दिल्ली पुलिस ने चाइल्ड पोर्नोग्राफी को लेकर उठाया सख्त कदम, TIP Line Complaint प्रोग्राम से लगेगी रोक
दिल्ली पुलिस ने बच्चों की सुरक्षा के लिए 'TIP Line Complaint' प्रोग्राम शुरू किया है। इसका उद्देश्य इंटरनेट पर बच्चों ...और पढ़ें

दिल्ली पुलिस ने बच्चों की सुरक्षा के लिए 'TIP Line Complaint' प्रोग्राम शुरू किया। (फोटो- संकेतात्मक)
HighLights
दिल्ली पुलिस ने बच्चों की सुरक्षा हेतु 'TIP Line' शुरू की।
इंटरनेट पर बच्चों के यौन शोषण, पोर्नोग्राफी पर होगी सख्त कार्रवाई।
टेक कंपनियों और सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स से समन्वय स्थापित किया।
डिजिटल डेस्क/आईएएनएस, नई दिल्ली। इंटरनेट और सोशल मीडिया के बढ़ते दुरुपयोग को देखते हुए दिल्ली पुलिस ने बच्चों की सुरक्षा को लेकर एक बड़ा और सख्त कदम उठाया है। दिल्ली पुलिस कमिश्नर के निर्देश पर राजधानी में विशेष TIP Line Complaint प्रोग्राम की शुरुआत की गई है।
इस अभियान का मुख्य उद्देश्य इंटरनेट पर बच्चों के यौन शोषण, दुर्व्यवहार और चाइल्ड पोर्नोग्राफी को पूरी तरह समाप्त करना है। पुलिस कमिश्नर ने स्पष्ट संदेश दिया है कि मासूम बच्चों के भविष्य और गरिमा से खिलवाड़ करने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।
इस नए कार्यक्रम के तहत दिल्ली पुलिस को डिजिटल स्पेस पर सतर्क नजर रखने और शिकायत मिलते ही तुरंत कार्रवाई करने के सख्त निर्देश दिए गए हैं। पुलिस कमिश्नर के आदेशानुसार, इन मामलों में तुरंत FIR दर्ज कर कानूनी कार्रवाई शुरू की जाएगी:
- बच्चों को अश्लील (पोर्न) वीडियो या कंटेंट दिखाना, उन्हें इसमें शामिल करना या इंटरनेट पर बच्चों से संबंधित अश्लील सामग्री शेयर करना।
- बच्चों के साथ यौन उत्पीड़न या हैरेसमेंट के वीडियो बनाना, उन्हें फॉरवर्ड करना या सेव रखना।
- चाइल्ड पोर्नोग्राफी देखना, डाउनलोड करना, स्टोर करना या किसी ग्रुप में शेयर करना।
पुलिस टेक कंपनियों के साथ कर रही समन्वय
दिल्ली पुलिस इस अभियान में टेक कंपनियों और प्रमुख सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स के साथ भी समन्वय कर रही है। TIP Line पर कोई भी संदिग्ध गतिविधि या कंटेंट रिपोर्ट होते ही साइबर सेल तुरंत सक्रिय हो जाएगी। पुलिस आरोपी की लोकेशन ट्रैक करके उसे जल्द से जल्द गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे भेजेगी।
चाइल्ड पोर्नोग्राफी पर तुरंत रिपोर्ट करने की अपील
विशेष कमिश्नर (लॉ एंड ऑर्डर) देवेश चन्द्र श्रीवास्तव ने कहा कि हर जिम्मेदार नागरिक को इस अभियान का हिस्सा बनना चाहिए। अगर किसी को व्हाट्सएप, फेसबुक, इंस्टाग्राम या किसी अन्य प्लेटफॉर्म पर बच्चों से जुड़ा आपत्तिजनक कंटेंट दिखाई दे तो उसे फॉरवर्ड करने के बजाय तुरंत रिपोर्ट करें। शिकायत राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल (cybercrime.gov.in) या दिल्ली पुलिस हेल्पलाइन पर दर्ज कराई जा सकती है। आपकी सजगता किसी बच्चे का जीवन बचा सकती है।
बीते महीने महरौली में हुई थी दुष्कर्म की घटना
बता दें कि बीते महीने ही दिल्ली के महरौली इलाके में 10-11 वर्षीय बच्ची के अपहरण, बलात्कार और हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया था। परिवार के साथ सड़क किनारे सो रही मासूम को एक कैब ड्राइवर अगवा कर गुरुग्राम के जंगलों में ले गया था। इस घटना के बाद दिल्ली पुलिस ने बच्चों की सुरक्षा को लेकर कई कड़े कदम उठाए हैं।
