LG संधू ने दिल्ली कैबिनेट से की मुलाकात, 'ग्लोबल कैपिटल' बनाने पर हुई गहन चर्चा
नवनियुक्त दिल्ली उपराज्यपाल तरनजीत सिंह संधू ने मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता और कैबिनेट मंत्रियों से मुलाकात की। बैठक में 'विकसित भारत' के तहत दिल्ली की योजनाओं पर चर्चा हुई।
-1773763955162_m.webp)
अपने कैबिनेट सहयोगियों के साथ लोकनिवास में उपराज्यपाल तरनजीत सिंह संधू से शिष्टाचार भेंट करती मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता। सौजन्य:दिल्ली सरकार
राज्य ब्यूरो, नई दिल्ली। दिल्ली के नवनियुक्त उपराज्यपाल (एलजी) तरनजीत सिंह संधू ने सोमवार को लोक निवास में मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता और उनके मंत्रिमंडल सहयोगियों के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक की। इस बैठक में दिल्ली सरकार द्वारा केंद्र के ''विकसित भारत'' विजन को पूरा करने के लिए चलाई जा रही विभिन्न योजनाओं और पहलों पर चर्चा की गई।
लोक निवास द्वारा इंटरनेट मीडिया प्लेटफार्म एक्स पर साझा की गई जानकारी के अनुसार, उपराज्यपाल ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विजन के अनुरूप दिल्ली को एक ''ग्लोबल कैपिटल'' (वैश्विक राजधानी) के रूप में विकसित करने के अवसरों और चुनौतियों पर जोर दिया।
प्रशासनिक कामकाज की समीक्षा
कैबिनेट के अलावा, एलजी संधू ने मुख्य सचिव राजीव शर्मा सहित दिल्ली सरकार के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ भी बैठक की। इस दौरान उन्होंने दिल्ली से जुड़े प्रमुख शासन और प्रशासनिक मामलों की समीक्षा की। कार्यभार संभालने के एक सप्ताह के भीतर ही उपराज्यपाल लगातार विभिन्न विभागों के शीर्ष अधिकारियों के साथ बैठकें कर विकास कार्यों की गति परख रहे हैं।
सुरक्षा व्यवस्था पर जोर
उपराज्यपाल ने दिल्ली पुलिस आयुक्त और विशेष आयुक्तों के साथ भी मुलाकात की। उन्होंने राष्ट्रीय राजधानी में पुलिसिंग की चुनौतियों को स्वीकार करते हुए उनके प्रयासों की सराहना की। संधू ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि दिल्ली की गरिमा और सुरक्षा को और मजबूत किया जाए। शहर के ''नेशनल कैपिटल'' स्टेटस के अनुरूप सुरक्षा व्यवस्था को और बेहतर बनाया जाए।
तकनीक और नवाचार का विजन
इसी क्रम में, उपराज्यपाल ने नासकोम ग्लोबल कान्फ्लुएंस 2026 में ''राष्ट्र निर्माण में तकनीक की भूमिका'' पर मुख्य भाषण दिया। उन्होंने भविष्य के लिए तैयार भारत के निर्माण में नवाचार, डिजिटल इंफ्रास्ट्रक्चर और जिम्मेदार तकनीक की परिवर्तनकारी शक्ति पर बल दिया।
