विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

200 रुपये की पुड़िया और 6 महीने की जांच, दिल्ली पुलिस ने ऐसे किया बरेली से जुड़े स्मैक सिंडिकेट का भंडाफोड़

Published: Tue, 20 Oct 2026 08:27 AM (IST)

दिल्ली पुलिस ने छह महीने की लंबी जांच के बाद दिल्ली, हरियाणा और उत्तर प्रदेश तक फैले एक बड़े स्मैक तस्करी नेटवर्क का पर्दाफाश किया है।

दो पेडलरों से खुलीं कड़ियां (AI-Generated Image)

दो पेडलरों से खुलीं कड़ियां (AI-Generated Image)

धनंजय मिश्रा, दक्षिणी दिल्ली। राजधानी की गलियों में बिकने वाली स्मैक की पुड़िया का सिरा बरेली और फरीदाबाद तक जुड़ा मिला। ओखला औद्योगिक क्षेत्र में अप्रैल में दो पेडलरों की गिरफ्तारी से शुरू हुई जांच में दिल्ली पुलिस ने करीब छह महीने तक पूछताछ और सुरागों के आधार पर एक-एक कड़ी जोड़ी।

स्थानीय पेडलरों से शुरू हुई पड़ताल पहले महिला तस्कर तक पहुंची, फिर फरीदाबाद में बैठे बड़े भंडारणकर्ता और बरेली से होने वाली आपूर्ति की कड़ी सामने आई। इस तरह पुलिस ने दिल्ली, हरियाणा और उत्तर प्रदेश तक फैले स्मैक तस्करी नेटवर्क का पर्दाफाश किया।

जांच में चौंकाने वाले खुलासे

ओखला औद्योगिक क्षेत्र थाना में 27 अप्रैल को दर्ज मामले की जांच के दौरान पुलिस ने सबसे पहले अब्दुल्ला और करण को स्मैक के साथ दबोचा। इनसे मिली कड़ियों के आधार पर पुलिस ने किरण, नीरज और अशोक को गिरफ्तार कर स्मैक बरामद की।

जांच में सामने आया कि गिरोह का मुख्य सरगना गोपी सिंह बरेली से भारी मात्रा में स्मैक खरीदता था और फिर उसे दिल्ली-एनसीआर के इलाकों में अपने एजेंटों के माध्यम से तस्करी करता था।

दो बार बच निकली महिला तस्कर

दिल्ली पुलिस ने दो बार नाकाम होने के बाद गुप्त रणनीति बनाकर महिला ड्रग तस्कर मनिया को विक्की और गुड्डू सहित गिरफ्तार कर लिया। इनके पास से 32 ग्राम स्मैक बरामद हुई। मनिया आटो से आकर ₹200 से ₹500 में स्मैक की पुड़िया बेचती थी।

पूछताछ के बाद पुलिस ने फरीदाबाद में छापा मारकर मुख्य तस्कर सुनीत उर्फ नन्हे को 39 ग्राम स्मैक के साथ दबोचा। जांच में सुनीत के साले और मुख्य सरगना गोपी सिंह की संलिप्तता की बात सामने आयी। गिरोह फरीदाबाद से स्कूटी के जरिए रोजाना 200 पुड़िया स्मैक ओखला लाता था, जिसे महिला तस्कर 200 से 500 रुपये में दिल्ली में बेचती थी।

यह भी पढ़ें- दिल्ली में पकड़ी गई नकली ईनो और फेवीक्विक की फैक्ट्री, खाली बावली में बड़े रैकेट का पर्दाफाश; दो गिरफ्तार

यह भी पढ़ें- दिल्ली में मणिपुरी संगीतकार की हत्या में बड़ा खुलासा, 500 पन्नों की चार्जशीट में साजिश का पर्दाफाश