'ठिकाना बदलते रहो', टाॅयलेट में छिपे गुरुद्वारे में ली पनाह; पुलिस पहुंची तो सड़क पर आ गए CJP प्रदर्शनकारी
दिल्ली में सीजेपी प्रदर्शन के दौरान, प्रदर्शनकारी पुलिस से बचने के लिए सार्वजनिक शौचालयों और बंगला साहिब गुरुद्वारे में छिपे रहे।

डीडीयू मार्ग पर विरोध प्रदर्शन करते वामदलों के प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लेकर जाते पुलिसकर्मी। फोटो: चंद्र प्रकाश मिश्र
HighLights
प्रदर्शनकारी पुलिस से बचने के लिए शौचालय और गुरुद्वारे में छिपे
कनाट प्लेस के शौचालय में 20 से अधिक युवक रातभर छिपे
पुलिस ने कई प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लिया, पर जोश बरकरार
शशि ठाकुर, नई दिल्ली। पुलिस से बचना है तो ठिकाना बदलते रहो और मौका मिलते ही फिर प्रदर्शन में कूद पड़ो। शनिवार को राजधानी में सीजेपी के प्रदर्शन के दौरान कुछ ऐसा ही नजारा दिखा।
कोई कनॉट प्लेस के सार्वजनिक शौचालय में छिपा रहा तो किसी ने बंगला साहिब गुरुद्वारे में पनाह ली। पुलिस पहुंची तो कोई परिसर के भीतर लौट गया, तो कोई गिरफ्तारी से बचने के लिए इधर-उधर भागने लगा।
जंतर-मंतर की ओर बढ़ने की तैयारी में जुटे प्रदर्शनकारियों और उन्हें पकड़ने में लगी पुलिस के बीच दिनभर लुका-छिपी का खेल चलता रहा।

सार्वजनिक शौचालय में रातभर छिपे रहे युवक
कनॉट प्लेस में एनडीएमसी के एक सार्वजनिक शौचालय में 20 से अधिक युवक रातभर छिपे रहे। शुक्रवार को शहर में प्रतिबंधों की घोषणा के बाद वे धीरे-धीरे वहां जुटे थे। शौचालय रात 10 बजे बंद होता है और सुबह छह बजे खुलता है।
प्रदर्शनकारियों को उम्मीद थी कि सुबह निकलकर वे पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था को चकमा दे देंगे। लेकिन सुबह जांच के दौरान पुलिस ने उन्हें अंदर ही पकड़ लिया। कुछ पर दरवाजा जबरन खोलकर अंदर घुसने का आरोप था।
पुलिस ने सभी को हिरासत में लेकर वाहनों में बैठा दिया। दिलचस्प यह कि हिरासत में पहुंचने के बाद भी प्रदर्शनकारियों का जोश ठंडा नहीं हुआ। वे पुलिस वाहनों के भीतर से नारे लगाते और अंदर की दीवारों पर हाथ मारते रहे।
बंगला साहिब में भी चलती रही आंख-मिचौली
उधर, बंगला साहिब गुरुद्वारे में भी यही आंख-मिचौली चलती रही। प्रदर्शनकारी बाहर निकलकर इंकलाब जिंदाबाद और जय भीम के नारे लगाते, पुलिस आगे बढ़ती तो परिसर में लौट जाते। मौका मिलते ही फिर सड़क पर आ जाते।
पुलिस ने कई प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लिया। गुरुद्वारा प्रबंधन ने कहा कि प्रदर्शनकारी निहत्थे थे और परिसर के भीतर नारे नहीं लगा रहे थे, इसलिए पुलिस को अंदर नहीं आने दिया जाएगा।

छात्र संगठनों और वामपंथी नेताओं को हिरासत में लिया
बाबा खड़क सिंह मार्ग से अशोक रोड की ओर बढ़ रहे छात्र संगठनों के सदस्यों को भी पुलिस ने पकड़ा। केरल हाउस से प्रदर्शन में शामिल होने निकले वामपंथी नेताओं को भी हिरासत में लिया गया।
सख्ती के बावजूद प्रदर्शनकारी कभी छिपते, कभी निकलते रहे और पुलिस उन्हें पकड़ने में लगी रही।
यह भी पढ़ें- Delhi CJP Protest Live: 45 मेट्रो स्टेशन रात 10 बजे तक बंद, सोनम वांगचुक बोले- यह अघोषित इमरजेंसी
यह भी पढ़ें- CJP प्रोटेस्ट में पाकिस्तानी कनेक्शन की जांच, फेक वीडियो से फैलाया भ्रम; दिल्ली पुलिस ने X पर खोली पोल
