विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

इंस्टा एड के जरिए क्रिप्टो में मोटा मुनाफा कमाने के फेर में दिल्ली के राहुल ने गंवाए 55 लाख, 4 राज्यों तक फैला गिरोह

By Dhananjai MishraEdited By: Pooja Tripathi
Published: Thu, 19 Nov 2026 04:06 PM (IST)

दक्षिणी दिल्ली में एक व्यक्ति को क्रिप्टोकरेंसी में निवेश का लालच देकर साइबर ठगों ने 55 लाख रुपये ठग लिए। ...और पढ़ें

News Article Hero Image

HighLights

  1. क्रिप्टोकरेंसी निवेश के नाम पर 55 लाख रुपये की ठगी।

  2. इंस्टाग्राम विज्ञापन और ट्रस्ट वॉलेट एक्सेस का इस्तेमाल किया।

  3. पुलिस ने पांच साइबर ठगों को किया गिरफ्तार।

जागरण संवाददाता, दक्षिणी दिल्ली। क्रिप्टोकरेंसी में निवेश कर मोटा मुनाफा कमाने का लालच देकर साइबर ठगों ने एक व्यक्ति से 55 लाख रुपये ठग लिए। आरोपितों ने पहले इंस्टाग्राम पर विज्ञापन के जरिए पीड़ित से संपर्क किया।

फिर अलग-अलग मोबाइल नंबर और विदेशी व्हाट्सएप खातों के माध्यम से उसे अपने जाल में फंसाया। भरोसा जीतने के लिए आरोपितों ने पीड़ित से आमने-सामने मुलाकात की और उसके मोबाइल में मौजूद ट्रस्ट वॉलेट का एक्सेस हासिल कर लिया।

इसके बाद नकदी लेकर उसके वॉलेट में यूएसडीटी (क्रिप्टोकरेंसी) भेजी और कुछ ही मिनटों में पूरी रकम निकाल ली। दक्षिण-पूर्वी जिला पुलिस के स्पेशल स्टाफ ने मामले का पर्दाफाश करते हुए पांच आरोपितों को गिरफ्तार किया है।

ठगी के लिए चार स्तर पर किया काम

पुलिस के अनुसार, आरोपितों ने ठगी के लिए चार स्तरों पर काम किया। पहले इंस्टाग्राम पर विज्ञापन के जरिए निवेशकों को तलाशा जाता था। इसके बाद टेलीग्राम समूह के माध्यम से हासिल किए गए सिम कार्ड और विदेशी व्हाट्सएप खातों से संपर्क किया जाता था।

तीसरे चरण में गिरोह के सदस्य पीड़ित से व्यक्तिगत मुलाकात कर उसका भरोसा जीतते और उसके ट्रस्ट वॉलेट का एक्सेस हासिल करते थे। आखिरी चरण में नकदी लेकर यूएसडीटी वॉलेट में भेजी जाती थी और फिर पहले से हासिल एक्सेस का दुरुपयोग कर क्रिप्टोकरेंसी निकाल ली जाती थी।

पुलिस के मुताबिक, पीड़ित राहुल की मुलाकात इंस्टाग्राम पर कृष्णा अग्रवाल नाम से विज्ञापन चलाने वाले व्यक्ति से हुई थी। आरोपित रितिक चावला इसी नाम से अपनी पहचान छिपाकर पीड़ित को क्रिप्टोकरेंसी में निवेश के लिए प्रेरित कर रहा था। उसने दूसरे व्यक्ति के ट्रस्ट वॉलेट के स्क्रीनशॉट दिखाकर उसमें यूएसडीटी उपलब्ध होने और निवेश पर अच्छा मुनाफा मिलने का भरोसा दिलाया।

आरोपियों ने भरोसा दिलाने को खाते में भेजे 10 यूएस डॉलर

इसके बाद गिरोह के सदस्यों ने पीड़ित से मुलाकात की। इस दौरान उसके ट्रस्ट वॉलेट का एक्सेस हासिल किया गया। भरोसा जीतने के लिए आरोपितों ने उसके वॉलेट में 10 यूएसडीटी भी भेजे। तीन अक्टूबर को पीड़ित ने 36 लाख रुपये नकद देकर 36 हजार यूएसडीटी खरीदे।

आरोपितों ने इस सौदे में करीब डेढ़ लाख रुपये का नुकसान उठाया, ताकि पीड़ित को उन पर पूरा भरोसा हो जाए। इसके अगले दिन चार अक्टूबर को पीड़ित 55 लाख रुपये लेकर दोबारा अमर कॉलोनी पहुंचा। आरोपितों ने उसके ट्रस्ट वॉलेट में 55 हजार यूएसडीटी भेजे और बदले में नकदी ले ली।

हालांकि, कुछ ही मिनटों बाद पहले से हासिल वॉलेट एक्सेस का इस्तेमाल कर आरोपितों ने पूरी क्रिप्टोकरेंसी निकाल ली। इसके बाद दो आरोपित स्कूटी से 55 लाख रुपये लेकर फरार हो गए। बाद में उन्होंने यह रकम बुराड़ी में गिरोह के सरगना रितिक को सौंप दी।

हर सदस्य की अलग थी भूमिका

जांच में सामने आया कि गिरोह में प्रत्येक सदस्य की अलग भूमिका थी। पुलिस ने रितिक चावला, गौरव राणा, अमन, ओमप्रकाश और सौरभ उर्फ छोटू को गिरफ्तार किया है।

पुलिस के अनुसार, गौरव राणा गिरोह का सरगना था और अन्य सदस्यों के साथ मिलकर पूरी साजिश को अंजाम दे रहा था। रितिक चावला इंस्टाग्राम पर कृष्णा अग्रवाल की पहचान से पीड़ित को निवेश के लिए फंसाता था।

वहीं, ओमप्रकाश सिम कार्ड उपलब्ध कराता था। अमन इन सिम कार्ड को आगे गौरव राणा तक पहुंचाता था। सौरभ उर्फ छोटू अपने साथियों के साथ पीड़ित से नकदी लेने पहुंचा था। गिरोह के सदस्य अमर कॉलोनी इलाके में एयरबीएनबी आवास में भी ठहरे थे, जहां संभावित शिकार से मुलाकात और आगे की गतिविधियों की योजना बनाई जाती थी।

16 मोबाइल, 11 सिम कार्ड और तीन लाख रुपये बरामद

पुलिस ने आरोपितों के कब्जे से 16 मोबाइल फोन, 11 सिम कार्ड, तीन नए सिम कार्ड लिफाफे, एक खाली सिम कार्ड लिफाफा, वारदात में इस्तेमाल स्कूटी और तीन लाख रुपये बरामद किए हैं। गिरफ्तार आरोपितों के कब्जे से तीन सिम कार्ड ऐसे भी मिले हैं, जिनका इस्तेमाल वारदात में किया गया था।

अमर कॉलोनी थाने में चार अक्टूबर को धोखाधड़ी की धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की गई थी। स्पेशल स्टाफ के निरीक्षक राजेंद्र सिंह डागर के नेतृत्व में गठित टीम ने सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी निगरानी और स्थानीय सूचना के आधार पर आरोपितों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।