दिल्ली में स्कूल से घर लौट रहे 11वीं के छात्र पर चाकू से हमला, चार युवकों ने घेरकर दो बार किया कातिलाना वार
दिल्ली के अंबेडकर नगर में 11वीं कक्षा के छात्र पर स्कूल से लौटते समय चार युवकों ने चाकू से हमला ...और पढ़ें

पुलिस छात्र के बयान और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोपितों की तलाश कर रही है।
HighLights
स्कूल से घर लौट रहे 11वीं के छात्र पर चाकू से हमला।
दक्षिणी दिल्ली के अंबेडकर नगर में चार युवकों ने घेरा।
छात्र की कमर और जांघ पर चाकू के दो वार।
जागरण संवाददाता, नई दिल्ली। दक्षिणी दिल्ली के अंबेडकर नगर इलाके में स्कूल की छुट्टी के बाद घर लौट रहे 11वीं कक्षा के छात्र पर चार युवकों ने हमला कर दिया। आरोप है कि युवकों ने पहले छात्र को घेरकर उसके साथ मारपीट की और फिर चाकू से दो बार वार किया।
बचने की कोशिश में छात्र की कमर और जांघ पर दो चाकू लगे। मौके पर भीड़ जुटने के बाद आरोपित फरार हो गए। घटना के पांच दिन बाद भी आरोपित फरार चल रहे हैं। पुलिस छात्र के बयान और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोपितों की तलाश कर रही है।
पीड़ित छात्र के साथ मारपीट शुरू कर दी
पुलिस के मुताबिक, वारदात सात सितंबर को दोपहर करीब 12:30 बजे योगी अरविंद सीनियर सेकंडरी स्कूल के गेट के बाहर हुई। 16 वर्षीय छात्र दक्षिणपुरी में परिवार के साथ रहता है और इसी स्कूल में 11वीं कक्षा में पढ़ता है। छुट्टी होने के बाद वह घर जाने के लिए स्कूल के गेट से बाहर निकला था। इसी दौरान चार युवकों ने उसे रास्ते में रोक लिया।
दो ने दबोचा और अन्य दो करने लगे हमला
छात्र ने पुलिस को बताया कि स्कूल के बाहर उसे विनय, सचिन, जितेंद्र और इमरान मिले। विनय ने उसकी तरफ इशारा कर साथियों को संकेत दिया।
इसके बाद उसने अपनी पैंट की जेब से एक वस्तु निकालकर सचिन को दिया और छात्र को मारने के लिए कहा। आरोप है कि इसके बाद चारों युवकों ने पीड़ित छात्र के साथ मारपीट शुरू कर दी।
छात्र के मुताबिक, इमरान और जितेंद्र ने उसे पकड़ लिया, जबकि सचिन ने विनय से मिले चाकू से उस पर वार किया। छात्र ने खुद को बचाने के लिए हाथ-पैर चलाए, लेकिन चाकू कमर और जांघ पर लग गया।
भीड़ जुटते ही आरोपित मौके से भागे
हमले के दौरान आसपास के लोगों की भीड़ जुटने लगी। छात्र ने जितेंद्र और इमरान को धक्का देकर खुद को छुड़ाया और वहां से भाग निकला। भीड़ बढ़ती देखकर चारों आरोपित भी मौके से फरार हो गए। सूचना मिलने पर पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची, लेकिन छात्र वहां नहीं मिला।
जांच में पता चला कि उसे पीसीआर के जरिये पंडित मदन मोहन मालवीय अस्पताल ले जाया गया है। पुलिस अस्पताल पहुंची और छात्र की मेडिकल लीगल केस (एमएलसी) रिपोर्ट हासिल की। छात्र ने पुलिस को बताया कि चोट में काफी दर्द हो रहा है, इसलिए वह उसी दिन बयान नहीं दे सकेगा। इलाज के बाद वह घर चला गया। बाद में उसके पिता ने पुलिस को इसकी जानकारी दी।
अगले दिन दर्ज हुआ छात्र का बयान
पुलिस टीम ने आठ सितंबर को छात्र का बयान दर्ज किया। बयान के आधार पर अंबेडकर नगर थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस आरोपितों की पहचान और उनके संभावित ठिकानों की जानकारी जुटा रही है। घटना के कारणों का भी पता लगाया जा रहा है। पुलिस स्कूल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज और अन्य तकनीकी साक्ष्यों की मदद से आरोपितों तक पहुंचने का प्रयास कर रही है।
