विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

दिल्ली की सड़कों पर हर दिन जा रहीं 5 जानें, 9 महीने में 4600+ एक्सीडेंट; 6 साल में सबसे ज्यादा

Published: Thu, 22 Oct 2026 12:10 AM (IST)

दिल्ली में सड़क हादसों की संख्या लगातार बढ़ रही है, सितंबर तक 1306 लोगों की जान जा चुकी है। औसतन ...और पढ़ें

दिल्ली की सड़कों पर छह साल में सड़क हादसों का आंकड़ा सबसे ज्यादा। फोटो: सांकेतिक

दिल्ली की सड़कों पर छह साल में सड़क हादसों का आंकड़ा सबसे ज्यादा। फोटो: सांकेतिक

मोहम्मद साकिब, नई दिल्ली। राजधानी की सड़कों पर सफर करना लगातार जोखिम भरा होता जा रहा है। इस वर्ष सितंबर तक सड़क हादसों में 1306 लोगों की जान जा चुकी है। यानी औसतन हर दिन पांच लोगों की मौत हो रही है।

वहीं, जनवरी से सितंबर के बीच कुल 4668 सड़क हादसे हुए, जिनमें 4662 लोग घायल हुए। आंकड़ों के मुताबिक, हादसों, मौतों और घायलों की दैनिक औसत संख्या पिछले छह वर्षों में सबसे अधिक स्तर पर पहुंच गई है।

ऐसे में यातायात नियमों के पालन और सड़क सुरक्षा के लिए चलाए जा रहे अभियानों के बीच हादसों पर अंकुश लगाना बड़ी चुनौती बना हुआ है। आंकड़ों के मुताबिक, इस वर्ष शुरुआती नौ महीनों में दिल्ली में प्रतिदिन औसतन 17 सड़क हादसे दर्ज किए गए।

पिछले पूरे वर्ष में सड़क दुर्घटनाओं में 1617 लोगों की मौत हुई थी। इस वर्ष के नौ महीने में ही मौतों का आंकड़ा 1300 के पार पहुंच जाना चिंता बढ़ाने वाला है। मौजूदा रफ्तार बनी रही तो वर्ष के अंत तक मृतकों की संख्या में और इजाफा हो सकता है।

ई-रिक्शा से जुड़े हादसे भी चिंता बढ़ा रहे

सड़क हादसों में शामिल वाहनों के आंकड़े भी कई चुनौतियों की ओर इशारा करते हैं। सितंबर तक हादसों में शामिल वाहनों में कारों की हिस्सेदारी 15 प्रतिशत, ट्रकों की 13 प्रतिशत, बसों की छह प्रतिशत और ई-रिक्शा की 2.5 प्रतिशत रही।

ई-रिक्शा से जुड़े हादसों में पिछले कुछ वर्षों के दौरान बढ़ोतरी दर्ज की गई है। वर्ष 2021 में ऐसे 55 मामले सामने आए थे, जो 2022 में बढ़कर 66 और 2023 में 118 हो गए। वर्ष 2024 में 112 और 2025 में 163 मामले दर्ज किए गए। इस वर्ष सितंबर तक ही ई-रिक्शा से जुड़े 119 हादसे सामने आ चुके हैं।

ट्रकों से जुड़े हादसों में भी उतार-चढ़ाव

ट्रकों से जुड़े हादसों की संख्या भी लगातार चिंता का विषय बनी हुई है। वर्ष 2021 में ट्रकों से जुड़े 145 हादसे दर्ज किए गए थे। 2022 में यह संख्या 181 और 2023 में 190 हो गई।

वर्ष 2024 में 188 मामले सामने आए, जबकि 2025 में इनकी संख्या बढ़कर 207 पहुंच गई। इस वर्ष सितंबर तक ट्रकों से जुड़े 170 हादसे दर्ज किए जा चुके हैं।

सड़क हादसों में कितने लोगों की हुई मौत

माह

हादसे

घायल

मौत

जनवरी

491

477

151

फरवरी

455

444

143

मार्च

530

530

163

अप्रैल

509

506

131

मई

519

536

134

जून

491

492

131

जुलाई

534

532

138

अगस्त

569

549

170

सितंबर

569

596

148

हाल ही में दिल्ली में हुए सड़क हादसों के मामले

  • 19 अक्टूबर : डेरावल नगर में स्कूटर और मालवाहक तीन पहिया वाहन की टक्कर के बाद मां की गोद से सड़क पर गिरे 18 महीने के बच्चे की मौत।
  • 17 अक्टूबर : आनंद पर्वत में डीटीसी बस ने कई वाहनों को टक्कर मार दी, जिसमें स्कूटर सवार व्यक्ति की मौत हो गई।
  • 17 अक्टूबर : द्वारका सेक्टर-18 में क्रिसेंट अपार्टमेंट के पास लालबत्ती पर ट्रक की दो मोटरसाइकिलों से टक्कर में युवक की मौत।
  • 5 अक्टूबर : किशनगढ़ में जन्मदिन की पार्टी से लौट रहे आडी चला रहे किशोर ने पैदल यात्री को टक्कर मार दी, जिससे उनकी मौत हो गई।
  • 16 अक्टूबर : बेगमपुर में अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक टैक्सी पर सवार छात्रा की मौत।
  • 28 सितंबर : आश्रम फ्लाईओवर के पास डीटीसी बस की टक्कर से बाइक टैक्सी पर सवार छात्रा की मौत।
  • 3 सितंबर : दिल्ली कैंट में तेज रफ्तार थार की मोटरसाइकिल से टक्कर में अंजू और सुखबीर नामक दो लोगों की मौत हो गई।

यह भी पढ़ें- आईटीओ और दिल्ली गेट के रास्ते पर बृहस्पतिवार को डायवर्जन, राजघाट पर VVIP मूवमेंट को लेकर ट्रैफिक अलर्ट