NCERT की नकली बुक्स छापकर दिल्ली-NCR में खपाने वाले बड़े रैकेट का भंडाफोड़, 44 हजार से अधिक किताबें बरामद
दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच ने नकली एनसीईआरटी किताबों के एक बड़े रैकेट का भंडाफोड़ किया है। गाजियाबाद के लोनी ...और पढ़ें

गाजियाबाद के लोनी में पकड़ी गई प्रिंटिंग फैक्ट्री। जागरण
HighLights
दिल्ली पुलिस ने नकली एनसीईआरटी किताबों का रैकेट पकड़ा
लोनी, गाजियाबाद में अवैध प्रिंटिंग फैक्ट्री का भंडाफोड़ हुआ
44,862 नकली किताबें और 2 करोड़ का सामान जब्त
मोहम्मद साकिब, नई दिल्ली। दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच टीम ने नकली और पायरेटेड NCERT पाठ्यपुस्तकों की अवैध छपाई और आपूर्ति करने वाले एक संगठित नेटवर्क का पर्दाफाश किया है। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने कुल 44,862 नकली एनसीईआरटी किताबें बरामद की हैं।
इसके अलावा दो ऑफसेट प्रिंटिंग मशीन, बड़ी मात्रा में पेपर रील, प्रिंटिंग इंक और एल्यूमिनियम प्लेटें भी जब्त की गई हैं, जिनकी अनुमानित कीमत करीब दो करोड़ रुपये बताई जा रही है।
इस मामले में पुलिस ने सुमित, विनोद जैन और कनिष्क तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। जांच में सामने आया है कि गाजियाबाद के लोनी इलाके में एक अवैध प्रिंटिंग फैक्ट्री संचालित की जा रही थी, जहां एनसीईआरटी की नकली किताबें छापकर दिल्ली-एनसीआर के विभिन्न इलाकों में आपूर्ति की जा रही थीं।

क्राइम ब्रांच के अनुसार, आरोपी लंबे समय से इस अवैध धंधे में सक्रिय थे और शैक्षणिक सत्र शुरू होने से पहले बाजार में बड़ी मात्रा में नकली किताबें खपाने की तैयारी में थे। पुलिस ने फैक्ट्री से छपाई में इस्तेमाल होने वाला पूरा सेटअप जब्त कर लिया है, जिससे यह साफ होता है कि नेटवर्क सुनियोजित और बड़े स्तर पर काम कर रहा था।
पुलिस ने इस संबंध में कॉपीराइट उल्लंघन सहित अन्य संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। फिलहाल आरोपितों से पूछताछ की जा रही है और यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि नकली किताबों की सप्लाई किन-किन इलाकों में की जा रही थी और इस नेटवर्क में और कौन-कौन लोग शामिल हैं।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।