दिल्ली पुलिस त्योहारों के लिए अलर्ट, स्थानीय नेटवर्क से जुटा रही खुफिया जानकारी
दिल्ली पुलिस ने ईद और नवरात्रि जैसे आगामी त्योहारों के लिए सुरक्षा बढ़ा दी है। अप्रिय घटनाओं को रोकने हेतु ...और पढ़ें
-1773761595072_m.webp)
दिल्ली पुलिस ने ईद और नवरात्रि जैसे आगामी त्योहारों के लिए सुरक्षा बढ़ा दी है। फाइल फोटो
शमसे आलम, बाहरी दिल्ली। आगामी त्योहारों ईद और नवरात्रि को लेकर दिल्ली पुलिस पूरी तरह सतर्क हो गई है। किसी भी अप्रिय घटना को रोकने और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस ने अपनी 'आंख और कान' यानी स्थानीय नेटवर्क को सक्रिय कर दिया है।
इसके तहत पुलिसकर्मी इलाके-इलाके में जाकर रेहड़ी-पटरी वालों, दुकानदारों, सिक्योरिटी गार्ड, चौकीदारों और स्थानीय निवासियों से मुलाकात कर खुफिया जानकारी जुटा रहे हैं। वहीं, अमन कमेटी की बैठकें भी की जा रही हैं। जिसमें सभी समुदाय के लोगों से त्योहारों पर शांति व्यवस्था बनाए रखने और असमाजिक तत्वों पर नजर बनाए रखने को लेकर अपील भी की जा रही है।
बाहरी-उत्तरी जिला पुलिस उपायुक्त हरेश्वर वी स्वामी ने बताया कि किसी भी इलाके में होने वाली गतिविधियों की सबसे पहले जानकारी वहां काम करने वाले लोगों को होती है। इसी वजह से पुलिस इन लोगों से नियमित संपर्क बनाकर संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने में उनकी मदद ले रही है।
अधिकारियों का कहना है कि कई बार अपराधी वारदात से पहले इलाके की रेकी करते हैं या संदिग्ध तरीके से घूमते हैं, जिसे स्थानीय लोग आसानी से पहचान सकते हैं। ऐसे में समय पर सूचना मिलने से बड़ी घटनाओं को रोका जा सकता है। बाहरी जिला पुलिस उपायुक्त विक्रम सिंह ने बताया कि त्योहारों से पहले अमन कमेटी की बैठक की गई है। क्षेत्र में सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए वह खुद ही दौरा कर रहे हैं।
पुलिस अधिकारी खुद सड़कों पर उतरकर ले रहे हैं सुरक्षा जायजा
त्योहारों के मद्देनजर बाहरी, रोहिणी, बाहरी उत्तरी और उत्तर-पश्चिमी क्षेत्रों में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। रोहिणी जिला पुलिस उपायुक्त शशांक जयसवाल ने बताया कि पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी खुद सड़कों पर उतरकर संवेदनशील इलाकों और भीड़भाड़ वाले बाजारों में गश्त कर रहे हैं और सुरक्षा व्यवस्था का जायजा ले रहे हैं। उन्होंने सुरक्षा आडिट, अरेंजमेंट, बैठकें कर ली हैं। आगे मार्केट एसोसिएशन, आरडब्ल्यूए समेत अमन कमेटी के साथ बैठकें भी की जाएंगी।
बाजारों व सीमा इलाकों में पुलिस की विशेष निगरानी
कमला नगर, अवंतिका और रोहिणी जैसे प्रमुख बाजारों में विशेष निगरानी रखी जा रही है। इसके अलावा टिकरी और सिंघु बार्डर जैसे सीमावर्ती इलाकों में भी सुरक्षा कड़ी कर दी गई है। यहां सीसीटीवी कैमरों के जरिए लगातार निगरानी रखी जा रही है, साथ ही पैदल गश्त भी बढ़ाई गई है।
पुलिस जिला स्तर पर स्थानीय लोगों और व्यापारियों के साथ बैठकें कर रही है, ताकि किसी भी तरह की अफवाह या संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत मिल सके। त्योहारों के दौरान बाजारों और भीड़भाड़ वाले स्थानों पर विशेष सतर्कता बरती जा रही है। पुलिस न केवल गश्त बढ़ा रही है, बल्कि लाउडस्पीकर के जरिए लोगों को जागरूक भी कर रही है कि वे सतर्क रहें और किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को दें।
अफवाहों पर न दें ध्यान
पुलिस अधिकारियों ने आम जनता से अपील की है कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें और इंटरनेट मीडिया पर किसी भी अपुष्ट जानकारी को साझा करने से बचें। साथ ही, यदि कोई व्यक्ति बार-बार इलाके में संदिग्ध रूप से घूमता नजर आए, बंद मकानों के आसपास गतिविधि करे या असामान्य व्यवहार करता दिखे, तो तुरंत पुलिस को सूचित करें।
दिल्ली पुलिस का मानना है कि जनता के सहयोग से ही त्योहारों के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाए रखा जा सकता है। इसी रणनीति के तहत पुलिस अपने स्थानीय नेटवर्क को मजबूत कर अपराध पर अंकुश लगाने में जुटी हुई है।
