दिल्ली सरकार का बड़ा फैसला, अब ऑफलाइन भी मिलेंगे संपत्ति रजिस्ट्री के दस्तावेज
दिल्ली के सब रजिस्ट्रार कार्यालयों में सर्वर समस्या के कारण संपत्ति रजिस्ट्री की सर्टिफाइड कॉपी मिलने में आ रही परेशानी ...और पढ़ें
-1792753261725_m.webp)
सब-रजिस्ट्रार कार्यालय में काउंटर पर पूछताछ करते लोग। AI जनरेटेड
HighLights
दिल्ली सब रजिस्ट्रार कार्यालयों में सर्वर समस्या से लोग परेशान थे।
दैनिक जागरण ने समस्या उजागर की, सरकार ने तुरंत संज्ञान लिया।
अब सोमवार से रजिस्ट्री की सर्टिफाइड कॉपी ऑफलाइन भी मिलेगी।
गौतम कुमार मिश्रा, पश्चिमी दिल्ली। दिल्ली के सब रजिस्ट्रार कार्यालयों में सर्वर की समस्या के कारण संपत्ति की रजिस्ट्री से जुड़े दस्तावेजों की सर्टिफाइड कॉपी हासिल करने के लिए परेशान हो रहे लोगों को अब राहत मिलने की उम्मीद है।
दैनिक जागरण की ओर से 21 अक्टूबर के अंक में इस समस्या को प्रमुखता से उठाए जाने के बाद मामला सरकार के संज्ञान में आया। इसके बाद सरकार ने सर्कुलर जारी कर सोमवार से रजिस्ट्री के दस्तावेजों की सर्टिफाइड कॉपी ऑफलाइन मोड में भी उपलब्ध कराने की व्यवस्था करने का निर्णय लिया है। इससे ऑनलाइन सिस्टम में तकनीकी खराबी आने पर भी लोगों के जरूरी काम नहीं अटकेंगे।
दस्तावेज जारी करने का काम प्रभावित
अब तक रजिस्ट्री से संबंधित दस्तावेजों की सर्टिफाइड कॉपी उपलब्ध कराने की प्रक्रिया पूरी तरह ऑनलाइन व्यवस्था पर निर्भर थी। ऐसे में सर्वर में खराबी आने या सिस्टम ठप होने पर दस्तावेज जारी करने का काम प्रभावित हो जाता था।
वहीं, इसका खामियाजा उन लोगों को भुगतना पड़ रहा था, जिन्हें बैंक, संपत्ति के लेनदेन, कानूनी प्रक्रिया या अन्य जरूरी कार्यों के लिए इन दस्तावेजों की आवश्यकता होती है। लोग कार्यालय पहुंचने के बाद भी बिना काम कराए लौटने को मजबूर थे।
कापसहेड़ा कार्यालय में रोजाना पहुंच रहे थे लोग
कापसहेड़ा स्थित सब रजिस्ट्रार कार्यालय में भी सर्वर की समस्या के कारण लोगों को लंबे समय से परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। लोग सर्टिफाइड कॉपी लेने की उम्मीद में कार्यालय पहुंचते, लेकिन तकनीकी दिक्कत के कारण उन्हें निराश होकर लौटना पड़ता था।
इसके बाद अगले दिन फिर कार्यालय पहुंचने पर भी काम होने की कोई गारंटी नहीं थी। इससे लोगों का समय और मेहनत दोनों बर्बाद हो रहे थे। दैनिक जागरण ने इस समस्या को सामने लाकर अधिकारियों का ध्यान इस ओर आकर्षित किया।
पुराना डोरिस प्लेटफार्म बना समस्या की वजह
रजिस्ट्री से जुड़े दस्तावेजों की नकल जारी करने का काम दिल्ली सरकार के डोरिस (डीड्स रजिस्ट्रेशन इंफार्मेशन सिस्टम) प्लेटफार्म के माध्यम से होता है। यह प्लेटफार्म पुराना हो चुका है और इसमें आए दिन तकनीकी समस्याएं आती रहती हैं। खामी दूर करने में भी काफी समय लग जाता है, जिससे कामकाज प्रभावित होता है।
सूत्रों के अनुसार, डोरिस प्लेटफार्म को अपडेटेड वर्जन के साथ नए सिरे से विकसित करने की प्रक्रिया चल रही है।
