दिल्ली की सड़कों का बनेगा पूरा डिजिटल रिकॉर्ड, PWD दर्ज करेगा लंबाई-चौड़ाई से लेकर लाइट तक हर जानकारी
पीडब्ल्यूडी अब अपनी सड़कों का पूरा और व्यवस्थित ब्योरा ऑनलाइन दर्ज करेगा, जिससे सड़क संबंधी सभी जानकारी एक जगह उपलब्ध ...और पढ़ें

एआई जेनेरेटेड इमेज।
HighLights
पीडब्ल्यूडी सड़कों का ऑनलाइन व्यवस्थित ब्योरा तैयार करेगा।
सड़क की स्थिति, श्रेणी, चौड़ाई और सुविधाओं की जानकारी दर्ज होगी।
यह प्रक्रिया 14 सितंबर से 1 अक्टूबर तक चलेगी।
राज्य ब्यूरो, नई दिल्ली। लोक निर्माण विभाग के अधीन आने वाली सड़कों का अब एक जगह का पूरा और व्यवस्थित ब्योरा तैयार किया जाएगा। इसके लिए सड़क संबंधी जानकारी को आनलाइन व्यवस्था में दर्ज और सत्यापित करने की प्रक्रिया शुरू की गई है।
विभाग ने सभी संबंधित अधिशासी अभियंताओं को अपनी-अपनी सड़कों का विवरण तय समय सीमा में उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं।
इस प्रक्रिया में सड़क कहां से शुरू होती है और कहां समाप्त होती है, इसकी स्थिति, सड़क की श्रेणी, लेनों की संख्या, सड़क की सतह और सड़क की चौड़ाई जैसी जानकारी दर्ज की जाएगी। यह प्रक्रिया 14 सितंबर से 1 अक्टूबर तक की जाएगी। इसके अलावा यह भी बताया जाएगा कि किसी सड़क का रखरखाव कौन करता है।
दर्ज होगी सड़क से जुड़ी हर जानकारी
सड़क से जुड़ी सुविधाओं की जानकारी भी दर्ज होगी। इसमें बीच में डिवाइडर है या नहीं, सड़क के किनारे पार्किंग की सुविधा है या नहीं, वर्षा के पानी की निकासी की व्यवस्था, साइकिल चलाने के लिए रास्ता, जेब्रा क्रॉसिंग, गति कम करने वाले अवरोध और सड़क किनारे प्रकाश व्यवस्था की स्थिति शामिल है।
विभाग ने इसके लिए एमएसओ भवन में एक अलग प्रकोष्ठ बनाया है। संबंधित अधिकारी तय तारीख और समय पर यहां पहुंचकर अपनी सड़कों का विवरण दर्ज और सत्यापित कराएंगे।
सड़क की जानकारी दर्ज होने के बाद विभाग के पास प्रत्येक सड़क का अधिक व्यवस्थित रिकार्ड उपलब्ध होगा। इससे सड़क की स्थिति और उससे जुड़ी सुविधाओं की जानकारी जुटाने में आसानी होगी।
इससे क्या लाभ होगा?
इससे दिल्ली की सड़कों का एक व्यवस्थित और अपडेटेड रिकार्ड तैयार होगा। किसी सड़क की चौड़ाई, लंबाई और सुविधाओं की जानकारी आसानी से मिल सकेगी। जल निकासी, पार्किंग, जेब्रा क्रॉसिंग और प्रकाश व्यवस्था जैसी सुविधाओं की स्थिति पता चल सकेगी।
सड़क से जुड़े कामों की योजना बनाने में विभाग को मदद मिलेगी। जिन सड़कों का विवरण अभी दर्ज नहीं है, उन्हें भी रिकार्ड में शामिल किया जा सकेगा।
यह भी पढ़ें- पीडब्ल्यूडी में रहें या सीपीडब्ल्यूडी लौटेंगे? अब दिल्ली सरकार के आधिकारिक निर्देश के बाद ही होगा तय
यह भी पढ़ें- अयोध्या में पीडब्ल्यूडी कार्यालय की बाउंड्रीवाल बाउंड्रीवाॅल भरभराकर गिरी, मोटरसाइकिल मिस्त्री की मौत
