विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

एमसीडी ने उतारीं 1000 नई पिकर मशीनें, महिला ड्राइवर संभालेंगी दिल्ली की सफाई की कमान

By Rais Rais Edited By: Sachin Jha
Published: Sun, 18 Oct 2026 08:10 AM (IST)

दिल्ली नगर निगम ने सड़कों और सार्वजनिक स्थानों की सफाई के लिए पहली बार 1000 मैकेनिकल लिटर पिकर्स तैनात किए ...और पढ़ें

एमसीडी ने उतारीं 1000 नई पिकर मशीनें ( फोटो स्रोत : जागरण )

एमसीडी ने उतारीं 1000 नई पिकर मशीनें ( फोटो स्रोत : जागरण )

HighLights

  1. दिल्ली में 1000 मैकेनिकल लिटर पिकर्स की तैनाती शुरू।

  2. सफाई वाहनों के संचालन हेतु 35 महिला ड्राइवर नियुक्त।

  3. दिल्ली में कूड़ा प्रबंधन की दीर्घकालिक योजना पर काम।

जागरण संवाददाता, दक्षिणी दिल्ली। दिल्ली नगर निगम के सभी 250 वार्डों में सड़कों और सार्वजनिक स्थानों पर कूड़े को उठाने के लिए पहली बार 1000 मैकेनिकल लिटर पिकर्स की तैनाती की जा रही है।

प्रथम चरण के तहत सरिता विहार के एम ब्लाक स्थित फिक्स्ड कम्पैक्टर ट्रांसफर स्टेशन (एफसीटीएस) प्लांट में शनिवार को मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने 50 मशीनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। साथ ही घरों से कूड़ा संग्रहण और उसके परिवहन के लिए नए वाहनों को भी रवाना किया।

महिला ड्राइवरों को नियुक्त किया गया

विशेष बात ये रही कि सफाई वाहनों के संचालन के लिए 35 महिला ड्राइवरों को भी नियुक्त किया गया है। यह पहल सफाई व्यवस्था को मजबूत करने के साथ-साथ महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने की दिशा में भी एक अहम कदम है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि दिल्ली की सबसे बड़ी चुनौतियों में सफाई व्यवस्था और कूड़े का उचित प्रबंधन प्रमुख हैं। सरकार दीर्घकालिक योजना के तहत काम कर रही है, ताकि आने वाले 15 से 30 वर्षों में भी दिल्लीवासियों को कूड़े के प्रबंधन से जुड़ी समस्याओं का सामना न करना पड़े।

उन्होंने कहा कि नए वेस्ट-टू-एनर्जी प्लांट लगाने, मौजूदा प्लांटों की क्षमता बढ़ाने, ई-वेस्ट सेंटर स्थापित करने और गाय के गोबर के प्रबंधन के लिए बायोगैस प्लांट लगाने की दिशा में भी काम किया जा रहा है। मेयर प्रवेश वाही ने कहा कि निगम का लक्ष्य ठोस अपशिष्ट प्रबंधन व्यवस्था को अधिक प्रभावी, नियमित और जवाबदेह बनाना है।

इस दौरान केंद्रीय राज्य मंत्री हर्ष मल्होत्रा, डिप्टी मेयर डा. मोनिका पंत, स्थायी समिति की अध्यक्ष सत्या शर्मा, निगम में नेता सदन जय भगवान यादव, स्थायी समिति के उपाध्यक्ष सत्यपाल सिंह, निगमायुक्त संजीव खिरवार आदि रहे।

आधुनिक मशीनों से मजबूत होगी सफाई व्यवस्था

दक्षिण-पूर्वी जोन में सफाई व्यवस्था को मजबूत करने के लिए 428 आटो टिपर, 128 ई-रिक्शा, डोर-टू-डोर कूड़ा संग्रहण के लिए 25 टाटा 407 वाहन, 27 रिफ्यूज काम्पैक्टर, पांच अतिरिक्त रिफ्यूज काम्पैक्टर, 30 हुक लोडर व 100 काम्पैक्टर बिन उपलब्ध हैं।

स्वच्छता संबंधी आधारभूत सुविधाओं को मजबूत करने के लिए 1500 स्टील कूड़ेदान, 300 एचडीपीई कूड़ेदान और बागवानी कचरे के परिवहन के लिए 10 टिपर ट्रक भी उपलब्ध कराए गए हैं। वहीं निगम को 1000 बैटरी चालित पिकर मशीनें उपलब्ध कराई जा रही हैं।

इनमें से 150 मशीनें आ चुकी हैं। इन मशीनों से सड़कों और सार्वजनिक स्थानों पर बिखरे छोटे कूड़े को उठाने एवं वैक्यूम क्लीनिंग में मदद मिलेगी।

यह भी पढ़ें- दिल्ली एमसीडी में बड़ा प्रशासनिक बदलाव, ममता यादव बनीं नई उपायुक्त