विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

दिल्ली PWD में खत्म होगा फाइलों का झंझट! लागू हो सकता है सिंगल फाइल सिस्टम, Online कामकाज से आएगी ट्रांसपेरेंसी

Published: Fri, 28 Aug 2026 02:28 PM (IST)

दिल्ली पीडब्ल्यूडी में कागजी कार्रवाई कम करने और प्रशासनिक प्रक्रियाओं को सरल बनाने के लिए सिंगल फाइल सिस्टम लागू करने की तैयारी है। इससे पारदर्शिता और दक्षता बढ़ेगी।

ऑनलाइन फाइलों का निपटारा होगा जिससे काम में पारदर्शिता आएगी। एआई इमेज

ऑनलाइन फाइलों का निपटारा होगा जिससे काम में पारदर्शिता आएगी। एआई इमेज

HighLights

  1. पीडब्ल्यूडी में सिंगल फाइल सिस्टम लागू करने की तैयारी।

  2. कागजी कार्रवाई कम करने, पारदर्शिता बढ़ाने का लक्ष्य।

  3. तीन सदस्यीय समिति 15 दिन में सौंपेगी रिपोर्ट।

राज्य ब्यूरो, नई दिल्ली। दिल्ली सरकार के लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) में कागजी कार्रवाई कम करने और प्रशासनिक प्रक्रियाओं को सरल बनाने के लिए सिंगल फाइल सिस्टम लागू करने की तैयारी शुरू की गई है। इस व्यवस्था की संभावनाओं का अध्ययन करने के लिए विभाग ने तीन सदस्यीय समिति गठित की है। समिति को 15 दिनों के भीतर अपनी रिपोर्ट सौंपने के निर्देश दिए गए हैं। इस व्यवस्था से ऑनलाइन फाइलों का निपटारा होगा जिससे काम में पारदर्शिता आएगी।

समिति का गठन पीडब्ल्यूडी के प्रधान मुख्य अभियंता प्रदीप गुप्ता की अध्यक्षता में किया गया है। समिति में विभग के अधीक्षण अभियंता शरवन कुमार व अधिशासी अभियंता सदस्य बनााए गए हैं। इस संबंध में कार्यालय आदेश 25 अगस्त को जारी किया गया है।

पीडब्ल्यूडी का मानना है कि दिल्ली का भौगोलिक क्षेत्र सीमित होने के बावजूद विभाग में विभिन्न स्तरों पर फाइलों और दस्तावेजों की अधिकता है। एक ही मामले से जुड़ी फाइलों के अलग-अलग कार्यालयों और अधिकारियों के बीच घूमने से निर्णय प्रक्रिया में देरी की संभावना रहती है। इसी कागजी बोझ को कम करने के उद्देश्य से सिंगल फाइल सिस्टम की व्यवहार्यता पर विचार किया जा रहा है।

प्रस्तावित व्यवस्था में किसी मामले से संबंधित महत्वपूर्ण पत्राचार, टिप्पणियां और निर्णय एक ही फाइल में व्यवस्थित किए जा सकेंगे। इससे रिकार्ड तलाशने में लगने वाला समय घट सकता है और अधिकारियों को मामले की पूरी जानकारी एक स्थान पर मिल सकेगी।

इस सिस्टम के लागू होने से कागज की खपत कम होने, फाइलों की आवाजाही घटने और निर्णय प्रक्रिया तेज होने की उम्मीद है। रिकाॅर्ड प्रबंधन बेहतर होने के साथ जवाबदेही और पारदर्शिता भी बढ़ सकती है। हालांकि, समिति की रिपोर्ट के बाद ही यह स्पष्ट होगा कि पीडब्ल्यूडी में सिंगल फाइल सिस्टम किस स्वरूप में और किन स्तरों पर लागू किया जाएगा।

यह भी पढ़ें- दिल्ली सरकार ने जर्जर फ्लाईओवरों के कायाकल्प की तैयारी की तेज, 10 साल से हो रहा था इंतजार; जानिए किन पर होगा काम