विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

दिल्ली की सड़कों-पुलों से गायब हो रहीं ग्रिल-रेलिंग, बारापुला कॉरिडोर में भी चोरी; चोरों का PWD की नाक में दम 

Published: Fri, 25 Sep 2026 03:00 PM (IST)

दिल्ली में लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) की सड़कों, पुलों और फुटओवर ब्रिज से लोहे की ग्रिल व अन्य सामान चोरी ...और पढ़ें

ग्रिल और जालियां चोरी हो जा रहीं। फोटो: एआई जनरेटेड

ग्रिल और जालियां चोरी हो जा रहीं। फोटो: एआई जनरेटेड

HighLights

  1. पीडब्ल्यूडी की सड़कों और पुलों से लोहे की ग्रिल-रेलिंग चोरी

  2. बारापुला फेज-3 कॉरिडोर से 20 मीटर पुल ब्रिज स्क्रीन गायब

  3. सरकारी संपत्ति को नुकसान, सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े

राज्य ब्यूरो, जागरण, नई दिल्ली। दिल्ली में लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) की सड़कें, पुल और फुटओवर ब्रिज चोरों के निशाने पर हैं। सड़क किनारे लगी लोहे की ग्रिल, डिवाइडर की जालियां, ध्वनि अवरोधक और अन्य लोहे के सामान को चोर उखाड़कर ले जा रहे हैं।

अब नवनिर्मित बारापुला फेज-3 एलिवेटेड कारिडोर पर साइकिल और पैदल यात्रियों की सुरक्षा के लिए लगाए गए पुल ब्रिज स्क्रीन का करीब 20 मीटर हिस्सा चोरी हो गया है।

विभाग के अनुसार, इस वर्ष अब तक ऐसी 12 से अधिक घटनाओं में पुलिस को शिकायत दी जा चुकी है। बार-बार हो रही चोरी से जहां सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंच रहा है, वहीं सड़क और पुलों की सुरक्षा व्यवस्था भी प्रभावित होने का खतरा है।

उद्घाटन से पहले बारापुला में चोरी

बारापुला फेज-3 एलिवेटेड कारिडोर पर साइकिल मार्ग और पैदल चलने वालों की सुरक्षा के लिए पुल ब्रिज स्क्रीन लगाई गई थीं। चोर इसका करीब 20 मीटर हिस्सा काटकर ले गए। घटना कारिडोर के उद्घाटन से कुछ दिन पहले सामने आई है।

इन पर्दों का उद्देश्य वाहनों के पुल से नीचे गिरने के खतरे को कम करने के साथ आसपास के इलाकों में यातायात के शोर को कम करना भी है। घटना के बाद पीडब्ल्यूडी ने बारापुला फेज-3 पर रात के समय सुरक्षा कर्मियों की तैनाती का फैसला किया है। कारिडोर का उद्घाटन 29 सितंबर को प्रस्तावित है।

ग्रिल और रेलिंग पहले भी हो चुकी चोरी

सरकारी सड़क संपत्ति की चोरी का यह पहला मामला नहीं है। पिछले वर्ष से अब तक दिल्ली के कई इलाकों में सड़क किनारे लगी रेलिंग और डिवाइडर की ग्रिल गायब होने की घटनाएं सामने आई हैं। लक्ष्मी नगर, दिल्ली गेट, सराय काले खां और जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम के आसपास ग्रिल और रेलिंग के हिस्से चोरी हुए हैं।

वर्ष 2023 में प्रगति मैदान और मथुरा रोड के आसपास भी पीडब्ल्यूडी की संपत्ति चोरी हुई थी। पिछले साल इस मार्ग पर फुटओवर ब्रिज के एस्केलेटर की मोटर और लोहे का सामान भी चोरी हुआ था।

200 मीटर तार और नौ लाइटें चोरी

चोरों ने सड़क किनारे की बत्तियां, सजावटी रोशनी, तार, सेंट्रल वर्ज की लोहे की ग्रिल और अन्य सामान को भी निशाना बनाया है। एक मामले में मथुरा रोड से करीब 200 मीटर तार और नौ बत्तियां चोरी होने की शिकायत की गई थी।

मुनिरका और राव तुलाराम मार्ग एलिवेटेड कारिडोर पर वर्ष 2014 से अब तक कई बार ध्वनि अवरोधक की पालीकार्बोनेट चादरें चोरी होने की बात सामने आई है। पीडब्ल्यूडी अधिकारियों के अनुसार, ध्वनि अवरोधक की चोरी बार-बार होती है और विभाग को इन्हें बदलना पड़ता है।

ITO मार्ग से 50 स्टील छड़ें गायब

लोक निर्माण विभाग मुख्यालय के सामने ITO मार्ग के डिवाइडर से करीब 50 स्टील की छड़ें भी चोरी हो चुकी हैं। लगातार हो रही इन घटनाओं से सरकारी संपत्ति की सुरक्षा और निगरानी व्यवस्था पर सवाल खड़े हो रहे हैं।

चोरी के बाद पीडब्ल्यूडी को क्षतिग्रस्त हिस्सों की मरम्मत कराने और दोबारा सामान लगाने पर सरकारी धन खर्च करना पड़ता है।

यह भी पढ़ें- दिल्ली-NCR में करवट लेगा मौसम, शनिवार से 3 दिन बारिश का अलर्ट; गर्मी-उमस से मिलेगी राहत