जिगरी दोस्त ही निकला कातिल, ईंट बांधकर में नजफगढ़ नाले में फेंकी लाश; दिल्ली पुलिस ने 12 घंटे में दबोचा
द्वारका पुलिस ने नजफगढ़ नाले में मिले 32 वर्षीय युवक विक्रम की हत्या का खुलासा करते हुए दो दोस्तों को ...और पढ़ें

दोस्त की हत्या कर शव नाले में फेंका। फोटो: सांकेतिक
जागरण संवाददाता, पश्चिमी दिल्ली। द्वारका जिले के छावला थाना क्षेत्र के बादुसराय गांव के पास नजफगढ़ नाले में बुधवार शाम मिले 32 वर्षीय युवक के शव की गुत्थी सुलझाते हुए द्वारका जिला पुलिस ने 12 घंटे के भीतर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
जांच में सामने आया कि शराब के नशे के दौरान हुए विवाद में जिगरी दोस्त सागर ने विक्रम के सिर पर भारी वस्तु से वार कर उसकी हत्या कर दी थी। इसके बाद शव को नाले में फेंक दिया गया था।
मृतक के सिर के पिछले हिस्से में चोट के निशान मिले थे। शव के साथ ईंटें भी बंधी हुई थीं। आशंका है कि शव को पानी में डुबोए रखने के लिए ईंटें बांधी गई थीं।
12 घंटे में दो आरोपी गिरफ्तार
पुलिस उपायुक्त कुशल पाल सिंह ने बताया कि 28 अक्टूबर की शाम पुलिस को नजफगढ़ नाले में शव पड़े होने की सूचना मिली थी। गुरुग्राम में चालक का काम करने वाले 53 वर्षीय विजय भारद्वाज ने काम से घर लौटते समय शव देखा और पुलिस को सूचना दी।
मृतक की पहचान बादुसराय निवासी 32 वर्षीय विक्रम के रूप में हुई थी। जांच में पता चला कि वह 25 अक्टूबर से लापता था। स्वजन ने 27 अक्टूबर की शाम छावला थाने में उसकी गुमशुदगी की शिकायत दी थी।
इसके बाद पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज करके अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त-1 विकास मीणा और एसीपी छावला जसवंत सिंह की निगरानी में छावला थाना प्रभारी दलीप कुमार के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की गई।
शराब के नशे में हुआ विवाद
अपराध जांच टीम और फोरेंसिक विज्ञान प्रयोगशाला (एफएसएल) की टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। जांच टीम ने मैनुअल और तकनीकी जांच के आधार पर पता लगाया कि विक्रम को आखिरी बार बादुसराय के ही निवासी सागर (26) और प्रवीण उर्फ भोलू (30) के साथ देखा गया था।
पुलिस ने दोनों को 29 अक्टूबर को हिरासत में लेकर पूछताछ की तो पता चला कि सागर का विक्रम के साथ पहले से पुराना विवाद चल रहा था। वारदात की रात शराब के नशे में इसी बात को लेकर दोनों के बीच फिर विवाद हो गया।
सिर पर ईंट से वार कर हत्या
इस दौरान सागर ने विक्रम के सिर पर ईंट से वार कर उसकी हत्या कर दी। इसके बाद शव को ईंटें बांधकर नजफगढ़ नाले में फेंक दिया था, ताकि शव नीचे पानी में डूब जाए।
पुलिस अब हत्या के पीछे की वजह और वारदात में दोनों आरोपियों की भूमिका से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर रही है।
यह भी पढ़ें- दिल्ली के कृष्णा नगर में धक्का लगने से कपड़ा कारोबारी की मौत, पड़ोसी परिवार के खिलाफ केस दर्ज
