बिजली के तार और मीटर चोरी करने वाले गिरोह के चार बदमाश गिरफ्तार, दिल्ली पुलिस ने किया 16 वारदातों का पर्दाफाश
दिल्ली पुलिस ने बाहरी उत्तरी जिले में बिजली के तार, मीटर और पानी के मीटर चोरी करने वाले चार सदस्यीय ...और पढ़ें
-1764402752021-1794827034846_m.webp)
दिल्ली पुलिस।
HighLights
बिजली के तार, मीटर चोरी करने वाला गिरोह गिरफ्तार।
दिल्ली पुलिस ने 16 चोरी के मामलों का खुलासा किया।
मास्टरमाइंड समेत चार आरोपी पकड़े गए, कार जब्त।
जागरण संवाददाता, बाहरी दिल्ली। बाहरी उत्तरी जिले के स्पेशल स्टाफ ने बिजली के तार, बिजली मीटर और पानी के मीटर चोरी करने वाले चार आरोपियों के गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने गिरोह के मास्टरमाइंड समेत चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
आरोपियों की पहचान जेजे कालोनी बवाना के फरीदीन खान (22), शरीफ (20), आरिफ (20) और सनोठ दिल्ली निवासी राजा मोहम्मद (24) के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, राजा मोहम्मद गिरोह का मास्टरमाइंड है और कबाड़ी का काम करता है। आरोपियों की गिरफ्तारी से जिले के विभिन्न थानों में दर्ज चोरी के 16 मामलों का पर्दाफाश हुआ है।
मारुति स्विफ्ट कार भी जब्त
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी के करीब 72 किलोग्राम बिजली के तार बरामद किए हैं। ये तार तीन बोरों में भरे हुए थे। इसके अलावा वारदात में इस्तेमाल की जाने वाली सफेद रंग की मारुति स्विफ्ट कार भी जब्त की गई है।
डीसीपी बाहरी उत्तरी जिला शोभित डी. सक्सेना के अनुसार, स्पेशल स्टाफ को सूचना मिली थी कि कुछ आरोपित इलाके में बिजली के तार और मीटर चोरी की कई वारदातों में शामिल हैं।
इसके बाद इंस्पेक्टर विश्वेंद्र चौधरी के नेतृत्व और एसीपी आपरेशन दिनेश कुमार की देखरेख में विशेष टीम गठित की गई। टीम में एसआइ दीपक लाठवाल, एएसआइ संदीप, हेड कांस्टेबल संजय, अनिल, रवि और अतुल की टीम ने कार्रवाई करते हुए चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। इनके पास से तीन बोरों में रखे चोरी के बिजली के तार बरामद हुए।
आवासीय सोसायटी और डीडीए फ्लैट थे निशाने पर
पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने खुलासा किया कि वे बाहरी उत्तरी जिले की आवासीय सोसायटियों और डीडीए फ्लैटों में लगे बिजली के तार, बिजली मीटर और पानी के मीटर को निशाना बनाते थे। चोरी करने के बाद सामान को ठिकाने लगा देते थे। पुलिस के अनुसार, गिरोह का मास्टरमाइंड राजा मोहम्मद कबाड़ी का काम करता था और चोरी के सामान को खपाने में उसकी भूमिका थी।
नरेला और नरेला औद्योगिक क्षेत्र के 16 मामले सुलझे
पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपियों की निशानदेही और जांच में नरेला और नरेला औद्योगिक क्षेत्र थानों में दर्ज चोरी के 16 मामलों का पर्दाफाश हुआ है। इनमें मार्च से अक्टूबर 2026 के बीच दर्ज ई-एफआईआर शामिल हैं। आरोपी फरीदीन खान का पहले भी एक आपराधिक मामले में शामिल होना सामने आया है। पुलिस मामले में आगे की जांच कर रही है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।