बेटे को लेकर भारत से भागी रूसी महिला के खिलाफ रेड कॉर्नर नोटिस जारी, दिल्ली पुलिस ने शुरू की प्रत्यर्पण की कार्रवाई
दिल्ली पुलिस ने अपने नाबालिग बेटे के साथ रूस भागी एक महिला को वापस भारत लाने के लिए विदेश मंत्रालय ...और पढ़ें

सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बाद बेटे को लेकर रूस भागी मां (AI-Image)
HighLights
दिल्ली पुलिस ने रूस से महिला को वापस लाने का अनुरोध किया।
विक्टोरिया बासु अपने नाबालिग बेटे के साथ रूस भागी थी।
आरोपी महिला के खिलाफ इंटरपोल रेड कॉर्नर नोटिस जारी।
डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। अपने नाबालिग बेटे को लेकर रूस भागी एक महिला को वापस भारत लाने के लिए दिल्ली पुलिस ने अब बड़ा कदम उठाया है। पुलिस ने विदेश मंत्रालय के जरिए रूस में भारतीय दूतावास को प्रत्यर्पण (Extradition) का औपचारिक अनुरोध भेजा है। यह मामला साकेत कोर्ट में चल रहा है।
आरोपी महिला की पहचान विक्टोरिया बासु के रूप में की गई है। महिला मूल रूप से रूस की नागरिक बताई गई है। उसके खिलाफ इंटरपोल का रेड कॉर्नर नोटिस भी जारी हो चुका है।
क्या है पूरा मामला?
यह FIR डिफेंस कॉलोनी थाने में 2025 में सैकत बासु की शिकायत पर दर्ज किया गया था। बासु ने बताया कि उसकी शादी 2017 में विक्टोरिया से हुई थी। दोनों का एक बेटा है, जिसका जन्म 29 अक्टूबर 2020 को हुआ था।
आरोप है कि 13 मार्च 2023 को विक्टोरिया अपनी मां के साथ बिना बताए घर छोड़कर चली गई और बच्चे को भी छोड़ दिया। इसके बाद उसने बच्चे की पूरी कस्टडी लेने के लिए कोर्ट में याचिका दायर कर दी।
इसके बाद, यह मामला सुप्रीम कोर्ट तक पहुंचा, जहां से दोनों को बच्चे की जॉइंट कस्टडी का आदेश मिला। इसी जॉइंट कस्टडी के आदेश के बाद पिछले साल विक्टोरिया अपने नाबालिग बेटे को लेकर चुपचाप देश से बाहर रूस भाग गई।
पुलिस ने कोर्ट में क्या बताया?
गुरुवार को दिल्ली पुलिस ने साकेत कोर्ट में ज्यूडिशियल मजिस्ट्रेट फर्स्ट क्लास दीपाक्षी राणा की कोर्ट में इस मामले पर एक्शन टेकेन रिपोर्ट (ATR) और स्टेटस रिपोर्ट दाखिल की।
पुलिस ने कोर्ट से थोड़ा और समय मांगते हुए बताया कि मुख्य आरोपी विक्टोरिया बासु को ट्रेस करने के लिए गृह मंत्रालय (MHA) के जरिए औपचारिक रूप से वापस लाने का अनुरोध MEA और मॉस्को स्थित भारतीय दूतावास को भेज दिया गया है।
रिपोर्ट में पुलिस ने यह भी बताया है कि मुख्य आरोपी के खिलाफ इंटरपोल द्वारा रेड कॉर्नर नोटिस जारी हो चुका है। शिकायतकर्ता द्वारा दिए गए दस्तावेजों की जांच की जा रही है ताकि आगे की जरूरी कार्रवाई की जा सके। फिलहाल पुलिस आरोपी महिला और उसके बेटे की लोकेशन ट्रेस करने में लगी है।
