विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

ऑटोमैटिक पिस्टल संग हिमांशु भाऊ गैंग के तीन शूटर गिरफ्तार, दिल्ली पुलिस ने बदले की साजिश कर दी नाकाम

Published: Sat, 10 Jan 2026 07:21 PM (IST)

दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने हिमांशु भाऊ गैंग के तीन शूटरों, पुनीत, अनिकेत और मोहित को रोहिणी से गिरफ्तार ...और पढ़ें

प्रतीकात्मक तस्वीर।

प्रतीकात्मक तस्वीर।

HighLights

  1. हिमांशु भाऊ गैंग के तीन शूटर दिल्ली में गिरफ्तार।

  2. हत्या के प्रयास मामले में वांछित थे तीनों आरोपी।

  3. पुलिस ने बदले की बड़ी साजिश को नाकाम किया।

जागरण संवाददाता, नई दिल्ली। दिल्ली पुलिस की उत्तरी रेंज की स्पेशल सेल टीम ने हिमांशु भाऊ गैंग के तीन शूटरों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपितों की पहचान पुनीत उर्फ अंकित (23 वर्ष), अनिकेत (21 वर्ष) निवासी झज्जर और मोहित (24 वर्ष) निवासी सुल्तानपुर डबास दिल्ली के रूप में हुई है। तीनों बदमाश आठ दिसंबर 2025 को थाना बवाना में दर्ज हत्या के प्रयास मामले में वांछित थे। इनके कब्जे से तीन आटोमैटिक पिस्टल और नौ जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। आरोपित मोहित के पास से चोरी की मोटरसाइकिल भी मिली है।

जान बचाकर भागने में कामयाब रहा

बता दें आठ दिसंबर 2025 को यामिन उर्फ चंदू नामक युवक स्कूटी पर सवार होकर अपने गांव सुल्तानपुर डबास की ओर जा रहा था। उसी वक्त कम्युनिटी सेंटर के पास मोटरसाइकिल पर खड़े उपरोक्त आराेपितों ने उसकी स्कूटी को टक्कर मार दी, जिससे वह जमीन पर गिर पड़ा था। इसके बाद पुनीत, अनिकेत और मोहित ने उस पर गोलियां चलानी शुरू कर दी।गनीमत यह रही कि यामिन किसी तरह वहां से जान बचाकर भागने में कामयाब रहा।

रोहिणी क्षेत्र से तीनों को गिरफ्तार कर लिया

पुलिस जांच में सामने आया कि तीनों आरोपितों ने वारदात को अंजाम देने से एक दिन पहले इलाके की रेकी की थी। स्पेशल सेल की टीम तभी से बदमाशों की तलाश में जुटी थी। तीन जनवरी 2026 को स्पेशल टीम को सूचना मिली थी कि हिमांशु भाऊ गैंग से जुड़े तीन शूटर अवैध हथियारों के साथ रोहिणी इलाके में घूम रहे हैं। सूचना पर पुलिस टीम ने तुरंत छापेमारी कर रोहिणी क्षेत्र से तीनों को गिरफ्तार कर लिया। इनकी गिरफ्तारी के बाद पता चला कि इन्होंने ही यामिन पर कातिलाना हमला किया था।

सफल नहीं हो पाए और धरे गए

पुलिस जांच में पता चला है कि यामिन के भतीजे पर आरोप है कि उसने कुछ समय पहले पूठ खुर्द निवासी गैंगस्टर विकास उर्फ हड्डल के चाचा धर्मबीर की हत्या की थी। हड्डल इन दिनों विदेश में बैठकर हिमांशु भाऊ गैंग का संचालन कर रहा है। हड्डल ने अपने चाचा की हत्या का बदला लेने के लिए पुनीत, अनिकेत और मोहित को यामिन की हत्या का निर्देश दिया था, लेकिन हत्या करने में सफल नहीं हो पाए और धरे गए।

यह भी पढ़ें- दिल्ली के 20 लाख से अधिक लोगों को राहत, पानी के भारी बिलों से मिली मुक्ति; CM रेखा गुप्ता ने दिया अपडेट