक्शा पास कराया गया था।