6 घंटे में मोबाइल स्नैचिंग की वारदात का खुलासा, दिल्ली पुलिस ने दबोचे दो शातिर बदमाश
बाहरी दिल्ली में पुलिस ने दिनदहाड़े हुई मोबाइल स्नैचिंग की वारदात को छह घंटे के भीतर सुलझाते हुए दो आरोपियों सरवन और सौरभ को गिरफ्तार किया है।
-1764402752021_v-1793247432620_m.webp)
दिल्ली पुलिस ने वारदात का खुलासा किया। जागरण
HighLights
बाहरी दिल्ली में मोबाइल स्नैचिंग का मामला सुलझा।
पुलिस ने छह घंटे में दो आरोपितों को दबोचा।
11 मोबाइल फोन और चोरी की स्कूटी बरामद।
जागरण संवाददाता, बाहरी दिल्ली। बाहरी दिल्ली में उत्तर-पश्चिमी जिला पुलिस ने भारत नगर थाना क्षेत्र में दिनदहाड़े हुई मोबाइल स्नैचिंग की वारदात को छह घंटे के भीतर सुलझाते हुए दो आरोपितों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार, आरोपियों की पहचान सरवन उर्फ सपाट (26) और सौरभ उर्फ चाबा उर्फ चावा (25) के रूप में हुई है। पुलिस ने इनके कब्जे से 11 मोबाइल फोन और चोरी की एक स्कूटी बरामद की है। पुलिस का दावा है कि गिरफ्तारी से स्नैचिंग व चोरी के आठ अन्य मामलों का भी खुलासा हुआ है।
भारत नगर थाने में FIR दर्ज
पुलिस के अनुसार, 25 अक्टूबर को राणा प्रताप बाग के गोल चक्कर के पास घरेलू सहायिका पुष्पा का मोबाइल फोन छीन लिया गया था। इस संबंध में भारत नगर थाने में एफआईआर दर्ज की गई थी।
वहीं, जांच के दौरान चौकी संगम पार्क की टीम ने तकनीकी जानकारी के आधार पर सरवन को वारदात के छह घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया। उसके कब्जे से शिकायतकर्ता का मोबाइल फोन बरामद हुआ। पूछताछ और जांच के दौरान उसके साथी सौरभ की संलिप्तता सामने आई।
11 मोबाइल बरामद
पुलिस ने उसे रेलवे लाइन के पास से गिरफ्तार किया। उसकी निशानदेही पर पांच मोबाइल और चोरी की एक स्कूटी बरामद की गई। दोनों आरोपियों से कुल 11 मोबाइल फोन बरामद हुए हैं।
सरवन के खिलाफ पहले से लूट का एक मामला दर्ज है, जबकि सौरभ स्नैचिंग और आर्म्स एक्ट के 12 मामलों में संलिप्त रहा है। बरामद मोबाइल फोन और स्कूटी को भारत नगर, आदर्श नगर, महेंद्र पार्क, मुखर्जी नगर और रूप नगर थानों में दर्ज मामलों से जोड़ा गया है। पुलिस के अनुसार, आठ मामलों का पर्दाफाश हुआ और मामले की जांच जारी है।
