CAG की रिपोर्ट के बाद जागा रेलवे प्रशासन, दिल्ली के स्टेशनों पर शुद्ध पानी के लिए चलेगा विशेष अभियान
CAG रिपोर्ट में रेलवे स्टेशनों पर जल आपूर्ति पर सवाल उठने के बाद, दिल्ली मंडल ने शुद्ध पेयजल के लिए ...और पढ़ें

एआई जेनेरेटेड इमेज।
HighLights
CAG रिपोर्ट ने रेलवे स्टेशनों पर जल आपूर्ति पर सवाल उठाए।
दिल्ली मंडल ने शुद्ध पेयजल सुनिश्चित करने हेतु अभियान चलाया।
रिसाव जांच, पाइप मरम्मत और आरओ सफाई पर विशेष ध्यान।
राज्य ब्यूरो, नई दिल्ली। भारत के नियंत्रक एवं महालेखा परीक्षक (कैग) द्वारा हाल में ही जारी रिपोर्ट में देश के कई रेलवे स्टेशनों पर जल आपूर्ति व्यवस्था पर प्रश्न खड़े किए गए हैं। इसमें सुधार करने और निर्धारित मानक के अनुसार पानी की जांच करने को कहा गया था।
रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने भी इसे लेकर आवश्यक कदम उठाने का निर्देश दिया था। उसके बाद दिल्ली मंडल ने स्टेशनों के साथ ही रेलवे कालोनियों में विशेष अभियान शुरू किया है। जल भंडारण से लेकर यात्रियों तक शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराने की व्यवस्था दुरुस्त की जा रही है।
रिसाव की गहन जांच
अधिकारियों ने बताया कि संपूर्ण जल वितरण नेटवर्क में रिसाव की गहन जांच की जा रही है। क्षतिग्रस्त पाइपों, नलों एवं वाल्वों की तत्काल मरम्मत एवं प्रतिस्थापन किया जा रहा है ताकि रिसाव को रोका जा सके।
पेयजल आपूर्ति पाइपलाइन व सीवर लाइन आपस में मिलने से भी कई बार पानी दूषित हो जाता है। इस तरह की स्थिति उत्पनन न हो इसका ध्यान रखा जा रहा है।
स्टेशन परिसरों में स्थापित वाटर कूलरों एवं वाटर वेंडिंग मशीनों में लगे आरओ प्रणाली की नियमित सफाई, सर्विसिंग तथा आवश्यकता अनुसार प्रतिस्थापन सुनिश्चित किया जा रहा है। रेलवे के चिकित्सा कर्मियों तथा इंजीनियरिंग विभाग की टीम को नियमित रूप से जल गुणवत्ता की जांच करने को कहा गया है।
आवासीय कॉलोनियों के लिए भी समान व्यवस्था लागू
रेलवे स्टेशनों के साथ ही रेलवे की आवासीय कालोनियों, स्वास्थ्य इकाइयों तथा कार्यालयों में भी समान स्वच्छता, परीक्षण एवं अवसंरचना रखरखाव मानकों को लागू किया जा रहा है।
दिल्ली के मंडल रेल प्रबंधक पुष्पेश रमण त्रिपाठी ने कहा कि स्टेशनों, कालोनियों व अन्य रेलवे परिसरों में सुरक्षित एवं स्वच्छ पेयजल की निर्बाध उपलब्धता सुनिश्चित करना प्राथमिकता में है।
यह भी पढ़ें- अब रेलवे स्टेशनों पर नहीं दिखेगा ओवरफ्लो कचरा, 200 लीटर से अधिक क्षमता के स्मार्ट बिन लगेंगे
