उमस भरी गर्मी में उमड़-घुमड़ कर लौटे मेघ
जागरण संवाददाता नई दिल्ली उमस भरी गर्मी से परेशान राजधानी के लोगों को शनिवार को भी
जागरण संवाददाता, नई दिल्ली : उमस भरी गर्मी से परेशान राजधानी के लोगों को शनिवार को भी कोई खास राहत नहीं मिल सकी। दिनभर उमड़ते-घुमड़ते रहे मेघ आखिर में बिना बरसे ही लौट गए। हालांकि, मौसम विभाग का कहना है कि रविवार को बादल छाए रहने के साथ ही हल्की बारिश भी होगी, जिससे गर्मी से राहत मिलेगी। इसके अलावा 17 जुलाई तक ऐसा ही मौसम रहेगा, जिसमें रोजाना बादल छाए रहने के साथ ही हल्की बारिश होती रहेगी।
मौसम विभाग ने शनिवार को भी हल्की बारिश होने की संभावना जताई थी, लेकिन दिनभर बारिश नहीं हुई। शनिवार को सफदरजंग एयरपोर्ट पर अधिकतम तापमान सामान्य से एक डिग्री ज्यादा 36.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं न्यूनतम तापमान सामान्य से तीन डिग्री कम 23.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। अधिकतम नमी का स्तर 98 फीसद जबकि न्यूनतम नमी का स्तर 59 फीसद दर्ज हुआ। रविवार को तेज हवा चलने के साथ ही बादल छाए रहने की उम्मीद है। इस बीच हल्की बारिश होने की भी उम्मीद है। इस दौरान अधिकतम तापमान 35 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस रह सकता है। मौसम विभाग के अनुसार दिल्ली व आसपास के जिलों में मानसून सक्रिय है। इसलिए 17 जुलाई तक बादल छाए रहने और हल्की बारिश होने की संभावना है। इस दौरान अधिकतम तापमान 35 से 37 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस तक रहेगा। संतोषजनक श्रेणी में रहा प्रदूषण
दिल्ली में केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के प्रदूषण मॉनीटरिग स्टेशन में एयर इंडेक्स शनिवार को 68 दर्ज हुआ। यह संतोषजनक श्रेणी में रहा। मौसम विज्ञानियों के अनुसार दिल्ली में प्रदूषण का स्तर अच्छी श्रेणी में दर्ज हो रहा है। शनिवार को 17 किलोमीटर की रफ्तार से कई जगहों पर हवा चली। इससे भी प्रदूषण का स्तर ठीक रहा है। दिल्ली-एनसीआर का प्रदूषण शहर एयर इंडेक्स
दिल्ली 68
गाजियाबाद 86
फरीदाबाद 93
गुरुग्राम - 69
नोएडा - 80
ग्रेटर नोएडा 67