दिल्ली में 7000 KG सड़ा खोया बरामद, मोरी गेट मंडी में CM रेखा गुप्ता की रेड; दो चीजों की हो रही थी मिलावट
दिल्ली में त्योहारों के दौरान मिलावटखोरी के खिलाफ कार्रवाई जारी है। खाद्य सुरक्षा विभाग ने मोरी गेट खोया मंडी से ...और पढ़ें
HighLights
खाद्य विभाग ने मोरी गेट मंडी से 7000 किलो खोया जब्त किया।
जब्त खोये में दूध पाउडर और वनस्पति के संकेत मिले।
त्योहारों पर मिलावट रोकने को अभियान लगातार जारी रहेगा।
जागरण संवाददाता, नई दिल्ली। दिल्ली में त्योहारों के दौरान मिलावटखोरी के खिलाफ लगातार कार्रवाई के बावजूद बाजार में नकली और मिलावटी खाद्य पदार्थों की बिक्री थम नहीं रही है। नकली खोया, पनीर और देसी घी की बिक्री लोगों की सेहत के लिए खतरा बनी हुई है।
मंगलवार को खाद्य सुरक्षा विभाग ने मोरी गेट स्थित खोया मंडी में बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 7000 किलो सड़ा-गला और दुर्गंधयुक्त खोया जब्त कर नष्ट कराया। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने स्वयं मौके पर पहुंचकर कार्रवाई का निरीक्षण किया।
खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने अभियान के दौरान खोया मंडी से 44 निगरानी नमूने लिए। इनकी मौके पर खाद्य सुरक्षा जांच वाहन से प्रारंभिक जांच की गई, जिसमें 35 नमूने फेल पाए गए। दो अन्य नमूने विस्तृत जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे गए हैं। प्रारंभिक जांच में खोये में दूध पाउडर, वनस्पति और बाइंडिंग के लिए इस्तेमाल होने वाले पदार्थों के संकेत मिले हैं।
घी के 59 नमूनों में 23 में मिलीं खामियां
खोये के साथ देसी घी की गुणवत्ता भी सवालों के घेरे में है। खाद्य सुरक्षा विभाग की जांच में घी के 59 नमूनों में 19 मानव उपभोग के लिए असुरक्षित पाए गए, जबकि चार नमूने निर्धारित गुणवत्ता मानकों पर खरे नहीं उतरे।
इसके अलावा 29 अक्टूबर को भोगल, नजफगढ़ और शिव विहार में छापेमारी के दौरान 948.9 लीटर घी जब्त किया गया। इस कार्रवाई में 15 नमूने जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे गए। हालांकि, इन नमूनों की अंतिम जांच रिपोर्ट अभी उपलब्ध नहीं है।
दो महीने में 85 नमूनों में मिलीं खामियां
खाद्य सुरक्षा विभाग की ओर से पिछले दो महीने में 30 अभियान चलाकर 290 खाद्य नमूनों की जांच की गई। इनमें 85 नमूने असुरक्षित या निर्धारित गुणवत्ता मानकों से कम पाए गए। इस दौरान 4000 किलो से अधिक खाद्य सामग्री नष्ट कराई गई। यह आंकड़ा बताता है कि बाजार में बिकने वाले खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता को लेकर निगरानी और जांच की आवश्यकता बनी हुई है।
अब तक 10,660 किलो खोया नष्ट
मोरी गेट खोया मंडी में विभाग का यह चौथा अभियान था। इससे पहले चार सितंबर को 2830 किलो, 8 सितंबर को 610 किलो और 23 अक्टूबर को 520 किलो खोया नष्ट कराया गया था। मंगलवार को करीब 7000 किलो खोया नष्ट कराने के बाद विभाग अब तक कुल 10,660 किलो खोया नष्ट करा चुका है।
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि त्योहारों की खुशियों में जहर घोलने वालों के लिए दिल्ली में कोई जगह नहीं है। मिलावटखोर चाहे कितने भी प्रभावशाली हों, उनके खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को अभियान लगातार जारी रखने और संदिग्ध खाद्य सामग्री को बाजार तक पहुंचने से रोकने के निर्देश दिए।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।