विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

दिल्ली-NCR में 6 डिग्री गिरा तापमान, शुक्रवार को भी बारिश के आसार; फिर दशहरे तक साफ रहेगा मौसम

Published: Thu, 15 Oct 2026 11:22 PM (IST)

बृहस्पतिवार को दिल्ली में हुई भारी वर्षा ने मौसम का मिजाज बदल दिया, जिससे तापमान में 6 डिग्री से अधिक की गिरावट आई और गर्मी से राहत मिली।

बृहस्पतिवार  दोपहर में दिल्ली में अचानक मौसम का मिजाज बदला और तेज वर्षा हुई। फोटो: चंद्र प्रकाश मिश्र

बृहस्पतिवार दोपहर में दिल्ली में अचानक मौसम का मिजाज बदला और तेज वर्षा हुई। फोटो: चंद्र प्रकाश मिश्र

HighLights

  1. दिल्ली में झमाझम वर्षा से मौसम बदला

  2. तापमान में 6.3 डिग्री तक की गिरावट

  3. अक्टूबर में औसत से तीन गुना अधिक वर्षा

राज्य ब्यूरो, नई दिल्ली। बृहस्पतिवार को हुई झमाझम वर्षा ने राजधानी का मौसम ही बदल दिया। दिल्लीवासियों को जहां गर्मी से खासी राहत मिली वहीं दिन के तापमान में छह डिग्री से अधिक की गिरावट दर्ज की गई।

आलम यह रहा कि अक्टूबर अभी आधा ही बीता है लेकिन वर्षा माहभर के औसत से तीन गुना से भी कहीं अधिक हो चुकी है। मौसम विभाग ने शुक्रवार को हल्की बारिश की संभावना जताई है

वर्षा से तापमान में छह डिग्री से अधिक गिरावट

बृहस्पतिवार को बादलों की आवाजाही तो सुबह से ही लगी हुई थी। दोपहर 12 बजे के आसपास पहले हल्की वर्षा हुई। फिर एक बजे के आसपास एकाएक काली घटा छा गई।

देखते ही देखते अंधेरा सा छा गया और 40 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार वाली झोंकेदार हवा के साथ वर्षा भी तेज हो गई।

इस दौरान वाहन चालक हेडलाइट जलाकर चलते दिखे। कहीं हल्की और कहीं-कहीं मध्यम स्तर की वर्षा का यह दौर लगभग ढाई बजे तक चलता रहा।

बादल छाए रहने और वर्षा के असर से गर्मी के तेवर भी खासे नरम हो गए। अधिकतम तापमान सामान्य से 4.9 डिग्री कम 28.3 डिग्री दर्ज किया गया।

रिज क्षेत्र में यह गिरावट सर्वाधिक 6.3 डिग्री सेल्सियस की रही। न्यूनतम तापमान सामान्य से 3.7 डिग्री अधिक 23.3 डिग्री सेल्सियस रहा। हवा में नमी का स्तर 76 से 100 प्रतिशत दर्ज किया गया।

अक्टूबर में औसत से तीन गुना अधिक वर्षा

जहां तक वर्षा का सवाल है तो शाम साढ़े पांच बजे तक राजधानी में 15.9 मिमी वर्षा दर्ज की गई। इसे मिलाकर इस अक्टूबर माह में अभी तक दिल्ली में 57.5 मिमी वर्षा हो चुकी है। यह इस माह की औसत वर्षा 15.1 मिमी के बनिस्पत तीन गुना से भी कहीं अधिक है।

दशहरे पर मौसम साफ रहने के आसार

मौसम विभाग के अनुसार उत्तर पंजाब के ऊपर पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय है। इसके अलावा दक्षिण हरियाणा के आसपास भी हवा में चक्रवाती स्थिति बनी हुई है। इसीलिए मौसम में यह बदलाव हुआ।

हालांकि, इन मौसमी परिस्थितियों के बावजूद 17 से 22 अक्टूबर तक वर्षा होने की संभावना नहीं है। यानी 20 अक्टूबर को दशहरे के दिन मौसम साफ रहेगा। रावण धू-धू कर जल सकेगा।

कहां कितनी वर्षा और कितना गिरा तापमान

स्थान

वर्षा (मिमी)

अधिकतम तापमान (°C)

तापमान में कमी (°C)

सफदरजंग

15.9

28.3

4.9

पालम

11.2

28.1

5.3

लोधी रोड

20.0

27.8

5.2

रिज

25.2

27.4

6.3

आया नगर

7.2

28.4

5.3