दिल्ली में युवक को बंधक बनाया: डेबिट-क्रेडिट कार्ड से 6 लाख की खरीदारी, 35 लाख का लोन लिया; छह गिरफ्तार
नेब सराय में एक मल्टीनेशनल कंपनी के कर्मचारी को बंधक बनाकर उसके डेबिट-क्रेडिट कार्ड से छह लाख की खरीदारी कराई ...और पढ़ें

दिल्ली में युवक को बंधक बनाकर उसके क्रेडिट-डेबिट कार्ड से 35 लाख का लोन पास कराया। (एआई जेनरेटेड)
HighLights
मल्टीनेशनल कंपनी के युवक को बंधक बनाकर फिरौती मांगी।
डेबिट-क्रेडिट कार्ड से छह लाख की खरीदारी, 35 लाख का लोन।
पुलिस ने मथुरा से पीड़ित को बचाया, महिला समेत छह गिरफ्तार।
जागरण संवाददाता, दक्षिणी दिल्ली। नेब सराय थाना क्षेत्र से मल्टी नेशनल कंपनी में जाब करने वाले युवक को बंधक बनाकर घर वालों से 70 लाख की फिरौती मामले में पुलिस ने महिला समेत छह आरोपितों को गिरफ्तार किया है। आरोपित महिला इंदु उर्फ रिया उर्फ लिसा शर्मा ने पीड़ित से ऑनलाइन एप पर संपर्क किया।
घर का सामान खरीदने में मदद के बहाने बातचीत शुरू की। मिलने के लिए 20 अगस्त को दिल्ली बुलाया और नेब सराय में अपने फ्लैट पर ले गई, जहां पहले से मौजूद उसके साथियों ने मारपीट कर युवक को बंधक बना लिया। परिवार से फिरौती मांगने पर जब पुलिस में शिकायत हुई तो उसे कार में लेकर चार दिनों तक दिल्ली, आगरा और मथुरा में 1500 किलोमीटर तक घूमते रहे।
उसके डेबिट-क्रेडिट कार्ड और यूपीआइ से लगभग चार लाख के गहने और दो लाख के ब्रांडेड कपड़े खरीद डाले। साथ ही 35 लाख रुपये का लोन करा लिया। हालांकि स्वीकृत राशि, जो अगले 24 घंटे बाद जारी होनी थी, उससे पहले ही पुलिस ने पीड़ित को मथुरा से सकुशल बचाते हुए खाते फ्रीज करा दिए। मामले में मुख्य आरोपित जितेंद्र यादव उर्फ जीतू व इंदु समेत सभी आरोपितों को दबोच लिया।
पुलिस सूत्रों के मुताबिक आरोपित जितेंद्र लग्जरी लाइफ जीता है। उसका गिरोह मथुरा से दिल्ली रूट पर ट्रेनों में चोरी की वारदात को अंजाम देता था। नेब सराय में भी उसने दो मकान हैं। महिपालपुर के एक होटल में उसने पिछले दो महीने से दो रूम बुक करा रखे हैं। पीड़ित युवक पवनदीप जोशी को बंधक बनाने के बाद आरोपित टाटा हैरियर कार से उसे लेकर सबसे पहले यहीं आए।
लगभग दो लाख तक के ब्रांडेड कपड़े खरीदे
उसके बाद मथुरा ले गए। मथुरा, आगरा और फिर दिल्ली में 20 से 23 अगस्त तक घूमते हुए पीड़ित के यूपीआई, डेबिट व क्रेडिट कार्ड से 10 ग्राम का सोने का पेंडेंट, 15 ग्राम का सोने की चेन और लगभग दो लाख तक के ब्रांडेड कपड़े खरीदे। पीड़ित के स्वजन से 70 लाख रुपये की फिरौती भी मांगी।
22 अगस्त को उसके जयपुर निवासी भाई ने शिकायत की। केस दर्ज कर पुलिस जांच में जुटी तो लोकेशन मथुरा के एक होटल में मिली। 23 अगस्त को पुलिस ने छापेमारी की। पीड़ित को तो सकुशल बरामद कर लिया, पर आरोपित वहां से भाग निकले।
जांच में पता चला कि आरोपितों ने 23 अगस्त को ही उसके डेबिट-क्रेडिट कार्ड से 35 लाख रुपये का लोन भी स्वीकृत करा लिया था। लोन की राशि पीड़ित को खाते में क्रेडिट होनी थी। डेबिट-क्रेडिट कार्ड, यूपीआई पिन और फोन आदि आरोपितों के पास ही थे। ऐसे में पुलिस ने बैंक से संपर्क कर खाता फ्रीज कराते हुए लोन कैंसिल कराया।
इस तरह पुलिस की गिरफ्त में आए आरोपित
दक्षिणी जिला पुलिस उपायुक्त अनंत मित्तल के मुताबिक 30 अगस्त को उक्त टाटा हैरियर कार की लोकेशन महिपालपुर में मिली। टीम ने पीछा कर कार को रेडिसन होटल के पास रोका और मुख्य आरोपित जितेंद्र यादव उर्फ जीतू और इंदु उर्फ रिया उर्फ लिसा शर्मा को गिरफ्तार कर लिया।
जितेंद्र पर पहले से पांच आपराधिक मामले दर्ज हैं। दोनों की निशानदेही पर टीम ने सह-आरोपित भानु प्रताप, अज्जू सरकार, राहुल उर्फ बिजेंद्र और नवीन उर्फ चिंटू को दिल्ली और पलवल से गिरफ्तार किया।
अपराध में प्रयुक्त कार जब्त करते हुए आरोपितों के पास से दो खिलौना पिस्तौल, एक चाकू, सोने का पेंडेंट (10 ग्राम), सोने की चेन (15 ग्राम), पीड़ित के क्रेडिट कार्ड से खरीदे गए कपड़े, पीड़ित मोबाइल फोन, दो क्रेडिट कार्ड, डेबिट कार्ड, पैन कार्ड, आरसी और ड्राइविंग लाइसेंस बरामद किया। आरोपितों के मोबाइल फोन में पीड़ित से मारपीट के वीडियो भी मिले हैं। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।
