दिल्ली के 2400 PG संचालकों को नोटिस, 15 दिन में देना होगा स्ट्रक्चरल सेफ्टी सर्टिफिकेट; MCD का बड़ा एक्शन
एमसीडी ने दिल्ली के 2400 से अधिक पीजी संचालकों को 15 दिन के भीतर ढांचागत मजबूती का प्रमाण पत्र जमा ...और पढ़ें

सत्य निकेतन हादसे के बाद एमसीडी का बड़ा एक्शन। फोटो: आर्काइव
HighLights
2400 से अधिक पीजी को 15 दिन में ढांचागत सुरक्षा प्रमाण पत्र दें
अनुपालन न करने पर पीजी को खाली कराकर सील किया जाएगा
छात्रों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए तकनीकी जांच अनिवार्य की गई
निहाल सिंह, जागरण। सत्य निकेतन हादसे के बाद दिल्ली हाईकोर्ट के निर्देश पर सर्वे में शामिल हुए 2400 से अधिक पीजी को स्ट्रक्चरल सेफ्टी सर्टिफिकेट (ढांचागत मजबूती) 15 दिन में देना होगा।
एमसीडी ने अब इन पीजी को नोटिस देने की कार्रवाई शुरू कर दी है। जोनल बिल्डिंग विभाग द्वारा यह नोटिस दिए जाएंगे। इसके बाद पीजी संचालक या मालिक को यह प्रक्रिया पूरी करनी होगी।
नोटिस के अनुपालना के विफल होने पर इमारत को खाली करके सीलिंग की कार्रवाई की जाएगी। वहीं, जो पीजी ढांचागत मजबूती में भी खरें नहीं उतरेंगे उन पर भी रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।
एमसीडी के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि दिल्ली हाईकोर्ट के निर्देश पर हमने 2453 पीजी का सर्वे किया था। इसमें 50 हजार के करीब छात्र या लोग रहते हैं।
सर्वे में एमसीडी को चार इमारतें खतरनाक मिली थी जिन्हें खाली कराने के लिए नोटिस देकर प्रक्रिया जारी है। जबकि अन्य पीजी में नक्शे उपलब्ध न होने की वजह से इनके ढांचागत मजबूती जांचने का निर्णय लिया है।
सभी पीजी की होगी तकनीकी जांच
अधिकारी ने कहा यह निर्णय इसलिए लिया है कि इनके इमारत के नक्शे नहीं है तो यह पता लगाना मुश्किल है कि निर्माण में नियमों का पालन हुआ था। इमारत मजबूत है या नहीं।
छात्रों की सुरक्षा के मद्देनजर हम चाहते हैं कि इन सभी पीजी की तकनीकी जांच हो जाए। ताकि कोई भी घटना आगे से न हो। उन्होंने बताया कि एमसीडी की पोर्टल पर एमसीडी के अधिकृत निजी स्ट्रक्चरल इंजीनियरों की जानकारी उपलब्ध है।
नागरिक उनसे संपर्क करके यह कार्य करा सकते हैं। उनके प्रमाण पत्र के आधार पर हम इन इमारतों को सुरक्षित मानेंगे। उन्होंने बताया कि सभी क्षेत्रिय अधिकारियों को निर्देश दिया गया है कि 15 दिन के भीतर यह प्रक्रिया पूरी कराई जाए, ताकि भवनों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।
डीयू के नार्थ कैंपस के पास है सर्वाधिक पीजी
एमसीडी के सर्वे में सर्वाधिक पीजी डीयू के नार्थ कैंपस वाले जोन में मिले थे। नार्थ कैंपस एमसीडी के सिविल लाइंस जोन में आता है। इसमें 608 पीजी पाए गए थे।
जबकि इसके बाद सर्वाधिक पीजी केशवपुरम जोन में 410, दक्षिण जोन में 390 और करोल बाग जोन में 365 पीजी सर्वे में पाए गए थे। जिस जोन में सत्य निकेतन आता है वह दक्षिणी है। यहं पर 390 पीजी मिले थे। जबकि अकेले सत्य निकेतन इलाके में ही 101 पीजी मिले थे।
एमसीडी अधिकारियों के अनुसार, फिलहाल पीजी संचालन के लिए अलग से लाइसेंस जारी करने की व्यवस्था नहीं है। पहले लोग अपने घरों के कुछ कमरे किराये पर देते थे, लेकिन अब कई जगह पीजी पूरी तरह व्यावसायिक गतिविधि के रूप में संचालित हो रहे हैं। कई संचालक ब्रांड और पैकेज के आधार पर एक से अधिक पीजी चला रहे हैं।
