शाहदरा DCP ऑफिस का बदला पता, भोलानाथ नगर से थाने में हुआ शिफ्ट; एक ही छत के नीचे मिलेंगे 3 बड़े अफसर
शाहदरा डीसीपी कार्यालय को भोलानाथ नगर से शाहदरा थाने में स्थानांतरित कर दिया गया है। दिल्ली पुलिस आयुक्त अनुराग कुमार ने नए कार्यालय का उद्घाटन किया।

HighLights
शाहदरा डीसीपी कार्यालय भोलानाथ नगर से थाने में स्थानांतरित।
दिल्ली पुलिस आयुक्त अनुराग कुमार ने नए कार्यालय का उद्घाटन किया।
एक ही छत के नीचे डीसीपी, एसीपी, साइबर थाना।
जागरण संवाददाता, पूर्वी दिल्ली। शाहदरा थाने में 24 अक्टूबर को वकील और पुलिसकर्मियों के बीच विवाद हुआ था। जिसके बाद गांधी नगर के एसीपी मनस्वी वशिष्ठ ने पुलिस मुख्यालय पर प्रदर्शन किया था। वकीलों ने उनके खिलाफ मोर्चा खोल दिया था। जिसके बाद एसीपी को नौकरी से निलंबित कर दिया था।
मंगलवार को उसी थाने में दिल्ली पुलिस आयुक्त अनुराग कुमार पहुंचे। वजह विवाद नहीं थी। शाहदरा थाने से ही अब शाहदरा डीसीपी कार्यालय चलेगा। पुलिस आयुक्त ने नए डीसीपी आफिस का उद्धाटन किया।
भोलेनाथ नगर में चलता था डीसीपी कार्यालय
शाहदरा का डीसीपी कार्यालय भोलानाथ नगर क्षेत्र में चलता था। दिल्ली पुलिस हाउसिंग कार्पोरेशन लिमिटेड ने डीसीपी आफिस के भवन को जर्जर घोषित कर दिया था। जिसके बाद डीसीपी ऑफिस को भोलानाथ नगर से शाहदरा थाने की पहली मंजिल पर स्थानांतरित किया गया है।
शाहदरा थाने की तीन मंजिला बिल्डिंग में डीसीपी, एसीपी कार्यालय और साइबर थाना चलेगा। फरियादियों को डीसीपी से मिलने के लिए दूसरी जगह चक्कर काटने नहीं पड़ेंगे। पुलिस आयुक्त अनुराग कुमार ने कहा कि नया भवन बनने तक शाहदरा थाने में डीसीपी कार्यालय चलेगा।
उन्होंने पुलिसकर्मियों को बेहतर कार्य करने के लिए प्रोत्साहित भी किया। इस मौके पर स्पेशल सीपी जोन-एक देवेश चंद्र श्रीवास्तव, डीपीसी आरपी मीणा, राजीव रावल, राहुल अलवाल, अतिरिक्त उपायुक्त गीतांजलि खंडेलवाल समेत कई अधिकारी मौजूद रहे।