विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

दिल्ली में सफाई को लेकर नया प्रयोग, कूड़े की ढुलाई के लिए पहली बार रेलवे वैगन का इस्तेमाल कर रहा MCD

Published: Sat, 04 Apr 2026 10:06 PM (IST)

एमसीडी ने दिल्ली में रेलवे ट्रैक की सफाई के लिए पहली बार रेलवे वैगनों का उपयोग किया है। अब तक ...और पढ़ें

शकूर बस्ती रेलवे स्टेशन से 10 वैगेन से कूड़ा ले जाया जा रहा है भलस्वा लैंडफील साइट। फोटो: एआई जनरेटेड

शकूर बस्ती रेलवे स्टेशन से 10 वैगेन से कूड़ा ले जाया जा रहा है भलस्वा लैंडफील साइट। फोटो: एआई जनरेटेड

HighLights

  1. एमसीडी ने पहली बार रेलवे वैगनों का उपयोग किया

  2. दो बार में 550 मीट्रिक टन कूड़ा हटाया गया

  3. संकरी पटरियों से कचरा हटाने में मिली मदद

नेमिष हेमंत, नई दिल्ली। आम तौर पर माल व यात्री ढुलाई में रेलवे वैगन या कोच का इस्तेमाल होता है। अब दिल्ली को स्वच्छ रखने के अभियान में पहली बार एमसीडी रेलवे वैगन का इस्तेमाल कर रही है।

दो बार में 550 मीट्रिक टन कूड़े की ढुलाई

उसके द्वारा अब तक दो बार में 550 मीट्रिक टन कूड़े की ढुलाई रेलवे वैगन से की जा चुकी है। गत रात्रि, रेलवे वैगन से करीब 300 मीट्रिक टन कूड़ा हटाया गया, जबकि पूर्व में 22 मार्च को ही एक ऐसे विशेष अभियान में 250 मीट्रिक टन कूड़ा हटाया गया था।

रेलवे ट्रैक किनारे पड़े कचरे को हटाने की कवायद

असल में यह पूरी कवायद रेलवे ट्रैक किनारे पड़े कूड़े को हटाने तथा ट्रैक को स्वच्छ करने को लेकर है। एमसीडी के एक अधिकारी ने बताया कि रेलवे वैगन पर कूड़ा लादकर भलस्वा लैंडफील साइट ले जाया जा रहा है।

railway wagan

दया बस्ती रेलवे स्टेशन क्षेत्र से रेलवे वैगन से हो रही है कूड़े की ढुलाई। फोटो: एमसीडी

दया बस्ती क्षेत्र में चला मध्यरात्रि स्वच्छता अभियान

शुक्रवार देर रात्रि तक एमसीडी के करोलबाग जोन अंतर्गत दया बस्ती क्षेत्र में रेलवे ट्रैक के किनारे पड़े पुराने कचरे को हटाने के लिए विशेष स्वच्छता अभियान चलाया गया।

इस सुव्यवस्थित और समन्वित मध्यरात्रि अभियान के दौरान लगभग 300 मीट्रिक टन कचरा सफलतापूर्वक हटाया गया। यह अभियान करोल बाग जोन के उपायुक्त दिलखुश मीणा के पर्यवेक्षण में चलाया गया, जो स्वयं स्थल पर उपस्थित रहे और कार्य की सुचारु एवं समयबद्ध पूर्णता सुनिश्चित की।

रेलवे विभाग का भी मिला सहयोग

विशेष बात कि एमसीडी ने इसके लिए रेलवे विभाग के साथ समन्वय स्थापित किया, जिसने इस कार्य के सफल संचालन के लिए पूर्ण सहयोग और आवश्यक ढुलाई सहायता मिली।

संकरी जगह के कारण लिया गया वैगन का सहारा

एमसीडी अधिकारी ने बताया कि ट्रैक किनारे की जगह इतनी संकरी है कि वहां टीपर या कोई अन्य कूड़ा उठाने का वाहन नहीं जा सकता है। इसलिए रेलवे से विशेष वैगेन का अनुरोध किया गया। कूड़ा उठाने के लिए रेलवे ने 10 वैगेन उपलब्ध कराए। वैगन को शकूर बस्ती रेलवे स्टेशन पर भरा जा रहा है। फिर उसे भलस्वा लैंडफिल साइट पर खाली किया जा रहा है।

नई दिल्ली स्टेशन के आसपास भी चला अभियान

शुक्रवार रात्रि अभियान के बाद शनिवार सुबह भी विशेष स्वच्छता अभियान चलाया गया, जो नई दिल्ली रेलवे स्टेशन (पहाड़गंज गेट संख्या एक) से शुरू होकर रामकृष्ण आश्रम मार्ग और शीला सिनेमा तक के मार्गों पर संचालित किया गया।

3750 मीट्रिक टन कूड़ा हटाया जा चुका

इस दौरान इन मार्गों पर दिखाई देने वाला समस्त कचरा हटाया गया, जिससे क्षेत्र में स्वच्छता की स्थिति में उल्लेखनीय सुधार हुआ। अब तक रेलवे ट्रैक के सफाई अभियान के तहत एमसीडी द्वारा 3750 मीट्रिक टन कूड़ा हटाया जा चुका है।

यह भी पढ़ें- पूर्वी दिल्ली के आयानगर में बंद फ्लैट से 4 करोड़ की चोरी, सीसीटीवी कैमरे के डीवीआर भी ले उड़े चोर