विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

दिल्ली के विधायकों की सेहत का रखेंगे खास ख्याल, अब साल में 2 बार होगा हेल्थ चेकअप; स्पीकर ने लिया फैसला

Published: Wed, 21 Oct 2026 05:21 PM (IST)

दिल्ली विधानसभा के विधायकों का स्वास्थ्य परीक्षण अब साल में दो बार होगा, जिसका निर्णय स्पीकर विजेन्द्र गुप्ता की अध्यक्षता ...और पढ़ें

साल में दो बार होगा विधायकों का हेल्थ चेकअप। फोटो: आर्काइव

साल में दो बार होगा विधायकों का हेल्थ चेकअप। फोटो: आर्काइव

HighLights

  1. विधायकों का स्वास्थ्य परीक्षण अब साल में दो बार होगा।

  2. दिल्ली विधानसभा स्पीकर विजेन्द्र गुप्ता ने लिया यह अहम फैसला।

  3. संत परमानंद अस्पताल के सहयोग से 12-19 नवंबर को शिविर।

राज्य ब्यूरो, नई दिल्ली। दिल्ली विधानसभा के मौजूदा विधायकों का हेल्थ चेकअप अब वर्ष में दो बार, यानी हर छह महीने में कराया जाएगा। यह निर्णय आज दिल्ली विधानसभा अध्यक्ष विजेन्द्र गुप्ता की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में लिया गया।

इस पहल का उद्देश्य विधायकों के सेहत की नियमित निगरानी करना, संभावित स्वास्थ्य समस्याओं की समय रहते पहचान करना तथा उन्हें आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श और समय पर उपचार उपलब्ध कराना है।

बैठक में संत परमानंद अस्पताल के महाप्रबंधक तथा दिल्ली विधानसभा सचिवालय के वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित रहे। उल्लेखनीय है कि अध्यक्ष विजेन्द्र गुप्ता की पहल पर पिछले वर्ष विधायकों के लिए वार्षिक हेल्थ चेकअप की व्यवस्था शुरू की गई थी।

वर्ष में दो बार होगा हेल्थ चेकअप

बैठक के दौरान अध्यक्ष विजेन्द्र गुप्ता ने निर्देश दिए कि दिल्ली विधानसभा के सभी वर्तमान विधायकों का नियमित हेल्थ चेकअप वर्ष में दो बार कराया जाए।

इस व्यवस्था के माध्यम से उनके स्वास्थ्य की स्थिति का समय-समय पर आकलन किया जाएगा, ताकि संभावित बीमारियों की प्रारंभिक अवस्था में पहचान हो सके और आवश्यकता के अनुसार उचित चिकित्सकीय परामर्श एवं उपचार सुनिश्चित किया जा सके।

12 से 19 नवंबर तक लगेगा शिविर

इस संबंध में 12 से 19 नवंबर, 2026 तक संत परमानंद अस्पताल के सहयोग से स्वास्थ्य जांच शिविर आयोजित किया जाएगा। हेल्थ चेकअप की प्रक्रिया को व्यवस्थित एवं सुचारु रूप से संपन्न कराने के लिए जांच दो बैचों में की जाएगी।

पहले बैच का हेल्थ चेकअप प्रातः 8:30 बजे तथा दूसरे बैच का प्रातः 9:30 बजे शुरू होगा। इस व्यवस्था से निर्धारित समय-सारिणी के अनुसार सभी संबंधित विधायकों का हेल्थ चेकअप सुनिश्चित करने में सहायता मिलेगी।

गुप्ता ने कहा कि सार्वजनिक जीवन में सक्रिय जनप्रतिनिधियों की जिम्मेदारियां व्यापक होती हैं और उन्हें निरंतर जनसेवा में जुटे रहना पड़ता है। ऐसे में उनके स्वास्थ्य की नियमित निगरानी और समय पर चिकित्सकीय जांच अत्यंत महत्वपूर्ण है।

वर्ष में दो बार हेल्थ चेकअप की व्यवस्था से संभावित स्वास्थ्य जोखिमों की समय रहते पहचान करने, आवश्यक उपचार उपलब्ध कराने तथा भविष्य में स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं से बचाव के लिए उचित एहतियाती कदम उठाने में मदद मिलेगी।

दिल्ली विधानसभा सचिवालय द्वारा स्वास्थ्य जांच शिविर के सुचारु आयोजन तथा संबंधित चिकित्सा व्यवस्थाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए आवश्यक समन्वय किया जाएगा।

यह भी पढ़ें- दिल्ली-NCR में AQI 300 पार, GRAP-1 लागू; किन-किन चीजों पर बैन?