विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Apr 03, 2023 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

Delhi: सोनीपत में लॉरेंस बिश्नोई के शूटर की हत्या कर दिल्ली में छिपने पहुंचे दो बदमाश, मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार

By Jagran NewsEdited By: Geetarjun
Published: Mon, 03 Apr 2023 04:58 PM (IST)Updated: Mon, 03 Apr 2023 07:55 PM (IST)

दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल और नॉर्दर्न रेंज की एक टीम ने दो फरार शातिर अपराधियों को मुठभेड़ के बाद ...और पढ़ें

सोनीपत में की हत्या, फिर उसके साथी को मारने की थी योजना; स्पेशल सेल ने तमंचे-कारतू के साथ पकड़े बदमाश
सोनीपत में की हत्या, फिर उसके साथी को मारने की थी योजना; स्पेशल सेल ने तमंचे-कारतू के साथ पकड़े बदमाश

नई दिल्ली [राकेश कुमार सिंह]। सोनीपत में कुख्यात गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई के शूटर की दिनदहाड़े ताबड़तोड़ गोलियां मार हत्या करने के बाद दिल्ली छिपने आए दो बदमाशों को स्पेशल सेल ने नरेला में मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। मुठभेड़ में बदमाशों ने दो व सेल की टीम ने एक गोली चलाई। बदमाशों की एक गोली एक पुलिसकर्मी की बुलेटप्रूफ जैकेट लगने से वह बाल-बाल बच गए।

डीसीपी राजीव रंजन सिंह के अनुसार, गिरफ्तार किए गए बदमाशों के नाम संजय उर्फ संजू व मंजीत उर्फ मांजा है। दोनों सोनीपत, हरियाणा के अलग-अलग गांव के रहने वाले हैं। इनके कब्जे से 7.65 बोर की एक पिस्टल, दो कट्टा, एक अतिरिक्त मैगजीन और 15 कारतूस बरामद किए गए हैं। एसीपी वेद प्रकाश, इंस्पेक्टर पूरन पंत, कुलबीर, विक्रम, रवि तुशीर व अनुज नौटियाल की टीम ने दोनाें को मुठभेड के बाद दबोच लिया।

बदमाशों के दिल्ली में होने की मिली सूचना

दिल्ली-एनसीआर में अपराध पर लगाम लगाने के लिए स्पेशल सेल की टीम विभिन्न सिंडिकेट के सदस्यों पर लगातार काम कर रही है। उसी के तहत सोनीपत के दोनों बदमाशों का पता चला था। दो अप्रैल को बदमाश संजय व मंजीत के नरेला में आने की सूचना मिली थी।

सरेंडर करने को कहा तो कर दी फायरिंग

मंगल बाजार रोड, नरेला में सेल की टीम ने जब दोनों बदमाशों को घेर कर आत्मसमर्पण करने को कहा, तब संजय ने पिस्टल निकालकर भागने की कोशिश में पुलिस पार्टी को निशाना बनाकर दो राउंड फायरिंग की। उनमें एक गोली एक पुलिसकर्मी के बुलेट प्रूफ जैकेट में जा लगी।

पुलिस ने हाथापाई के बाद किया गिरफ्तार

उसी बीच मंजीत ने भी गोली चलाने के क्रम में लोडेड कट्टा निकाल कर भागने लगा। पुलिस टीम ने हवा में एक राउंड फायरिंग कर हाथापाई के बाद दोनों बदमाशों को हथियार व कारतूस के साथ पकड़ लिया। संजय को पहली बार 2014 में गिरफ्तार किया गया था। तभी से वह अपराध कर रहा है।

वर्तमान में वह बालू व मिट्टी खनन व्यवसाय से भी जुड़ा हुआ था। उसके खिलाफ दस से अधिक आपराधिक मामले दर्ज हैं। मंजीत अपने गांव में किराने की दुकान चलाता था और रेत व मिट्टी खनन व्यवसाय में अपने भाई की मदद करता था।

29 मार्च को दिनदहाड़े की हत्या

29 मार्च की सुबह 10 बजे सुनील को उसके गांव में ही बदमाशों ने दिनदहाड़े हत्या कर दी थी। उसके शरीर में कई गोलियां मारी गई, जिससे मौके पर ही उसकी मौत हो गई थी। आरोपित और मृतक बालू खनन के कारोबार से जुड़े हैं। दो माह पूर्व उनका ट्रैक्टर मृतक के ट्रैक्टर से टकरा गया था और आरोपत पक्ष ने नुकसान के मुआवजे की मांग की थी।

मामला बढ़ जाने पर सुनील और उसके साथियों ने संजय और दीपक (मंजीत के बड़े भाई) के साथ मारपीट की थी। इस संबंध में संजय द्वारा थाना मुरथल में हत्या के प्रयास तहत मामला दर्ज कराया गया। इस मामले में कालू को भी एक आरोपित के रूप में नामजद किया गया था।

सुनील और निखिल (कालू के भाई) ने शिकायतकर्ता पक्ष को कालू के खिलाफ अपने आरोप वापस लेने की धमकी दी थी। इस पर संजय व मंजीत ने नाराज होकर सुनील की हत्या कर दी। दोनों ने निखिल को खत्म करने के लिए उसकी तलाश भी की, लेकिन उसका पता नहीं चल सका।

सुनील आपराधिक मामलों में भी शामिल था और वह लॉरेंस बिश्नोई समूह के वीडियो सोशल मीडिया पर पोस्ट करता था और बिश्नोई गिरोह के नाम से आरोपितों को डराने की कोशिश करता था। इनका अगला निशाना निखिल था।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।