दिल्ली पुलिस का 'ऑपरेशन चक्र-2': 185 चोरी के वाहन बरामद, 44 आरोपित गिरफ्तार
पश्चिमी दिल्ली पुलिस ने 'ऑपरेशन चक्र-2' के तहत 72 घंटे में 185 चोरी के वाहन बरामद किए और 44 आरोपितों को गिरफ्तार किया, जिनमें 10 घोषित बदमाश शामिल हैं।

दिल्ली पुलिस का 'ऑपरेशन चक्र-2' ( एआई जेनरेटेड इमेज )
HighLights
पश्चिमी दिल्ली पुलिस ने चलाया 'ऑपरेशन चक्र-2' अभियान।
72 घंटे में 185 चोरी के वाहन बरामद, 44 गिरफ्तार।
पिछले अभियान से 59% अधिक वाहन बरामद हुए।
जागरण संवाददाता, पश्चिमी दिल्ली। वाहन चोरी के खिलाफ पश्चिमी जिला पुलिस ने 72 घंटे तक विशेष अभियान चलाकर 185 चोरी के वाहन बरामद किए और 44 आरोपितों को गिरफ्तार किया।
ऑपरेशन चक्र-2 के तहत गिरफ्तार आरोपितों में 10 बदमाश घोषित (बीसी) हैं। बरामद वाहनों में 117 स्कूटी, 65 मोटरसाइकिल, एक तिपहिया और दो चारपहिया वाहन शामिल हैं। इनमें 17 हाई स्पीड मोटरसाइकिलें भी हैं।
पश्चिमी जिला पुलिस उपायुक्त हरेश्वर वी. स्वामी के नेतृत्व में चलाए गए अभियान में सभी थानों के साथ एंटी ऑटो थेफ्ट स्क्वाड (एएटीएस), स्पेशल स्टाफ और एंटी नारकोटिक्स यूनिट की टीमों ने कार्रवाई की। दो आरोपितों को अलग-अलग थानों में दो-दो बार गिरफ्तार किए जाने से कुल 46 गिरफ्तारी दर्ज की गईं।
पहले अभियान से बेहतर परिणाम
ऑपरेशन चक्र-1 में 72 घंटे के दौरान 116 वाहन बरामद हुए थे, जबकि इस बार 185 वाहन बरामद किए गए। कुल बरामदगी में करीब 59 प्रतिशत की वृद्धि हुई। बरामद वाहनों में 91 पश्चिमी जिले और 94 दूसरे जिलों में दर्ज चोरी के मामलों से संबंधित हैं।
एकमात्र उद्देश्य वाहन चोरी पर अंकुश लगाना
स्पेशल स्टाफ ने सुमित को गिरफ्तार किया, जिसके खिलाफ 38 आपराधिक संलिप्तताएं हैं। जनकपुरी पुलिस ने बीसी दिनेश लालू को पकड़ा, जिसके खिलाफ 33 मामले दर्ज हैं।
पुलिस के अनुसार, अभियान का उद्देश्य वाहन चोरी पर अंकुश लगाना और बार-बार अपराध करने वालों के खिलाफ कार्रवाई करना है।
यह भी पढ़ें- नशा तस्करी से मां और बेटा-बेटी ने जुटा ली करोड़ों की प्रॉपर्टी, नूरपुर पुलिस ने की कार्रवाई; आवास व गाड़ी जब्त
