विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

दिल्ली में एमडीएमए सिंडिकेट का भंडाफोड़, चार तस्कर गिरफ्तार; करोड़ों की ड्रग्स जब्त

Published: Sun, 19 Apr 2026 05:49 PM (IST)

दिल्ली क्राइम ब्रांच की एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स ने एमडीएमए बेचने वाले एक बड़े सिंडिकेट का भंडाफोड़ किया है। चार ...और पढ़ें

दिल्ली क्राइम ब्रांच ने चार ड्रग्स तस्करों को किया गिरफ्तार।

दिल्ली क्राइम ब्रांच ने चार ड्रग्स तस्करों को किया गिरफ्तार।

HighLights

  1. क्राइम ब्रांच ने एमडीएमए बेचने वाले सिंडिकेट का भंडाफोड़ किया।

  2. चार ड्रग तस्कर गिरफ्तार, जिनमें दो नाइजीरियाई नागरिक शामिल।

  3. एक करोड़ रुपये मूल्य की 90 ग्राम एमडीएमए ड्रग्स जब्त।

जागरण संवाददाता, नई दिल्ली। नशा मुक्त भारत अभियान के तहत क्राइम ब्रांच की एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स ने एमडीएमए बेचने वाले एक सिंडिकेट का भंडाफोड़ कर चार ड्रग्स तस्करों को गिरफ्तार किया है। तस्करों में दो नाइजीरियाई शामिल हैं। उनमें एक आदतन अपराधी है जिसे पहले एनडीपीएस के एक मामले में पांच साल जेल की सजा काट चुका है।

इन सभी के पास से एक करोड़ रुपये मूल्य की 90 ग्राम एमडीएमए ड्रग्स जब्त की गई है। साथ ही 37,500 नकद, तीन तौल मशीनें और वितरण के लिए इस्तेमाल होने वाली पैकेजिंग सामग्री बरामद की गई है। ये लोग पुलिस से बचने के लिए पासवर्ड-आधारित एक्सेस सिस्टम और सीसीटीवी निगरानी का इस्तेमाल कर रहे थे।

एंटी-नारकोटिक्स टास्क फोर्स की टीम ने ध्वस्त की आपूर्ति शृंखला

संयुक्त आयुक्त धीरज कुमार का कहना है कि एंटी-नारकोटिक्स टास्क फोर्स की टीम ने पश्चिमी दिल्ली में सक्रिय नशीले पदार्थों की इस उच्च-मूल्य वाली आपूर्ति श्रृंखला को ध्वस्त कर दिया है। एसीपी कुलदीप सिंह यादव व इंस्पेक्टर शिव कुमार की टीम को छह अप्रैल को पता चला कि गुरमीत सिंह, मुकेश कुमार उर्फ विक्की के साथ मिलकर, गणेश नगर, तिलक नगर से एमडीएमए (क्रिस्टल के रूप में) की तस्करी कर रहा है।

पुलिस टीम ने जांच के बाद दोनों को वहां से पकड़ लिया। गुरमीत सिंह की निशानदेही पर एक अलमारी से 69 ग्राम एमडीएमए बरामद किया गया, जबकि मुकेश कुमार उर्फ विक्की के कब्ज़े से चार ग्राम एमडीएमए बरामद हुआ। इसके अलावा, 112 ज़िप-लाक पालीथीन बैग, तीन वज़न करने वाली मशीनें, पैकिंग का सामान और 37,500 नकद ज़ब्त किए गए। ये नशीले पदार्थों की तस्करी से कमाए गए पैसे थे।

नाइजीरियाई मैनकाबो डेविड को गिरफ्तार किया गया

इनसे पूछताछ में नौ अप्रैल को एक नाइजीरियाई मैनकाबो डेविड को गिरफ्तार किया गया, उसके कब्ज़े से 10.29 ग्राम एमडीएमए बरामद हुआ। जांच में उसकी भूमिका सप्लायर के रूप में सामने आई। जिसके बाद, गुरमीत की निशानदेही पर एक और नाइजीरियाई एमेका इमैनुएल को गिरफ्तार किया गया। उससे 7.12 ग्राम एमडीएमए बरामद किया गया। उसके ठिकाने से पुलिस ने तस्करी में इस्तेमाल वाहन और अवैध धंधे से जुड़े मोबाइल जब्त कर लिया गया।

जांच से पता चला कि यह सिंडिकेट बहुत ही संगठित और सुनियोजित तरीके से काम कर रहा था। दिल्ली-एनसीआर में इसके व्यापक संपर्क थे। गुरमीत इस ऑपरेशन का मुख्य साज़िशकर्ता बनकर उभरा। यह सिंडिकेट दो वर्षों से तिलक नगर स्थित गणेश नगर में किराए के फ्लैट से 'एस्कार्ट सर्विस' चला रहे थे, जिसका उपयोग उनकी अवैध गतिविधियों को छिपाने के लिए किया जा रहा था।

ग्राहकों को लगभग 2500 प्रति ग्राम की दर से बेचा जा रहा था

एमडीएमए की खरीद पीटर और दो अन्य सप्लायरों से 1200–1600 प्रति ग्राम की दर से की जा रही थी और बाद में इसे ग्राहकों को लगभग 2500 प्रति ग्राम की दर से बेचा जा रहा था।

गुरमीत सिंह, ओम विहार फेज-पांच, उत्तम नगर में परिवार के साथ रहता था। मुकेश कुमार उर्फ विक्की उत्तम नगर में परिवार के साथ रहता है। वह गुरमीत सिंह के साथ सक्रिय रूप से जुड़ा हुआ था और नशीले पदार्थों के वितरण में मदद करता था। मैनकाबो डेविड नवादा में रहता था वैसे वह लागोस, नाइजीरिया का रहने वाला है वह अपनी पत्नी के साथ दो सालों से भारत में, तिलक नगर इलाके में रह रहा था।

यह भी पढ़ें- दिल्ली के समयपुर बादली में 19 वर्षीय युवक की चाकू मारकर हत्या, पुलिस ने 6 नाबालिग को किया गिरफ्तार