₹100 में ऑनलाइन बनता था फर्जी आधार और वोटर ID, दिल्ली पुलिस ने किया रैकेट का पर्दाफाश
दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने एक अंतर-राज्यीय रैकेट का भंडाफोड़ किया है जो bkprint.in जैसी वेबसाइटों के माध्यम से ₹100 में फर्जी आधार, वोटर आईडी और अन्य सरकारी दस्तावेज ऑनलाइन बेच रहा था।

पुलिस की गिरफ्त में आरोपित।
HighLights
दिल्ली पुलिस ने फर्जी सरकारी दस्तावेज रैकेट का भंडाफोड़ किया।
bkprint.in वेबसाइट के जरिए ₹100 में बनते थे नकली आईडी।
दो मुख्य आरोपी बिदेशी साव और संतोष कुमार गिरफ्तार।
जागरण संवाददाता, नई दिल्ली। राजधानी दिल्ली में संगठित साइबर जालसाजी के खिलाफ दिल्ली पुलिस को एक बड़ी कामयाबी मिली है। दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल की इंटेलिजेंस फ्यूजन एंड स्ट्रैटेजिक ऑपरेशंस यूनिट ने एक ऐसे अंतर-राज्यीय रैकेट का भंडाफोड़ किया है, जो एक वेबसाइट के जरिए बड़े पैमाने पर फर्जी सरकारी पहचान पत्र बनाने और उन्हें ऑनलाइन बेचने के काले धंधे में शामिल था।
पुलिस ने इस मामले में दो मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जिनकी पहचान बिदेशी साव और संतोष कुमार के रूप में हुई है। यह गिरोह बीके प्रिंट डाट इन नाम की वेबसाइट के जरिए नकली आधार कार्ड, वोटर आईडी, पैन कार्ड, जाति प्रमाण पत्र और जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र जैसे दस्तावेज तैयार कर रहा था
कैसे बनते थे फर्जी आधार कार्ड?
सोशल मीडिया मॉनिटरिंग और साइबर पेट्रोलिंग के दौरान पुलिस को सूचना मिली थी कि bkprint.in नाम की वेबसाइट पैसों के बदले फर्जी सरकारी दस्तावेज ऑनलाइन उपलब्ध करा रही है। इस जानकारी की पुष्टि करने के लिए पुलिस टीम ने एक डम्मी यूजर (फर्जी अकाउंट) बनाया।
वेबसाइट पर सेवाओं का लाभ उठाने के लिए पहले डिजिटल वॉलेट को रिचार्ज करना पड़ता था। पुलिस टीम ने वेबसाइट पर दिख रहे यूपीआई आईडी पर 100 रुपये ट्रांसफर किए। वॉलेट रिचार्ज होते ही, वेबसाइट पर काल्पनिक जानकारी और फोटो अपलोड करके एक फर्जी आधार कार्ड और वोटर आईडी सफलतापूर्वक जेनरेट कर लिया गया।
जांच में खुली पोल
जब पुलिस ने इस नकली आधार कार्ड के क्यूआर कोड को स्कैन किया, तो पता चला कि यह किसी आधिकारिक सरकारी डेटाबेस से जुड़ा ही नहीं था। यह क्यूआर कोड केवल उसी जानकारी को दिखाता था जो यूजर ने खुद टाइप की थी। इसके बाद पुलिस ने जाल बिछाकर वेबसाइट से जुड़े यूपीआई अकाउंट और मोबाइल नंबर को ट्रैक किया, जो दमन और दीव के रहने वाले बिदेशी साव का निकला।
डीसीपी आइएफएसओ विनीत कुमार और एसीपी विवेकानंद झा के मार्गदर्शन में इंस्पेक्टर सतीश कुमार के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया, जिसमें सब-इंस्पेक्टर सुमित सहरावत, हेड कांस्टेबल मनोज, राजेश और कांस्टेबल आशीष राठी शामिल थे।
- बिदेशी साव: इसे सबसे पहले दमन और दीव से गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में उसने कुबूल किया कि वह ऑनलाइन पेमेंट लेकर फर्जी डॉक्यूमेंट्स बनवाता था। उसने यह भी बताया कि इस वेबसाइट का पूरा बैकएंड ऑपरेशंस पटना का रहने वाला संतोष कुमार संभालता है।
- संतोष कुमार : तकनीकी सबूतों के आधार पर पुलिस ने संतोष को पटना (बिहार) से दबोच लिया। इसके पास से वेबसाइट का सोर्स कोड और होस्टिंग कॉन्फिगरेशन बरामद हुआ है।
काम करने का तरीका
यह गिरोह बेहद शातिर तरीके से काम करता था। आरोपी bkprint.in और bkprint.xyz जैसी वेबसाइट्स चलाते थे।
ग्राहकों को सबसे पहले डिजिटल वॉलेट रिचार्ज करना होता था। इसके बाद ग्राहक कोई भी मनगढ़ंत नाम, पता और फोटो डालकर हूबहू असली जैसे दिखने वाले सरकारी दस्तावेज डाउनलोड कर लेते थे।
ये फर्जी दस्तावेज इतने असली लगते थे कि इनका इस्तेमाल पहचान की चोरी, धोखाधड़ी, वित्तीय फ्रॉड और बैंकों में असली दस्तावेज हासिल करने के लिए किया जा सकता था।
आरोपितों के पास से बरामदगी
बिदेशी साव से
- 02 मोबाइल फोन (Realme Narzo 70 Pro 5G और Redmi)
- 01 लेनोवो आइडियापैड लैपटॉप
- 01 क्यूआर कोड साउंड बॉक्स
संतोष कुमार से
- 01 आसुस विवोबुक लैपटॉप (जिसमें वेबसाइट का सोर्स कोड और टेक्निकल रिकॉर्ड था)
- 01 मोबाइल फोन (जिसमें बिदेशी साव के साथ हुई चैट मौजूद थी)
- bkprint.in और bkprint.xyz से जुड़े डिजिटल रिकॉर्ड्स और कस्टमर डेटाबेस।
- BKS" और "BKS Online Services" नाम के इलेक्ट्रॉनिक दस्तावेज।
आगे की जांच और पुलिस की चेतावनी
दिल्ली पुलिस के अनुसार, यह एक बेहद गंभीर, संगठित और तकनीक-आधारित अपराध है। पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि इस गिरोह में और कौन-कौन शामिल है। साथ ही उन ग्राहकों की भी पहचान की जा रही है जिन्होंने इस वेबसाइट से फर्जी दस्तावेज बनवाए और उनका गलत इस्तेमाल किया।
दिल्ली पुलिस की अपील: दिल्ली पुलिस साइबर जालसाजी और पहचान से जुड़े अपराधों को खत्म करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। नागरिकों को सलाह दी जाती है कि वे किसी भी स्थिति में फर्जी सरकारी दस्तावेजों को न तो बनवाएं और न ही उनका उपयोग करें। अगर आपको ऐसी किसी भी संदिग्ध वेबसाइट या प्लेटफॉर्म की जानकारी मिलती है, तो तुरंत पुलिस को सूचित करें।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।