दिल्ली-NCR में सुबह से हो रही झमाझम बारिश, IMD का अगले तीन दिनों के लिए 'यलो अलर्ट'
राजधानी दिल्ली में लगातार तीसरे दिन भी झमाझम बारिश (Delhi Monsoon Update) हो रही है, जिससे तापमान में गिरावट आई ...और पढ़ें
-1783533729640_m.webp)
दिल्ली-एनसीआर में हो रही झमाझम बारिश जारी।
HighLights
दिल्ली में लगातार तीसरे दिन भी झमाझम बारिश।
तापमान में भारी गिरावट, मौसम हुआ सुहावना।
राजधानी में 10 महीने की सबसे स्वच्छ हवा दर्ज।
राज्य ब्यूरो, नई दिल्ली। राजधानी में मानसून (Delhi Monsoon) की दस्तक के चार दिन बाद ही सही, लेकिन तीन दिन की झमाझम वर्षा ने दिल्ली वासियों को सही मायनों में मानसून आने का एहसास करा दिया।
मंगलवार और बुधवार के बाद गुरुवार को भी शहर में सुबह से ही झमाझम वर्षा का दौर जारी है। बुधवार को दिन भर बादल छाए रहे। मौसम विभाग द्वारा आज यानी गुरुवार के लिए भी येलो अलर्ट के बीच ऐसा ही मौसम बने रहने का पूर्वानुमान है।
बुधवार को यूं तो रुक- रुककर वर्षा (Delhi NCR Rain) का दौर सुबह से शुरू हो गया था। लेकिन पूर्वाहन साढ़े 11 से दोपहर ढाई बजे के बीच सबसे ज्यादा वर्षा दर्ज की गई। सुबह साढ़े आठ से रात साढ़े आठ बजे के दौरान दिल्ली में कुल वर्षा 26.8 मिमी रिकार्ड की गई। नजफगढ़ में सर्वाधिक 38.0 मिमी वर्षा हुई।
आलम यह रहा कि पहले मौसम विभाग ने बुधवार के लिए यलो अलर्ट जारी किया था, लेकिन बाद में इसे आरेंज अलर्ट में तब्दील करना पड़ा। वहीं रिज क्षेत्र में एक से आठ जुलाई तक 79.1 मिमी वर्षा रिकार्ड की गई है, जो इसी अवधि के 31.2 मिमी के औसत से 154 प्रतिशत अधिक है।
बारिश के बाद तापमान में भी गिरावट
वर्षा के असर से तापमान में भी गिरावट देखने को मिली। बुधवार को दिल्ली का अधिकतम तापमान सामान्य से 5.8 डिग्री कम 30.8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ। यह एक दिन पहले के मुकाबले करीब सात डिग्री कम है। वहीं न्यूनतम तापमान सामान्य से 2.5 डिग्री कम 25.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि बृहस्पतिवार को भी दिन भर बादल छाए रहेंगे। यलो अलर्ट भी जारी है। वैसे अगले तीन दिन और दिल्ली में ऐसा ही मौसम बने रहने का पूर्वानुमान है। इस दौरान उमस और तापमान दोनों में कमी बनी रह सकती है।
अगले कई दिनों तक बारिश का पूर्वानुमान
स्काईमेट वेदर के महेश पलावत ने बताया कि मौजूदा वर्षा मानसून ट्रफ के उत्तर की ओर खिसकने के कारण हो रही है। मध्य भारत के ऊपर स्थित मौसमी ट्रफ धीरे-धीरे उत्तर की ओर हिमालय की तलहटी की ओर बढ़ रहा है। इसके दिल्ली में रुकने की संभावना नहीं है। वर्षा इसलिए हो रही है क्योंकि ट्रफ राष्ट्रीय राजधानी से होकर गुजर रहा है। यह वर्तमान में दक्षिण-पश्चिम उत्तर प्रदेश और दिल्ली के दक्षिणी हिस्सों के ऊपर है, इसलिए अगले कई दिनों तक वर्षा जारी रहेगी।
बुधवार को दिल्ली के विभिन्न इलाकों में हुई वर्षा (मिमी में)
| स्थान | वर्षा (मिमी) |
|---|---|
| सफदरजंग | 26.8 |
| पालम | 27.9 |
| लोधी रोड | 30.0 |
| आयानगर | 22.2 |
| पीतमपुरा | 1.0 |
| पूसा | 30.5 |
| मयूर विहार | 36.0 |
| नजफगढ़ | 38.0 |
| जाफरपुर | 3.0 |
| छत्तरपुर | 31.5 |
| जनकपुरी | 26.5 |
| नारायणा | 16.5 |
| झड़ौदा कलां | 32.5 |
दिल्ली ने ली 10 महीनों की सबसे स्वच्छ हवा में सांस
बुधवार को राजधानी में 10 महीनों की सबसे स्वच्छ हवा दर्ज की गई। शहर का औसत एक्यूआइ 59 रहा, जो 'संतोषजनक' श्रेणी में आता है। यह चार सितंबर 2025 के बाद सबसे कम है, तब यह 58 दर्ज हुआ था।
यह भी पढ़ें- दिल्ली सरकार ने जलभराव से निपटने के लिए तैनात की 200 टीमें, पानी भरने की निगरानी के लिए होगी 24 घंटे निगरानी
