हैदरपुर में अवैध पटाखों का बड़ा गोदाम पकड़ा, 2375 किलो हरे पटाखे जब्त
शालीमार बाग पुलिस ने हैदरपुर गांव में एक अवैध पटाखा गोदाम का भंडाफोड़ कर 2,375 किलोग्राम हरे पटाखे जब्त किए ...और पढ़ें

हैदरपुर में अवैध पटाखों का बड़ा गोदाम पकड़ा ( फोटो स्रोत : जागरण )
HighLights
हैदरपुर में अवैध पटाखा गोदाम का भंडाफोड़।
2,375 किलोग्राम हरे पटाखे जब्त किए गए।
रोहन गाबा और भाव्य जग्गी पर मामला दर्ज।
जागरण संवाददाता, बाहरी दिल्ली। शालीमार बाग थाना पुलिस ने हैदरपुर गांव में अवैध रूप से रखे गए हरे पटाखों के गोदाम का भंडाफोड़ कर 2,375 किलोग्राम पटाखे जब्त किए हैं। इस मामले में रोहन गाबा और भाव्य जग्गी की संलिप्तता सामने आई है।
दोनों आवश्यक लाइसेंस या अनुमति संबंधी दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके। पुलिस सूत्रों के अनुसार, इस सीजन की सबसे बड़ी पटाखे की खेप बरामद की गई है।
मौके पर पहुंचने पर गोदाम में लगा मिला ताला
पुलिस के अनुसार, बीट पेट्रोलिंग के दौरान हेड कांस्टेबल अमित कुमार यादव और कुलदीप बलियान को गोविंद मोहल्ला स्थित एक गोदाम में पटाखे रखे होने की सूचना मिली थी। मौके पर पहुंचने पर गोदाम पर ताला लगा मिला।
मालिक को बुलाकर नियमानुसार तलाशी ली गई तो अंदर भारी मात्रा में हरे पटाखे मिले। जांच में सामने आया कि पटाखे लाइसेंस मिलने के बाद बेचने के उद्देश्य से खरीदे गए थे। लेकिन, संबंधित समय पर लाइसेंस जारी करने की प्रक्रिया शुरू नहीं हुई थी। गोदाम में रखे पटाखों के लिए भी कोई वैध अनुमति नहीं मिली।
पुलिस ने शुरू की जांच
इस संबंध में शालीमार बाग थाने में एफआइआर के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 223(बी), 288 और विस्फोटक अधिनियम की संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने पटाखे जब्त कर आगे की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस उपायुक्त आकांक्षा यादव ने नागरिकों से पटाखों के भंडारण और बिक्री संबंधी नियमों का पालन करने की अपील की है।
