दिल्ली के गांधी नगर में नकली नोटों के अंतरराज्यीय नेटवर्क का भंडाफोड़, दो आरोपित गिरफ्तार
गांधी नगर पुलिस ने नकली नोट चलाने वाले एक अंतरराज्यीय नेटवर्क का भंडाफोड़ किया है। दिल्ली और बिहार से दो ...और पढ़ें

गांधी नगर थाना पुलिस ने नकली नोट चलाने वाले अंतरराज्यीय नेटवर्क का पर्दाफाश। (एआई जेनरेटेड इमेज)
HighLights
गांधी नगर पुलिस ने नकली नोटों का अंतरराज्यीय नेटवर्क पकड़ा।
दिल्ली और बिहार से दो आरोपित मोहम्मद दानिश, मोहम्मद मेराज गिरफ्तार।
93,500 रुपये के 500 के नकली नोट बरामद किए गए।
जागरण संवाददाता, पूर्वी दिल्ली। गांधी नगर थाना पुलिस ने नकली नोट चलाने वाले अंतरराज्यीय नेटवर्क का पर्दाफाश करते हुए दो आरोपितों को दिल्ली और बिहार के बोधगया से गिरफ्तार किया है।
आरोपितों की पहचान 35 वर्षीय मोहम्मद दानिश निवासी गया, बिहार और 36 वर्षीय मोहम्मद मेराज उर्फ गुड्डू निवासी चतरा, झारखंड के रूप में हुई है। पुलिस ने दोनों के कब्जे और जांच के दौरान 500 रुपये के 187 नकली नोट बरामद किए हैं, जिनकी कीमत 93,500 रुपये है। जांच में नकली नोटों का नेटवर्क दिल्ली से बिहार, झारखंड और मालदा, पश्चिम बंगाल तक फैला होने का पता चला है।
जांच के दौरान इसमें 500 रुपये के 18 नकली नोट मिले
पुलिस के अनुसार, 22 अगस्त को गांधी नगर स्थित कोटक महिंद्रा बैंक की महिला कॉलोनी शाखा में एक ग्राहक नफीस अहमद ने 90 हजार रुपये जमा कराए थे। जांच के दौरान इसमें 500 रुपये के 18 नकली नोट मिले। पूछताछ में नफीस ने बताया कि 21 अगस्त को दानिश नामक व्यक्ति ने उसकी दुकान से करीब 17,200 रुपये के कपड़े खरीदे थे और भुगतान नकद किया था।
अगले दिन दानिश के दोबारा गांधी नगर बाजार में दिखाई देने पर पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और स्थानीय सूचना के आधार पर उसे दबोच लिया। पूछताछ में उसने नकली नोटों की सप्लाई से जुड़े नेटवर्क का खुलासा किया। पुलिस के मुताबिक, दानिश ने झारखंड के चतरा निवासी गुड्डू से 10 हजार रुपये के असली नोट देकर 30 हजार रुपये के नकली नोट लेने की बात बताई।
स्थानीय पुलिस की मदद से मेराज उर्फ गुड्डू गिरफ्तार
इसके बाद इंस्पेक्टर रॉबिन सिंह के नेतृत्व में एसआई विकास, एसआई अनिल कुमार, हेड कांस्टेबल राहुल, अमन और हिमांशु की टीम बोधगया पहुंची और स्थानीय पुलिस की मदद से मेराज उर्फ गुड्डू को गिरफ्तार किया। उसके बैग से 500 रुपये के 169 नकली नोट बरामद हुए।
पुलिस के अनुसार, मेराज ने पूछताछ में मालदा के कालिया चौक में सक्रिय बताए जा रहे ‘मामा उर्फ छोटू’ और ‘भैया जी’ से नकली नोट लेने की बात बताई है। उसने करीब 60 हजार रुपये में डेढ़ लाख रुपये के नकली नोट खरीदने का भी खुलासा किया है। पुलिस अब इस नेटवर्क के अन्य सदस्यों और नकली नोटों के मूल स्रोत का पता लगाने में जुटी है। जांच जारी है।
