विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

दिल्ली में रोडरेज में कार सवार परिवार पर भीड़ न किया हमला, महिला समेत छह गिरफ्तार

Published: Wed, 25 Mar 2026 06:33 AM (IST)

दक्षिणी दिल्ली के संगम विहार में रोडरेज की घटना सामने आई है। फरीदाबाद से कालकाजी मंदिर जा रहे एक परिवार ...और पढ़ें

दक्षिणी दिल्ली के संगम विहार इलाके में एक परिवार के साथ रोडरेज का मामला।

दक्षिणी दिल्ली के संगम विहार इलाके में एक परिवार के साथ रोडरेज का मामला।

HighLights

  1. संगम विहार में रोडरेज के चलते परिवार पर हमला।

  2. लोहे की रॉड से हमला, महिलाओं से बदसलूकी।

  3. पुलिस ने मामले में छह आरोपियों को गिरफ्तार किया।

जागरण संवाददाता, नई दिल्ली। दक्षिणी दिल्ली के संगम विहार इलाके में एक परिवार के साथ रोडरेज का मामला सामने आया है। दरअसल, एक परिवार कार में सवार होकर फरीदाबाद से कालकाजी मंदिर दर्शन करने जा रहा था। तभी संगम विहार में उनका बाइक हटाने को लेकर बाइक सवार से विवाद हो गया। विवाद इतना बढ़ गया कि बाइक सवार ने अपने साथियों को बुलाया और परिवार पर बेरहमी से लोहे की राड से हमला कर दिया।

आरोप है कि हमलावरों ने न सिर्फ पुरुषों को लहूलुहान किया, बल्कि महिलाओं के साथ भी बदसलूकी की और कार को बुरी तरह तोड़ डाला। पुलिस ने इस मामले में केस दर्ज कर छह आरोपितों को गिरफ्तार किया है। इनकी पहचान गौरव, कंचन, टीटू, बनवरी, जीतू और सचिन के रूप में हुई है। सभी संगम विहार के रहने वाले हैं।

संगम विहार के रास्ते से निकलने की कोशिश की

पुलिस को दी शिकायत में पीड़ित रतन सिंह ने बताया कि वह परिवार के साथ फरीदाबाद में रहते हैं। वह 23 मार्च की रात वह अपने परिवार के साथ कार से कालकाजी मंदिर दर्शन करने जा रहे थे। रास्ते में भारी जाम लगने के कारण उन्होंने संगम विहार के रास्ते से निकलने की कोशिश की। इसी दौरान एक बाइक सवार युवक से रास्ता देने को लेकर कहासुनी हो गई। मामूली बहस ने अचानक हिंसक रूप ले लिया।

रॉड और पत्थरों से रतन सिंह और उनके भाइयों पर ताबड़तोड़ वार

आरोप है कि बाइक सवार ने फोन कर अपने साथियों को मौके पर बुला लिया। कुछ ही देर में कई युवक वहां पहुंच गए और परिवार को घेरकर हमला कर दिया। हमलावरों ने लोहे की रॉड और पत्थरों से रतन सिंह और उनके भाइयों पर ताबड़तोड़ वार किए, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए। इसके बाद आरोपितों ने महिलाओं को कार से बाहर खींच लिया और उनके साथ भी अभद्रता की। इसके बाद बदमाशों ने कार के शीशे तोड़ दिए और गाड़ी को चारों तरफ से क्षतिग्रस्त कर दिया।

परिवार को जान से मारने की धमकी देकर फरार 

पीड़ित के मुताबिक, हमलावर जाते-जाते पूरे परिवार को जान से मारने की धमकी देकर फरार हो गए। घटना के दौरान परिवार के एक सदस्य ने किसी तरह कार में छिपकर पुलिस को फोन किया, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को काबू में किया। पुलिस ने घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है।

उपायुक्त अनंत मित्तल के मुताबिक, मामले को गंभीरता से लेते हुए केस दर्ज कर सीसीटीवी फुटेज खंगाल कर एक महिला सहित छह लोगों को गिरफ्तार किया गया है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।

यह भी पढ़ें- दिल्ली में स्वास्थ्य सेवाओं को मिलेगी मजबूती, बनाए जाएंगे 750 से अधिक नए आरोग्य मंदिर