विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

दिल्ली के मुंडका में गैस एजेंसी पर छापा, कालाबाजारी के लिए जमा 610 LPG सिलिंडर जब्त

Published: Mon, 16 Mar 2026 06:39 PM (IST)

पश्चिम एशिया संकट के बीच दिल्ली पुलिस ने मुंडका में 'गुरुजी इंडेन गैस सर्विस' के गोदाम पर छापा मारा। कालाबाजारी ...और पढ़ें

मुंडका स्थित इंडेन गैस के गोदाम से बरामद विभिन्न गैस कंपनियों के व्यावसायिक गैस सिलिंडर। सौजन्य: दिल्ली पुलिस

मुंडका स्थित इंडेन गैस के गोदाम से बरामद विभिन्न गैस कंपनियों के व्यावसायिक गैस सिलिंडर। सौजन्य: दिल्ली पुलिस


जागरण संवाददाता, नई दिल्ली। पश्चिम एशिया में महासंकट के कारण राजधानी में गैस एजेंसी मालिकों द्वारा एलपीजी सिलिंडरों का स्टॉक कर कालाबाजारी करना शुरू कर दिया है। इसे देखते हुए दिल्ली पुलिस ने भी कालाबाजारी करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करना शुरू कर दिया है।

610 एलपीजी सिलिंडर बरामद

ताजा मामला बाहरी दिल्ली के मुंडका में सामने आया है। क्राइम ब्रांच ने यहां के ''गुरुजी इंडेन गैस सर्विस'' नाम के अधिकृत एजेंसी के गोदाम पर छापा मार विभिन्न कंपनियों के 610 एलपीजी सिलिंडर (भरे और खाली दोनों) बरामद किए। गोदाम में इंडेन, भारत और एचपी गैस सहित विभिन्न कंपनियों के व्यावसायिक एलपीजी सिलिंडर थे। यह एलपीजी आदेश और आवश्यक वस्तु अधिनियम के प्रविधानों का उल्लंघन है।

डीसीपी क्राइम ब्रांच संजीव कुमार यादव का कहना है कि शुरुआती जांच से पता चला कि ''गुरुजी इंडेन गैस सर्विस'' सिर्फ़ इंडेन कंपनी के व्यावसायिक एलपीजी सिलिंडरों का अधिकृत डिस्ट्रीब्यूटर है, लेकिन गोदाम में भारत गैस और एचपी गैस जैसी अन्य तेल कंपनियों के सिलिंडर भी पाए गए, जिसकी अनुमति एलपीजी डिस्ट्रीब्यूटरशिप की लाइसेंस शर्तों के तहत नहीं है।

स्टॉक रिकॉर्ड में भी बड़ी गड़बड़ी 

इससे पता चलता है गैस एजेंसी मालिक कालाबाजारी करने के लिए सिलिंडरों का स्टाक कर रहा था। एसीपी पंकज अरोड़ा व इंस्पेक्टर अमित सोलंकी की टीम को जांच में स्टॉक रिकॉर्ड में भी बड़ी गड़बड़ी पाई गई।

इंडियन आयल कार्पोरेशन के अधिकारियों से मिली मौखिक जानकारी के अनुसार दस मार्च तक डिस्ट्रीब्यूटर के पास इंडेन के व्यावसायिक सिलिंडरों का स्टाक ''शून्य'' होना चाहिए था, जबकि गोदाम में इंडेन के 133 भरे हुए व्यवसयािक सिलिंडर पाए गए। यह स्टाक प्रबंधन में संभावित अनियमितताओं और अनधिकृत भंडारण की ओर इशारा करता है।

संदेह है कि सिलिंडरों की ऐसी अवैध जमाखोरी आपूर्ति में कमी व किल्लत के समय की जाती, जब जमा किए गए सिलेंडरों को बाद में बाजार में ब्लैक मार्केटिंग के जरिए बढ़ी हुई कीमतों पर बेचा जाता, जिससे व्यावसायिक उपयोगकर्ताओं का शोषण होता। ऐसी अवैध गतिविधियां न केवल विनियमित एलपीजी वितरण प्रणाली को बाधित करती है, बल्कि अत्यधिक ज्वलनशील एलपीजी सिलिंडरों के अनुचित भंडारण के कारण सुरक्षा संबंधी खतरे भी पैदा करती हैं।

एलपीजी नियंत्रण नियमों का उल्लंघन

छापेमारी की कार्रवाई खाद्य आपूर्ति और उपभोक्ता मामले के अधिकारी विकास कुमार मौजूदगी में की गई। उन्होंने इस बात की पुष्टि की कि इंडेन डिस्ट्रीब्यूटरशिप के गोदाम के अंदर दूसरी कंपनियों के सिलेंडर जमा करके रखना गैर-कानूनी है। यह एलपीजी नियंत्रण नियमों का उल्लंघन है। छापेमारी के बाद से मालिक फरार है। उन्हें ढूंढने और गिरफ्तार करने के प्रयास जारी हैं।

कंपनी व्यावसायिक बड़े आकार छोटे आकार के सिलिंडर
  भरे खाली भरे खाली
1. इंडेन 133 290 00 ---
2. भारत 17 75 00 00
3. एचपी 47 27 00 21
कुल 197 392 00 21

यह भी पढ़ें: साफ हुई दिल्ली-NCR की हवा, GRAP-1 के सभी प्रतिबंध हटाए गए; CAQM ने जारी किए दिशा-निर्देश