विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

दिल्ली में पकड़ी गई नकली ईनो और फेवीक्विक की फैक्ट्री, खाली बावली में बड़े रैकेट का पर्दाफाश; दो गिरफ्तार

Published: Mon, 19 Oct 2026 10:00 PM (IST)

दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच ने राजधानी में नकली ईनो और फेवीक्विक बनाने वाले एक बड़े सिंडिकेट का भंडाफोड़ किया ...और पढ़ें

नकली ईनो और फेविक्विक बनाने वाले गिरफ्तार। फोटो: जागरण

नकली ईनो और फेविक्विक बनाने वाले गिरफ्तार। फोटो: जागरण

जागरण संवाददाता, नई दिल्ली। दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच ने राजधानी में चल रहे एक बड़े फर्जीवाड़े और नकली उत्पाद बनाने वाले सिंडिकेट का पर्दाफाश कर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

पुलिस ने उत्तर-पूर्वी दिल्ली के घोंडा स्थित गोदामों और नांगलोई के अमन पुरी इलाके में चल रही अवैध मैन्युफैक्चरिंग और पैकेजिंग फैक्ट्री पर छापेमारी कर भारी मात्रा में नकली ईनो व फेवीक्विक के अलावा कच्चा माल और पैकिंग मशीनरी बरामद की है।

नकली ईनो और फेवीक्विक बनाने का पर्दाफाश

डीसीपी संजीव कुमार यादव के मुताबिक गिरफ्तार किए गए आरोपियों के नाम नवीन सिंघल (जय प्रकाश नगर, घोंडा) व बलराज बंसल (वेस्ट घोंडा) हैं। नवीन सिंघल, पूरे भारत में नकली सामान की सप्लाई करता था।

इसने खारी बावली के तिलक बाजार में अपना दफ्तर बना रखा था। यह पहले से इसी तरह के दो मामलों में शामिल रहा है।

वहीं बलराज बंसल, नकली प्रोडक्ट्स बनाने और पैक करने का काम करता था और तैयार माल नवीन सिंघल को सप्लाई करता था। वह भी पहले से एक ऐसे ही मामले में शामिल रहा है।

घोंडा और नांगलोई में एक साथ छापेमारी

क्राइम ब्रांच को दिल्ली-एनसीआर में नकली एफएमसीजी सामान की अवैध मैन्युफैक्चरिंग और सप्लाई की खुफिया जानकारी मिलने पर एसीपी विवेकानंद पाठक और इंस्पेक्टर रोबिन त्यागी को इस सिंडिकेट को पकड़ने की जिम्मेदारी सौंपी गई।

जांच के बाद पुलिस टीम ने 17 और 18 अक्टूबर को ब्रांड प्रोटेक्शन एजेंसियों के प्रतिनिधियों (न्यूक्लियन रिस्क कंसल्टिंग के मैनेजर यशपाल सपरा) की मौजूदगी में घोंडा और नांगलोई में एक साथ छापेमारी की। नांगलोई स्थित फैक्ट्री में इलेक्ट्रिक एफएफएस मशीन चालू हालत में पाई गई, जिससे फर्जी पाउडर पैक किया जा रहा था।

दोनों आरोपियों को रिमांड पर लेकर पूछताछ की जा रही है। पुलिस इस पूरे नेटवर्क की सप्लाई चेन, कच्चे माल के मुख्य स्रोत और इस धंधे में शामिल अन्य आरोपियों के बारे में पता लगा रही है।

यह नेटवर्क न केवल असली कंपनियों को भारी वित्तीय नुकसान पहुंचा रहा था, बल्कि घटिया सामग्री का उपयोग करके उपभोक्ताओं के स्वास्थ्य के साथ भी खिलवाड़ कर रहा था।

करीब दो लाख नकली ईनो पाउच बरामद

फैक्ट्री और गोदाम पर छापा मारकर वहां से 1,97,856 पैक किए गए नकली ईनो के पाउच (229 कार्टन) और बिना पैक किए हुए लगभग चार लाख पाउच (310 किलोग्राम से अधिक) बरामद किए गए।

साथ ही 200 किलोग्राम साइट्रिक एसिड बरामद किया गया, जिससे 40 हजार से अधिक और नकली पाउच तैयार किए जा सकते थे।

फेवीक्विक के एक लाख से अधिक पाउच जब्त

इसके अलावा तीन लाख से अधिक ईनो के स्टिकर, 100 किग्रा ईनो पैकिंग रोल और भारी मात्रा में डिब्बे, एमडीएच मसाला जैसे नामी ब्रांड्स के भी फर्जी पैकिंग डिब्बे और मटेरियल बरामद हुए हैं।

फेवीक्विक के 1,12,560 भरे हुए पाउच और दो लाख से अधिक पाउच तैयार करने का पैकिंग सामान बरामद हुआ। मौके से चलती हुई एक इलेक्ट्रिक फार्म, फिल एंड सील मशीन और हीट-सीलिंग गन्स भी जब्त की गईं।

यह भी पढ़ें- दिल्ली में ऊंची इमारतों में एंटी-स्मॉग गन अनिवार्य, उल्लंघन पर होगा एक्शन; प्रदूषण को लेकर सरकार सख्त